Who is Muskan Soni: पुणे के रहने वाले रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या पर कथित तौर पर आपत्तिजनक और असंवेदनशील टिप्पणी करने के आरोप में मध्य प्रदेश की डेंटिस्ट डॉ. मुस्कान सोनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड सर्जन्स एसोसिएशन (AIDSA) ने उन्हें तत्काल प्रभाव से पांच साल के लिए संगठन की सभी जिम्मेदारियों, पदों और सदस्यता से निलंबित कर दिया है।
सोशल मीडिया पर केतन की हत्या का हंस-हंसकर मजाक उड़ाने वाला एक वीडियो सामने आने के बाद सोनी की AIDSA मेंबरशिप तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दी गई है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड सर्जन्स एसोसिएशन (AIDSA) ने डॉ. मुस्कान सोनी पर पांच वर्षों का बैन लगाया है। संगठन के अनुसार, यह कार्रवाई केतन अग्रवाल के निधन को लेकर इंस्टाग्राम स्टोरी में की गई कथित आपत्तिजनक, असम्मानजनक और अनुचित टिप्पणी के कारण की गई है।
AIDSA द्वारा जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि डॉ. मुस्कान सोनी को 5 जुलाई 2025 को संदर्भ संख्या AIDSA/2025/3147 के तहत मध्य प्रदेश इकाई का कोषाध्यक्ष (Treasurer) नियुक्त किया गया था। संगठन का आरोप है कि उन्होंने दिवंगत केतन अग्रवाल के संबंध में ऐसी टिप्पणियां कीं, जो संगठन के संविधान, आचार संहिता और नैतिक मूल्यों का उल्लंघन करती हैं।
सभी पदों से तत्काल निलंंबित
आदेश के अनुसार, डॉ. सोनी को तत्काल प्रभाव से AIDSA के सभी पदों, समितियों, जिम्मेदारियों और सदस्यता से पांच वर्षों के लिए निलंबित कर दिया गया है। इस अवधि के दौरान वे संगठन की किसी भी आधिकारिक गतिविधि में भाग नहीं ले सकेंगी, न ही AIDSA का प्रतिनिधित्व कर पाएंगी। साथ ही उन्हें संगठन के किसी भी पद के लिए चुनाव लड़ने, नियुक्त होने या उससे जुड़े किसी अधिकार का उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी। इसके बाद सोनी ने माफी मांगी हैं। लेकिन उनका सस्पेंशन अभी भी लागू है।
कौन हैं डॉ. मुस्कान सोनी?
सोनी को पिछले साल AIDSA मध्य प्रदेश का ट्रेजरर नियुक्त किया गया था। अपने सस्पेंशन ऑर्डर में AIDSA ने कहा, "यह पाया गया है कि उन्होंने अनुशासनहीनता की है और स्वर्गीय श्री केतन अग्रवाल के बारे में बेहद अनुचित, आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां की हैं, जो AIDSA के संविधान, आचार संहिता और नैतिक मूल्यों का स्पष्ट उल्लंघन हैं।"
AIDSA के कार्यकारी अध्यक्ष दिवाकर मूदौतिया के साइन वाले लेटर में साफ कहा गया है कि सस्पेंशन की अवधि के दौरान सोनी किसी भी आधिकारिक हैसियत से AIDSA का प्रतिनिधित्व नहीं करेंगी और न ही किसी बैठक, समिति, सम्मेलन, कार्यक्रम या संगठनात्मक गतिविधि में भाग लेंगी।"
मुस्कान सोनी ने क्या कहा?
अभी वायरल हो रहे वीडियो में सोनी को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "उस आदमी के बाल नहीं थे। ऐसे आदमियों को मर जाना चाहिए, हैशटैग I hate men (मुझे मर्दों से नफरत है)। दो लोगों की मौत हो चुकी है और पूरा समुदाय डरा हुआ है।"
बाद में एक और वीडियो में सोनी ने माफी मांगी। सोनी ने कहा कि उनका मकसद इतने संवेदनशील विषय पर मजाक करना नहीं था। उन्होंने कहा, "मैंने जो शब्द इस्तेमाल किए उनके लिए मैं बहुत-बहुत माफी मांगती हूं... मैं कभी भी लोगों को उनके जेंडर के आधार पर नीचा नहीं दिखाती।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं पोस्ट में #ihatemen का इस्तेमाल करती हूं। मैं इसे हटाने के लिए तैयार हूं। लेकिन मेरी जिंदगी में कुछ ऐसी बातें हुई हैं जिनकी वजह से मैं इस हैशटैग का इस्तेमाल करती हूं।"
सोनी ने आरोप लगाया कि उन्हें 'slut' (चरित्रहीन), 'prostitute' (वेश्या) वगैरह कहकर बुरा-भला कहा जा रहा है। उन्होंने ट्रोल करने वालों से ऐसा न करने की अपील की है।