Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग की बड़ी कार्रवाई, विधानसभा चुनावों से पहले मुख्य सचिव और गृह सचिव का तबादला

West Bengal Assembly Elections 2026: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के ऐलान के बाद राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले की घोषणा की है। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में बड़ा फैसला लेते हुए मुख्य सचिव और गृह सचिव को बदलने का आदेश जारी किया है

अपडेटेड Mar 16, 2026 पर 9:06 AM
Story continues below Advertisement
West Bengal Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए दो चरण में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा

West Bengal Assembly Elections 2026: विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने पश्चिम बंगाल की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को हटा दिया है। चक्रवर्ती की जगह दुष्यंत नारियाला को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। जबकि संघमित्रा घोष नई गृह सचिव का पदभार संभालेंगी। ECI ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों की घोषणा के तुरंत बाद राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले की घोषणा की। पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए दो चरण में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा। जबकि मतगणना चार मई को होगी।

15 मार्च को कोलकाता में पश्चिम बंगाल सरकार के मुख्य सचिव को लिखे एक पत्र में चुनाव आयोग ने कहा कि उसने पश्चिम बंगाल विधानसभा के आम चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की है। इसके बाद निम्नलिखित तबादलों का निर्देश दिया है। चुनाव आयोग ने निर्देश दिया है कि दुष्यंत नारियाला (IAS-1993) को पश्चिम बंगाल सरकार में मुख्य सचिव के पद पर तैनात किया जाए।

जबकि संघमित्रा घोष (IAS-1997) को पश्चिम बंगाल सरकार में गृह और पहाड़ी मामलों की प्रमुख सचिव के पद पर तैनात किया गया है। ECI ने कहा कि आयोग के निर्देशों को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। आयोग ने कहा कि अधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने के संबंध में एक अनुपालन रिपोर्ट 16 मार्च, 2026 को दोपहर 03:00 बजे तक भेजी जाए।


इसके अलावा, पत्र में कहा गया है कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें चुनाव समाप्त होने तक किसी भी चुनाव संबंधी पद पर तैनात नहीं किया जाएगा। इस बीच, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों की औपचारिक घोषणा से कुछ घंटे पहले राज्य सरकार ने रविवार को जमीनी स्तर पर पुलिस अधिकारियों का फेरबदल किया।

इन अधिकारियों का भी तबादला

राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, 27 इंस्पेक्टरों और 12 पुलिस स्टेशनों के प्रभारी अधिकारियों (आईसी) का तबादला कर दिया गया है। डायमंड हार्बर पुलिस जिले के कई इंस्पेक्टरों का तबादला कर दिया गया है। इसके अलावा, बिधाननगर, बैरकपुर और चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के कई पुलिस थानों के आईसी (अधीक्षक) का भी ट्रांसफर किया गया।

साथ ही, पूर्वी मिदनीपुर जिले के भी कई इंस्पेक्टरों का तबादला किया गया है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने से कुछ ही घंटे पहले राज्य पुलिस विभाग द्वारा इन परिवर्तनों के संबंध में एक अधिसूचना जारी की गई थी। तबादला निर्देश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि संबंधित अधिकारियों को उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, जलपाईगुड़ी, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर, दक्षिण दिनाजपुर और हुगली सहित विभिन्न जिलों में जल्द से जल्द अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करना होगा।

ये भी पढ़ें- Odisha Tornado: ओडिशा में भीषण तूफान का कहर! 2 लोगों की मौत, दर्जनों गंभीर रूप से घायल, 200 से अधिक घर क्षतिग्रस्त

BJP का राज्य सरकार पर हमला

मुख्य विपक्षी दल बीजेपी ने तबादलों को लेकर सवाल उठाए हैं। बीजेपी नेता सजल घोष ने कहा, "उन्होंने ये तबादले पहले से ही इसलिए करवाए हैं, ताकि चुनाव आयोग बाद में इन नियुक्तियों में कोई बदलाव न कर सके। हमने इस चाल को शुरू से ही भांप लिया था। हालांकि, कहीं भी यह नहीं लिखा है कि चुनाव आयोग को बाद में इन अधिकारियों का तबादला करने से रोका गया है। उनके पेशेवर इतिहास और कार्य अनुभव की गहन जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर चुनाव आयोग इन विवरणों की समीक्षा करेगा।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।