TVK Vijay Astrologer Prediction: एक्टर विजय की पार्टी TVK ने तमिलनाडु की राजनीति में सुनामी ला दी है। अब तक के रुझानों में उनकी पार्टी जबरदस्त बढ़त में है। इसी बीच TVK प्रमुख विजय के घर से आई एक तस्वीर ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। मतगणना के बीच, विजय के ज्योतिषी उनसे मिलने उनके आवास पर पहुंचे, जिसके बाद उनकी जीत और भविष्य की राजनीति को लेकर कयासों का बाजार गर्म हो गया है।
शुरुआती रुझानों में TVK की शानदार बढ़त के बीच विजय के ज्योतिषी का उनके घर जाना महज एक शिष्टाचार भेंट नहीं मानी जा रही है। ज्योतिषी एक फूलों का गुलदस्ता लेकर पहुंचे, जिसे विजय की संभावित जीत के अग्रिम जश्न के रूप में देखा जा रहा है। जैसे ही यह खबर फैली, प्रशंसकों ने इसे 'विजय की जीत तय' मानकर शेयर करना शुरू कर दिया है।
तमिलनाडु के रुझानों में TVK का जलवा
अभिनेता से नेता बने थलपति विजय की पार्टी तमिलनाडु वेत्री कड़गम (TVK) अपने पहले ही चुनाव में राज्य के राजनीतिक समीकरणों को बदलती नजर आ रही है। शुरुआती रुझानों के अनुसार, राज्य की 234 सीटों में से विजय की पार्टी 100 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जो उनके फिल्मी करियर जैसी ही ब्लॉकबस्टर शुरुआत की ओर इशारा कर रही है। वर्तमान रुझान दिखाते हैं कि TVK 100 सीटों तक पहुंच गई है, जबकि विपक्षी AIADMK 74 और सत्ताधारी DMK 61 सीटों पर आगे चल रही है।
'किंगमेकर' या 'किंग'? क्या बनेंगे विजय
राज्य में बहुमत का आंकड़ा 118 है और मौजूदा रुझानों को देखते हुए तमिलनाडु एक त्रिशंकु विधानसभा की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। विजय ने यह चुनाव बिना किसी गठबंधन के अकेले लड़ा है, जिससे उनके पास अब बड़ी सौदेबाजी की शक्ति आ गई है। अगर TVK सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती है, तो विजय मुख्यमंत्री पद के लिए अपना दावा मजबूती से पेश कर सकते हैं।
इस बीच TVK प्रवक्ता फेलिक्स जेरार्ड ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा है कि विजय ही बिना किसी संदेह के अगले मुख्यमंत्री होंगे और पार्टी को सरकार बनाने के लिए किसी गठबंधन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। अब अंतिम परिणाम ही तय करेंगे कि राज्य में अगली सरकार का चेहरा कौन होगा।