IPS Tanushree: पहले ही प्रयास में बनीं IPS, पुलवामा में आतंकियों को धूल चटाने वाली बिहार की इस बेटी का हुआ दिल्ली ट्रांसफर, जानें कौन हैं तनुश्री?
Who is IPS Tanushree: केंद्र सरकार के हालिया प्रशासनिक फेरबदल के तहत 2017 बैच की AGMUT कैडर की आईपीएस अधिकारी तनुश्री का तबादला जम्मू-कश्मीर से दिल्ली पुलिस में कर दिया गया है। आतंकवाद प्रभावित इलाकों में कानून व्यवस्था संभालने और कई अहम जिम्मेदारियां निभाने के बाद अब वे देश की राजधानी में अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रही हैं
Who is IPS Tanushree: आईपीएस अधिकारी तनुश्री का जम्मू-कश्मीर से दिल्ली पुलिस में तबादला हुआ है
Who is IPS Tanushree: केंद्र सरकार ने हाल ही में AGMUT कैडर के कई आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसी क्रम में 2017 बैच की आईपीएस अधिकारी तनुश्री को जम्मू-कश्मीर से दिल्ली पुलिस में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। आतंकवाद प्रभावित इलाकों में अपनी सेवाओं और नेतृत्व क्षमता के लिए पहचान बना चुकीं तनुश्री अब राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी निभाएंगी।
आतंकवाद प्रभावित इलाकों में कानून व्यवस्था संभालने और कई अहम जिम्मेदारियां निभाने के बाद अब वे देश की राजधानी में अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रही हैं। तनुश्री इसलिए सुर्खियों में हैं क्योंकि उन्होंने पुलवामा जैसे आतंकवाद-प्रभावित जिले में प्रभावी नेतृत्व दिखाया। अब उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे दिल्ली पुलिस में भी क्राइम को कंट्रोल और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
बिहार में जन्म, दिल्ली से की पढ़ाई
आईपीएस तनुश्री का जन्म 24 अप्रैल 1987 को बिहार के मोतिहारी में हुआ था। शुरुआती शिक्षा यहीं से पूरी करने के बाद उन्होंने बोकारो के डीएवी पब्लिक स्कूल से 12वीं की पढ़ाई की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली आईं और दिल्ली यूनिवर्सिटी के मिरांडा हाउस से इतिहास (ऑनर्स) में ग्रेजुएट की डिग्री हासिल की। कॉलेज के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया था।
सुरक्षा बलों से जुड़ा है परिवार
तनुश्री ऐसे परिवार से आती हैं, जिसका सुरक्षा बलों से गहरा नाता रहा है। उनके पिता सीआरपीएफ में डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) के पद से रिटायर हुए हैं। जबकि उनकी बड़ी बहन सीआरपीएफ में कमांडेंट के पद पर कार्यरत हैं। परिवार से मिले अनुशासन और प्रेरणा ने उन्हें भी वर्दी की सेवा चुनने के लिए प्रेरित किया।
पहली कोशिश में पास की UPSC
साल 2014 में तनुश्री का चयन सीआरपीएफ में असिस्टेंट कमांडेंट के रूप में हुआ। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने यूपीएससी की तैयारी जारी रखी और 2016 में पहली ही कोशिश में सिविल सेवा परीक्षा पास कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 652 हासिल की। इसके बाद उन्हें 2017 बैच का AGMUT कैडर आवंटित हुआ और वे IPS अधिकारी बनीं।
जम्मू-कश्मीर में निभाईं अहम जिम्मेदारियां
ट्रेनिंग के बाद उनकी पहली पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में हुई। यहां उन्होंने स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) में एसपी, शोपियां की एसएसपी और बाद में पुलवामा की एसएसपी के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील मामलों की जांच और आतंकवाद विरोधी अभियानों में अहम भूमिका निभाई।
आतंकियों से पहली मुठभेड़ का अनुभव
एक सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के दौरान तनुश्री ने अपने पहले आतंकवाद विरोधी अभियान का अनुभव शेयर किया था। उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को हिजबुल मुजाहिदीन के एक कमांडर के छिपे होने की सूचना मिली थी।
ऑपरेशन के दौरान आतंकियों ने फायरिंग की, जिसमें एक जवान घायल हो गया। इसके बावजूद सुरक्षा बलों ने अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया और दोनों आतंकियों को मार गिराया। तनुश्री ने इसे अपने करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण और यादगार अनुभवों में से एक बताया।
केंद्र सरकार के हालिया तबादला आदेश के तहत अब आईपीएस तनुश्री को दिल्ली पुलिस में तैनात किया गया है। जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में अपने अनुभव के बाद अब वे राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़ी नई जिम्मेदारियां संभालेंगी।
एक नजर में IPS तनुश्री
जन्म: 24 अप्रैल 1987, मोतिहारी (बिहार)
बैच: 2017, AGMUT कैडर
UPSC रैंक: AIR 652 (पहले प्रयास में सफलता)
शिक्षा: मिरांडा हाउस, दिल्ली विश्वविद्यालय
पूर्व पद: एसपी (SIA), एसएसपी शोपियां, एसएसपी पुलवामा