Tamilnadu Election Result 2026: अभिनेता से राजनेता विजय के लंबे समय से ड्राइवर और सहयोगी रहे राजेंद्रन के 30 वर्षीय बेटे आर. सबरीनाथन ने विधानसभा चुनावों में चेन्नई की चर्चित विरुगमपक्कम सीट जीत ली है। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के आंकड़ों के अनुसार, सबरीनाथन ने DMK के मौजूदा विधायक प्रभाकर राजा को 27,086 वोटों के अंतर से मात दी। जीत दर्ज करने के बाद आर. सबरीनाथन ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं। DMK का अंत हो गया है।" इस जीत ने तमिलनाडु के चुनावी मैदान में तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) की बढ़ती मौजूदगी को और मजबूत किया है।
राजेंद्रन, विजय के साथ उनकी पहली फिल्म 'नालैया थीरपु' के समय से ही जुड़े हैं। वह तब से उनके चालक एवं निजी सहायक के रूप में काम कर रहे हैं। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सबरीनाथन उस वक्त सबसे चर्चित उम्मीदवारों में से एक बनकर उभरे, जब मंच पर भावुक होकर रोने का उनका वीडियो वायरल हो गया।
यह घटना तब हुई जब टीवीके की उम्मीदवारों की लिस्ट में उनका नाम सामने आया था। चेन्नई जिले में स्थित विरुगमपक्कम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व पिछले पांच विधानसभा चुनावों में तीन अलग-अलग दलों ने किया है।
इस बीच, पेशे से ऑटो-ड्राइवर के. विजय धामू ने रोयापुरम निर्वाचन क्षेत्र में एक शानदार जीत हासिल की। पहली बार चुनाव लड़ रही TVK के उम्मीदवार के तौर पर उन्होंने द्रविड़ मुनेत्र कझगम (DMK) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (AIADMK) दोनों के उम्मीदवारों को हराया। उन्होंने 59,000 से ज़्यादा वोट हासिल किए और 14,000 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
विजय की पार्टी टीवीके ने सोमवार को तमिलनाडु के चुनावी इतिहास में एक तरह का रिकॉर्ड बनाते हुए सत्तारूढ़ DMK और उसके अध्यक्ष मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को उनके कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र में करारी शिकस्त दी और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। वहीं, अन्नाद्रमुक तीसरे स्थान पर रही।
1967 में राज्य में पहली गैर-कांग्रेसी सरकार के सत्ता में आने के बाद से यह पहली बार है, जब दो द्रविड़ दलों के अलावा कोई अन्य पार्टी चुनाव में विजयी हुई। इस जीत के साथ ही विजय और टीवीके के नाम कई उपलब्धियां दर्ज हो गई हैं। TVK के संस्थापक विजय अल्पसंख्यक समुदाय (ईसाई धर्म) से राज्य की बागडोर संभालने वाले पहले व्यक्ति होंगे।
विजय ने पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से जीत हासिल की है। उनकी पार्टी 108 सीटें जीत कर 234 सदस्यीय विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। द्रमुक अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री स्टालिन को कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र में 8,795 मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
जैसे ही यह स्पष्ट हुआ कि टीवीके अपने पहले चुनाव में अभूतपूर्व और भारी जीत की ओर बढ़ रही है, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक यहां पनायूर स्थित पार्टी कार्यालय के सामने जमा हो गए और पटाखे फोड़े तथा मिठाइयां बांटीं। इसके अलावा, विजय की जीत और समान विचारधारा वाली पार्टियों को सत्ता में हिस्सेदारी के बार-बार दिए गए आश्वासन से राज्य के इतिहास में एक नया अध्याय खुलने की उम्मीद है।
टीवीके समर्थकों को उम्मीद है कि कांग्रेस (5), आईयूएमएल (2), वामपंथी दल (4), वीसीके (2) और पीएमके (4) भी समर्थन देंगे और सत्ता में हिस्सेदारी पा सकेंगे। टीवीके को सरकार बनाने के लिए 118 सीटों की आवश्यकता है। तमिलनाडु में यह पहली बार होगा कि कोई पार्टी अपनी स्थापना के दो साल से कुछ अधिक समय बाद सत्ता में आएगी। टीवीके ने अपने पहले चुनाव में लगभग 35 प्रतिशत वोट हासिल किए हैं। टीवीके की स्थापना फरवरी 2024 में हुई थी।
इस बीच, तमिलनाडु विधानसभा 2026 के चुनावों में राजनीतिक जनादेशों में नाटकीय उतार-चढ़ाव देखने को मिला, जिसमें राज्य भर में जीत का अंतर भारी बहुमत से लेकर बेहद करीबी अंतर तक रहा। अब तक के सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज करने वाले अन्नाद्रमुक नेता ए.के. पलानीस्वामी ने अपने गृह क्षेत्र एडप्पाडी में 98,110 वोटों के भारी अंतर से जीत हासिल की।