कभी डिजाइन करती थीं एक्टर्स के कपड़े, अब बंगाल की राजनीति में ममता बनर्जी का जवाब...जानें कौन हैं अग्निमित्रा पॉल
अग्निमित्रा पॉल ने जाधवपुर विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ लिबरल आर्ट्स एंड मैनेजमेंट साइंसेज से भी शिक्षा हासिल की। राजनीति में आने से पहले वह फैशन इंडस्ट्री में काफी मशहूर थीं। उन्होंने बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों, जैसे श्रीदेवी और मिथुन चक्रवर्ती के लिए कपड़े डिजाइन किए हैं। इसके अलावा अग्निमित्रा पॉल अपना खुद का फैशन ब्रांड ‘INGA’ भी चलाती हैं
फैशन डिज़ाइनर से बनीं BJP का बड़ा चेहरा, 40 हजार से ज्यादा वोटों से दर्ज की शानदार जीत, CM पद की रेस में तेज हुई चर्चा
पश्चिम बंगाल में 15 साल के बाद सत्ता का परिवर्तन हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने ममता बनर्जी के मजबूत गढ़ में अपना झंडा फहरा दिया है। 4 मई को सामने आई पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पार्टी ने 293 में से 206 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) सिर्फ 81 सीटों तक सिमट गई। पश्चिम बंगाल में पहली बार BJP की सरकार बनने जा रही है, जिसके बाद अब मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इन चर्चाओं में एक नाम अग्निमित्रा पॉल का भी सामने आ रहा है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, अग्निमित्रा पॉल ने आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट पर दोबारा जीत हासिल की। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार तापस बनर्जी को 40,839 वोटों के बड़े अंतर से हराया। इस सीट पर 23 अप्रैल को मतदान हुआ था।
कौन हैं अग्निमित्रा पॉल?
अग्निमित्रा पॉल पश्चिम बंगाल की आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से विधायक हैं और भारतीय जनता पार्टी (BJP) का एक चर्चित चेहरा मानी जाती हैं। राजनीति में आने से पहले वह फैशन डिजाइनर के तौर पर काम करती थीं। उन्होंने साल 2019 में राजनीति में कदम रखा और कम समय में ही पार्टी में अपनी मजबूत पहचान बना ली। फिलहाल वह BJP में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
अग्निमित्रा पॉल ने जाधवपुर विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ लिबरल आर्ट्स एंड मैनेजमेंट साइंसेज से भी शिक्षा हासिल की। राजनीति में आने से पहले वह फैशन इंडस्ट्री में काफी मशहूर थीं। उन्होंने बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों, जैसे श्रीदेवी और मिथुन चक्रवर्ती के लिए कपड़े डिजाइन किए हैं। इसके अलावा अग्निमित्रा पॉल अपना खुद का फैशन ब्रांड ‘INGA’ भी चलाती हैं। उनके ब्रांड के रिटेल स्टोर देश के कई बड़े शहरों में मौजूद हैं।
आसनसोल में काफी लोकप्रिय हैं अग्निमित्रा
अग्निमित्रा पॉल का जन्म 25 नवंबर 1974 को पश्चिम बंगाल के आसनसोल में हुआ था। शादी से पहले उनका उपनाम रॉय था। उनका परिवार शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ा रहा है, जिसमें कई सदस्य शिक्षक और डॉक्टर हैं। उन्होंने साल 1994 में बनवारीलाल भालोटिया कॉलेज से विज्ञान में स्नातक (B.Sc) की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद 1997 में फैशन डिजाइनिंग में डिप्लोमा हासिल किया। उनकी शादी व्यवसायी पार्थो पॉल से हुई है और उनके दो बेटे हैं। आसनसोल दक्षिण क्षेत्र में अग्निमित्रा पॉल खुद को “धरती की बेटी” के रूप में पेश करती रही हैं। यही उनकी राजनीतिक पहचान का अहम हिस्सा बना। स्थानीय लोगों के साथ उनका जुड़ाव काफी मजबूत माना जाता है, जिसकी वजह से उन्होंने इलाके में अच्छी लोकप्रियता हासिल की है।
राजनीतिक सफर और तेजी से बढ़ता कद
अग्निमित्रा पॉल ने साल 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पहली बार चुनावी मैदान में कदम रखा। अपने पहले ही चुनाव में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) की उम्मीदवार सायनी घोष को कड़े मुकाबले में हराकर जीत हासिल की। इसके बाद वह बंगाल की राजनीति में BJP की एक मजबूत और मुखर नेता के रूप में उभरकर सामने आईं। पार्टी में उनका कद लगातार बढ़ता गया। उन्होंने BJP महिला मोर्चा की अध्यक्ष के रूप में काम किया और बाद में उन्हें पार्टी का महासचिव भी बनाया गया। कम समय में ही उन्होंने संगठन में अपनी अलग पहचान बना ली।
फैशन डिजाइनर से राजनेता बनने तक का उनका सफर काफी तेज और दिलचस्प रहा है। उनकी जमीनी स्तर पर सक्रियता ने इसमें बड़ी भूमिका निभाई। अग्निमित्रा पॉल को अक्सर प्रदर्शन और जनसभाओं में लोगों की अगुवाई करते हुए देखा जाता है। वह अपने क्षेत्र के लोगों से सीधे जुड़ने और उनकी समस्याएं सुनने के लिए भी जानी जाती हैं।
2026 में मिली बड़ी कामयाबी
पिछले चुनावों में अग्निमित्रा पॉल ने कई बड़े मुकाबले लड़े। उन्होंने 2022 के आसनसोल लोकसभा उपचुनाव में चुनाव लड़ा, लेकिन वहां उन्हें अभिनेता और नेता शत्रुघ्न सिन्हा से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने मेदिनीपुर सीट से किस्मत आजमाई, जहां तृणमूल कांग्रेस की जून मालिया ने उन्हें हराया। दोनों चुनावों में वह दूसरे स्थान पर रहीं। 2026 के विधानसभा चुनाव में अग्निमित्रा पॉल ने अपने प्रचार अभियान में स्थानीय मुद्दों को सबसे ज्यादा महत्व दिया। उन्होंने पश्चिम बर्धमान इलाके में बंद पड़े उद्योगों, बेरोजगारी और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों को जोर-शोर से उठाया। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने यह भी दावा किया कि आसनसोल में उनके काफिले पर हमला हुआ था। उन्होंने इसे सत्ताधारी पार्टी की “चुनावी हताशा” बताया।
इतनी संपत्ति की मालिक हैं अग्निमित्रा
2026 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, अग्निमित्रा पॉल ने करीब 3.85 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है, जबकि उन पर लगभग 1.20 करोड़ रुपये की देनदारियां हैं। उनकी संपत्ति में 34 लाख रुपये से ज्यादा की चल संपत्ति भी शामिल है, जिसमें गोल्ड बॉन्ड और म्यूचुअल फंड में निवेश शामिल हैं। उनके हलफनामे में 11 लंबित आपराधिक मामलों का भी जिक्र किया गया है। इनमें ज्यादातर मामले राजनीतिक प्रदर्शन, विरोध-प्रदर्शन और सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डालने जैसे आरोपों से जुड़े हुए हैं। आसनसोल दक्षिण पश्चिम बंगाल के कोयला क्षेत्र का एक बड़ा शहरी और औद्योगिक इलाका माना जाता है। अग्निमित्रा पॉल ने यहां रोजगार बढ़ाने और पुराने औद्योगिक संस्थानों को फिर से सक्रिय करने का वादा किया है।
मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चाएं तेज
पश्चिम बंगाल में BJP की बड़ी जीत के बाद अब सबसे ज्यादा चर्चा मुख्यमंत्री पद को लेकर हो रही है। फिलहाल सुवेंदु अधिकारी को इस पद का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है, लेकिन पार्टी के अंदर महिला चेहरे को आगे लाने की संभावना पर भी चर्चा चल रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि BJP दिल्ली की तरह पश्चिम बंगाल में भी नया प्रयोग कर सकती है। जिस तरह दिल्ली में पार्टी ने अपेक्षाकृत कम चर्चित नेता रेखा गुप्ता को अहम जिम्मेदारी दी थी, उसी तरह बंगाल में भी किसी महिला नेता को बड़ा मौका मिल सकता है। ऐसे में अग्निमित्रा पॉल का नाम भी मुख्यमंत्री पद की संभावित दावेदारों में लिया जा रहा है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को कराए गए थे। इस चुनाव में रिकॉर्ड 92.93 प्रतिशत मतदान हुआ। करीब 7 करोड़ मतदाताओं में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से ज्यादा रही, जिसे लोकतंत्र के लिए बड़ा संकेत माना जा रहा है।