Goa Night Club Fire News: उत्तरी गोवा के एक नाइट क्लब में शनिवार (7 दिसंबर) आधी रात के बाद भीषण आग लग जाने से 25 लोगों की मौत हो गई। जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि लोग पणजी से 25 किलोमीटर दूर अरपोरा में स्थित 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब के ग्राउंड फ्लोर पर फंस गए थे। इसके कारण अधिकतर लोगों की मौत दम घुटने से हुई। एक अधिकारी ने दावा किया कि नाइट क्लब अवैध तरीके से बना था। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने नाइट क्लब में लगी आग की घटना की मजिस्ट्रेट से जांच के आदेश दिए हैं।
सीएम सावंत ने उन अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने का आदेश दिया है जिन्होंने सुरक्षा मानदंडों के उल्लंघन के बावजूद इसे चलाने की अनुमति दी थी। पुलिस ने बताया कि मृतकों में चार पर्यटक और 14 कर्मचारी शामिल हैं। जबकि बाकी सात की पहचान अभी नहीं हो पाई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने इस घटना में लोगों की मौत होने पर दुख व्यक्त किया है।
मालिक और मैनेजर के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने 'बर्च बाय रोमियो लेन (Birch by Romeo Lane)' नाइट क्लब के दो मालिकों सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा, उसके मैनेजर और कार्यक्रम आयोजकों के खिलाफ केस दर्ज की है। साथ ही अरपोरा-नागोवा पंचायत के सरपंच को हिरासत में लिया है। यह क्लब पिछले साल ही खुला था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को बताया, "पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा के खिलाफ FIR दर्ज की है।"
पुलिस ने अरपोरा-नागोवा पंचायत के सरपंच रोशन रेडकर को हिरासत में लिया है। उन्होंने 2013 में इसके लिए व्यापार लाइसेंस जारी किया था। रेडकर ने कहा कि क्लब का संचालन सौरव लूथरा द्वारा किया जाता था। उनका अपने साथी के साथ विवाद था। रेडकर ने कहा, "उनके बीच विवाद था। उन्होंने एक-दूसरे के खिलाफ पंचायत में शिकायत दर्ज कराई थी। हमने क्लब का निरीक्षण किया। इसमें पाया कि उनके पास क्लब निर्माण की अनुमति नहीं थी।" रेडकर ने दावा किया कि पंचायत ने इसे ध्वस्त करने के लिए नोटिस जारी किया था। लेकिन उस पर उसके जानने वाले अधिकारियों ने रोक लगा दी थी।
नॉर्थ गोवा के अरपोरा में मौजूद 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब चलाने वाले मालिक की पहचान सौरभ लूथरा (Saurabh Luthra) के तौर पर हुई है। स्थानीय पंचायत प्रमुख के अनुसार, क्लब रेस्टोरेंट को सौरभ लूथरा ही चलाता था। सौरभ लूथरा के LinkedIn प्रोफाइल में उसे Romeo Lane, Birch and Mama’s Buo का चेयरमैन बताया गया है।
Romeo Lane दिल्ली समेत भारत के कई शहरों और इंटरनेशनल लेवल पर मौजूद पॉपुलर अपस्केल रेस्टोरेंट और बार की एक चेन है। यह कई भारतीय शहरों और विदेशों में अपस्केल बार और रेस्टोरेंट चलाती है। Romeo Lane वेबसाइट पर लूथरा को एक गोल्ड-मेडलिस्ट इंजीनियर बताया गया है। इसमें दावा किया गया है कि 2016 से कई अवॉर्ड जीतकर वह देश के सबसे तेजी से बढ़ने वाले रेस्टोरेंट मालिकों में से एक बन गया है।
वेबसाइट के मुताबिक, रोमियो लेन अभी भारत के 22 शहरों और चार देशों में मौजूद है। इसमें कहा गया है कि लूथरा अपने पब्लिक रिलेशन और अपने आउटलेट पर परोसे जाने वाले ऑर्गेनिक कॉकटेल के लिए जाने जाते हैं। वेबसाइट के मुताबिक, लूथरा ने 2016 से अब तक अपने रेस्टोरेंट एवं बार के लिए कई अवॉर्ड जीते हैं। उसने अपनी अलग पहचान हासिल की हैं। गोवा अग्निकांड के बाद उसने अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया है। पुलिस भी अभी तक गुमनाम मालिक को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। फिलहाल, उसकी तलाश जारी है।