Tomorrow Weather: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने तमिलनाडु और केरल के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और कुछ उत्तरी राज्यों में भी बारिश हो सकती है, हालांकि यहां बारिश हल्की रहने का अनुमान है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तराखंड के आठ जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में अगले चार दिनों के दौरान मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की संभावना है।
इसके अलावा, उत्तराखंड के कुछ इलाकों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं, 4,200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है।
दिल्ली में बादल, यूपी में बारिश; हिमाचल से पंजाब तक आंधी-तूफान का अलर्ट
दिल्ली में 9 अक्टूबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान छिटपुट बारिश हो सकती है। राजधानी लखनऊ में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश में भी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। राज्य के कुछ हिस्सों में 11 अक्टूबर तक बारिश जारी रहने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी बारिश और आंधी-तूफान आ सकता है। कुछ इलाकों में बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
वहीं, पंजाब के कुछ हिस्सों में रविवार तक आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चल सकती हैं।
दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर, कई राज्यों में गरज-चमक के आसार
इसके अलावा, आने वाले दिनों में दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। IMD के मुताबिक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल, माहे और लक्षद्वीप में बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।
इन राज्यों से पीछे हट रहा दक्षिण-पश्चिम मानसून
इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के कुछ हिस्सों से लगातार पीछे हट रहा है। आने वाले दिनों में मानसून की वापसी का असर मौसम में बदलाव के रूप में देखने को मिल सकता है।