Vande Bharat: पीएम मोदी ने देश की पहली 'वंदे भारत' स्लीपर ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, बोले- 'बंगाल की प्रगति को गति देने का अभियान और तेज हुआ'

Vande Bharat Sleeper Train: प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मालदा दौरे के दौरान टाउन रेलवे स्टेशन से हावड़ा–गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलने वाली देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने गुवाहाटी (कामाख्या)–हावड़ा वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को वर्चुअल माध्यम से भी रवाना किया

अपडेटेड Jan 17, 2026 पर 3:11 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Vande Bharat Sleeper Train: भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन आज से चालू हो गई है

Vande Bharat Sleeper Train: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (17 जनवरी) को पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन स्टेशन से हावड़ा और गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलने वाली भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही, उन्होंने यहां से गुवाहाटी-हावड़ा वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की वापसी को डिजिटल रूप से हरी झंडी भी दिखाई। इस मौके पर, प्रधानमंत्री ने ट्रेन के अंदर बच्चों और स्कूल छात्रों से भी बातचीत की।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में 3,250 करोड़ रुपये से अधिक के रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने उत्तर बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार को भारत के अन्य हिस्सों से जोड़ने वालीं चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने एक बयान में कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को आधुनिक भारत की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। यह ट्रेन पूरी तरह से एयर-कंडीशन्ड होगी। इसमें यात्रियों को कम दाम में फ्लाइट जैसा यात्रा अनुभव” मिलेगा। बयान में कहा गया, "यह ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगी।"


PM मोदी ने बताया कि इसके अलावा, हावड़ा-गुवाहाटी मार्ग पर यात्रा समय में 2.5 घंटे की महत्वपूर्ण कमी आएगी। इससे धार्मिक यात्रा और पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा। इसके बाद, पीएम मोदी मालदा में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए जाएंगे, जहां वह 3,250 करोड़ रुपये की रेल और सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

प्रधानमंत्री उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बंगाल और पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी को मजबूत करना और विकास को तेज करना है। प्रधानमंत्री मोदी पूर्वी भारत के दो दिन के दौरे पर हैं। इसमें वह पश्चिम बंगाल और असम में चुनावी प्रचार के साथ-साथ विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

PM मोदी के संबोधन की बड़ी बातें

इस दौरान अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, "आज मालदा से पश्चिम बंगाल की प्रगति को गति देने का अभियान और तेज हुआ है। कुछ ही देर पहले, पश्चिम बंगाल के विकास से जुड़े अनेक प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। नई रेल सेवाएं पश्चिम बंगाल को मिली हैं। इन प्रोजेक्ट्स से यहां के लोगों के लिए यात्राएं आसान होंगी और व्यापार-कारोबार भी आसान बनेगा। यहां ट्रैक मेंटेनेंस से जुड़ी जो नई सुविधाएं बनी हैं, उनसे यहां के नौजवानों के लिए नए अवसर बनेंगे।"

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "बंगाल की इस पावन भूमि से आज भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की तरफ एक और बड़ा कदम उठाया गया है। आज से भारत में वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों की शुरुआत हो रही है। ये वंदे भारत स्लीपर ट्रेन देशवासियों के लंबे सफर को और आरामदायक, शानदार और यादगार बनाएंगी।"

पीएम मोदी ने कहा, "देश की ये पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, मां काली की धरती को मां कामाख्या की भूमि को जोड़ रही है। आने वाले समय में पूरे देश में, इस आधुनिक ट्रेन का विस्तार होगा। मैं बंगाल को, असम को, पूरे देश को इस आधुनिक स्लीपर ट्रेन के लिए बधाई देता हूं।"

प्रधानमंत्री ने कहा- 'आज बंगाल को चार और आधुनिक, अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें मिली हैं। न्यू जलपाईगुड़ी- नागरकोइल अमृत भारत एक्सप्रेस...न्यू जलपाईगुड़ी-तिरुच्चिरापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस... अलीपुर द्वार-बेंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस....अलीपुर द्वार-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस...इससे बंगाल और खासतौर पर उत्तर बंगाल की दक्षिण और पश्चिम भारत से कनेक्टिविटी और सशक्त होगी।"

ये भी पढ़ें- Viral Video: 'खूबसूरत लड़की आदमी का ध्यान भटका सकती है'; कांग्रेस विधायक के विवादित 'रेप थ्योरी' पर घमासान, BJP ने बताया शर्मनाक

PM ने कहा, "आज भारतीय रेल आधुनिक होने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भी हो रही है। भारत के रेल इंजन, भारत के रेल के डिब्बे, भारत के मेट्रो कोच, ये सब भारत की टेक्नोलॉजी की पहचान बन रहे हैं। आज हम अमेरिका और यूरोप से ज्यादा लोकोमोटिव्स बना रहे हैं। दुनिया के कई देशों को पैसेंजर ट्रेन और मेट्रो ट्रेन के कोच एक्सपोर्ट करते हैं। इन सब के कारण हमारी इकोनॉमी को बहुत लाभ मिलता है और हमारे नौजवानों को बहुत रोजगार मिलता है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।