West Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों की घड़ी करीब आते ही सियासी पारा अपने चरम पर है। काउंटिंग से ठीक पहले जहां एक ओर तृणमूल कांग्रेस (TMC) अपनी सत्ता बरकरार रखने का दावा कर रही है, वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य में बड़े बदलाव की उम्मीद लगाए बैठी है। इस बीच, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों और ममता बनर्जी की जीत की संभावनाओं पर अपना आकलन पेश कर दिया है।
शशि थरूर ने चुनावी नतीजों से कुछ घंटे पहले ही कहा कि उन्हें उम्मीद है कि तृणमूल कांग्रेस बंगाल में सत्ता बरकरार रखेगी, लेकिन इस बार जीत का अंतर पिछली बार जैसा बड़ा नहीं होगा। नतीजों से पहले आए विभिन्न एग्जिट पोल्स पर थरूर ने कहा कि वहां के एग्जिट पोल्स ने काफी भ्रम पैदा कर दिया है। मेरा मानना है कि ममता बनर्जी जीतेंगी, लेकिन शायद उन्हें पिछले चुनाव जैसा बड़ा बहुमत हासिल नहीं होगा। उनके इस बयान ने बंगाल के कड़े मुकाबले की ओर इशारा किया है, जहां 2011 से मुख्यमंत्री पद पर काबिज ममता बनर्जी एक बार फिर पार्टी की मुख्य चेहरा बनी हुई हैं।
काउंटिंग के लिए सुरक्षा का थ्री-लेयर चक्रव्यूह
आपको बता दें कि मतगणना को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग ने अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि मतगणना केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की 200 कंपनियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय व्यवस्था की गई है, जिसमें राज्य पुलिस, राज्य सशस्त्र पुलिस और CAPF के जवानों को स्पष्ट भूमिकाएं दी गई हैं। मतगणना हॉलों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पूरी प्रक्रिया की क्लोज मॉनिटरिंग की जाएगी। आयोग ने चेतावनी दी है कि मतगणना केंद्रों के भीतर किसी भी प्रकार की शरारत या कदाचार होने पर संबंधित अधिकारियों और व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, मतगणना की प्रक्रिया सोमवार सुबह 8 बजे पोस्टल बैलेट की गिनती के साथ शुरू होगी। इसके ठीक आधे घंटे बाद, सुबह 8:30 बजे से ईवीएम (EVM) के वोटों की गिनती शुरू की जाएगी। विधानसभा चुनाव परिणाम के रुझान और नतीजे चुनाव आयोग के आधिकारिक पोर्टल और 'ECINET' प्लेटफॉर्म पर रियल-टाइम में अपडेट किए जाएंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है ताकि मतदान की तरह मतगणना भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।