Video: 'मेरी ड्यूटी खत्म हो गई'! पायलट ने मुंबई से थाईलैंड जाने वाली इंडिगो फ्लाइट उड़ाने से किया इनकार, मची अफरा-तफरी!

इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें विमान के अंदर अफरा-तफरी का माहौल साफ देखा जा सकता है। वीडियो में कुछ यात्री केबिन क्रू से तीखी बहस करते नजर आए। यात्रियों का आरोप था कि पायलट ने यह कहकर उड़ान से मना कर दिया कि उनकी ड्यूटी का समय पूरा हो चुका है

अपडेटेड Jan 16, 2026 पर 8:34 PM
Story continues below Advertisement
पायलट ने मुंबई से थाईलैंड जाने वाली इंडिगो फ्लाइट उड़ाने से किया इनकार, मची अफरा-तफरी!

मुंबई से थाईलैंड के खूबसूरत टूरिस्ट प्लेस क्राबी जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पायलट ने फ्लाइट उड़ाने से इनकार कर दिया। वजह थी- पायलट की ड्यूटी खत्म हो जाना। इंडिगो की फ्लाइट 6E 1085 को सुबह 4:05 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन विमान तय समय पर उड़ नहीं सका। मिनट घंटों में बदले और यात्री करीब तीन घंटे से ज्यादा तक विमान के अंदर इंतजार करते रहे। जैसे-जैसे देरी बढ़ी, यात्रियों का सब्र टूटने लगा।

इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें विमान के अंदर अफरा-तफरी का माहौल साफ देखा जा सकता है। वीडियो में कुछ यात्री केबिन क्रू से तीखी बहस करते नजर आए। यात्रियों का आरोप था कि पायलट ने यह कहकर उड़ान से मना कर दिया कि उनकी ड्यूटी का समय पूरा हो चुका है।


एक गुस्साए यात्री को चिल्लाते हुए सुना गया, “हमारी प्लानिंग का क्या?” वहीं एक और यात्री ने आपा खोते हुए बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। वीडियो में यह भी दिखा कि एक यात्री ने विमान के एग्जिट डोर पर लात मार दी।

इंडिगो ने जारी किया बयान

घटना के बाद इंडिगो ने बयान जारी कर बताया कि फ्लाइट में देरी कई कारणों से हुई, जिनमें विमान का देर से पहुंचना, एयर ट्रैफिक की भीड़ और क्रू का ड्यूटी समय पूरा होना शामिल है।

एयरलाइन के मुताबिक, इंतज़ार के दौरान दो यात्रियों ने अनुचित व्यवहार किया, जिसके चलते उन्हें “अनरूली पैसेंजर” घोषित कर विमान से उतार दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया गया।

इंडिगो ने यह भी कहा कि यात्रियों को इंतजार के दौरान कई बार खाना और रिफ्रेशमेंट दिया गया, ताकि उन्हें परेशानी कम हो। हालांकि, इस पूरी प्रक्रिया के कारण फ्लाइट और ज्यादा देर से रवाना हो सकी।

आखिरकार, जो फ्लाइट सुबह 10 बजे क्राबी पहुंचने वाली थी, वो करीब 1 बजे दोपहर वहां पहुंची।

एयरलाइन ने यात्रियों से हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि वह सभी के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

डायरी में दरिंदगी की खौफनाक कहानी, रिश्तेदार का पर्दाफाश! दिल्ली में रेप और हत्या के मामले में बड़ा खुलासा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।