आखिर कहां हैं खान सर? अब मशहूर कोचिंग टीचर को लेकर आई ये बड़ी जानकारी

Khan Sir Arrest: यह पूरा विवाद 2 जून की रात को शुरू हुआ था, जब खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर दो कोचिंग सेंटर्स के बीच वर्चस्व और प्रतिद्वंद्विता को लेकर हिंसक झड़प हुई। हाल ही में आए बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के नतीजों के बाद खान सर की कोचिंग ने बड़े पैमाने पर सफल छात्रों के लिए सम्मान समारोह रखा था

अपडेटेड Jun 06, 2026 पर 2:00 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Khan Sir: आखिर कहां हैं खान सर? अब मशहूर कोचिंग टीचर को लेकर आई ये बड़ी जानकारी

मशहूर यूट्यूबर और शिक्षक फैजल खान उर्फ 'खान सर' की मुश्किलें इस समय काफी बढ़ गई हैं। पटना के कदमकुआं इलाके में उनके कोचिंग संस्थान 'खान ग्लोबल स्टडीज' के बाहर हुई हिंसक झड़प और गोलीबारी के मामले में वे कानूनी शिकंजे में घिरते नजर आ रहे हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक, खान सर अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) की अर्जी दायर करने या सरेंडर करने के इरादे से पटना सिविल कोर्ट पहुंचे हैं। सूत्रों के हवाले से खबर है कि खान सर कोर्ट परिसर के बाहर ही मौजूद हैं और उनके वकील वहां की स्थिति और सुरक्षा को देखते हुए उन्हें अदालत के सामने पेश करने की रणनीति बना रहे हैं।

दूसरी तरफ, पटना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सिविल कोर्ट के सभी गेटों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि अगर खान सर कोर्ट परिसर में कदम रखें, तो पुलिस उन्हें तुरंत हिरासत में ले सके। चर्चा यह भी है कि अगर भारी पुलिस बल कोर्ट के बाहर डटा रहता है, तो संभवतः आज सरेंडर की प्रक्रिया पूरी न हो पाए।

क्यों मुसीबत में फंसे खान सर?


यह पूरा विवाद 2 जून की रात को शुरू हुआ था, जब खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर दो कोचिंग सेंटर्स के बीच वर्चस्व और प्रतिद्वंद्विता को लेकर हिंसक झड़प हुई।

हाल ही में आए बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के नतीजों के बाद खान सर की कोचिंग ने बड़े पैमाने पर सफल छात्रों के लिए सम्मान समारोह रखा था। इसी बात को लेकर प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान (ज्ञान बिंदु कोचिंग) के साथ तनाव पैदा हो गया।

आरोप है कि विपक्षी कोचिंग से जुड़े 15-20 लोगों ने खान सर के संस्थान पर पथराव और तोड़फोड़ की, जिसमें खान सर के एक गार्ड का सिर भी फट गया था।

गार्ड के इस एक बयान ने पलटा पूरा केस

शुरुआत में खान सर ने पुलिस की मुस्तैदी की तारीफ की थी और खुद को पीड़ित बताया था, लेकिन पुलिस जांच में आए एक मोड़ ने उन्हें ही आरोपी बना दिया।

पुलिस ने जब खान सर के दो निजी सुरक्षा गार्डों को हवाई फायरिंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया, तो उन्होंने पूछताछ में चौंकाने वाला बयान दिया। गार्ड्स ने पुलिस को बताया, "भीड़ को देखकर खान सर और उनके साथियों ने हमसे कहा कि क्या देख रहे हो, तुरंत भीड़ पर गोली चलाओ, आगे जो भी होगा हम संभाल लेंगे।"

गार्ड्स के इसी बयान को आधार बनाकर पटना पुलिस ने कदमकुआं थाने में खान सर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर केस दर्ज कर लिया है। चूंकि यह एक गैर-जमानती धारा है, इसलिए खान सर पर गिरफ्तारी का दबाव बेहद बढ़ गया है।

खान सर ने दी सफाई

मामला बढ़ने के बाद खान सर ने अपनी सफाई में एक वीडियो जारी किया। उन्होंने अपने हाथ में किताब लेकर कहा, "मैं विद्या की कसम खाकर कहता हूं कि उस रात हमारे ऊपर जानलेवा हमला हुआ था। हमारे गार्ड को 15-20 लोगों ने बेरहमी से पीटा। पुलिस को पहुंचने में वक्त लगना ही था, वो उड़कर तो नहीं आ सकती थी। इसलिए गार्ड्स ने केवल अपनी और छात्रों की आत्मरक्षा (Self-Defence) में हवाई फायरिंग की थी।"

इस बीच, खान सर के समर्थन में हजारों छात्र भी सड़कों और कोचिंग के बाहर उतर आए हैं, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। अदालत में आज होने वाली इस सुनवाई और पुलिस के अगले कदम पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

खान सर के साथ भिड़ने वाले कोचिंग टीचर रौशन आनंद की असली कहानी तो अब आई सामने, कैसे शुरू की ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।