Western Disturbance: देश के कई राज्यों में इस वक्त प्रचंड गर्मी पड़ रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर प्रदेश का बांदा और महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी देश के सबसे गर्म जिले रहे। यहां अधिकतम तापमान 47.6°C दर्ज किया गया। जबकि मध्य प्रदेश के खजुराहो में तापमान 47.2°C दर्ज किया गया। दिल्ली में भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान 43°C के पार चला गया। जबकि न्यूनतम तापमान 32.4°C रहा। IMD ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में पिछले 14 सालों में मई की यह सबसे गर्म रात थी। इससे पहले, 26 मई 2012 को न्यूनतम तापमान 32.5°C दर्ज किया गया था।
