Ketan Agarwal Murder: कौन है सिया गोयल और चेतन चौधरी से क्या है संबंध? करोड़पति मंगेतर केतन अग्रवाल की निर्मम हत्या का आरोप
Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के पास स्थित लोहागढ़ किले पर घूमने गए कारोबारी केतन अग्रवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की गुत्थी उस CCTV फुटेज की मदद से सुलझी जिसमें ‘हुडी’ पहने एक शख्स केतन और उनकी मंगेतर सिया गोयल का पीछा करता नजर आया। पुलिस के अनुसार, फुटेज में दिख रहे इस शख्स की पहचान बाद में चेतन चौधरी के रूप में हुई
Ketan Agarwal Murder: मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या के आरोप में 20 वर्षीय सिया गोयल गिरफ्तार हुई है
Ketan Agarwal Murder Case: महाराष्ट्र के प्रसिद्ध लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान हुई एक करोड़पति युवक केतन अग्रवाल की मौत का मामला अब कथित हत्या की साजिश में बदल गया है। शुरुआत में इसे एक दर्दनाक हादसा माना जा रहा था। लेकिन पांच दिन की जांच के बाद पुलिस ने मृतक केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि दोनों ने मिलकर केतन को करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर उसकी हत्या की साजिश रची थी।
कौन है सिया गोयल?
20 वर्षीय सिया गोयल पुणे के बिबवेवाड़ी इलाके की रहने वाली है। वह एक कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखती है, जिसका ड्राई फ्रूट्स के कारोबार से जुड़ा होना बताया जा रहा है। सिया और केतन अग्रवाल के परिवार एक-दूसरे को पहले से जानते थे। इसी रिश्ते के आधार पर फरवरी 2026 में दोनों की सगाई हुई थी। केतन अग्रवाल पुणे के एक रियल एस्टेट कारोबारी थे। दोनों की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी। परिवार ने उदयपुर में भव्य विवाह समारोह की भी योजना बनाई थी।
चेतन चौधरी से क्या था सिया का संबंध?
पुलिस जांच के अनुसार, सिया गोयल का 22 वर्षीय चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध था। दोनों कथित तौर पर कारोबारी संपर्कों के जरिए एक-दूसरे को जानते थे। वे लगातार एक दूसरे के संपर्क में थे। जांच एजेंसियों का दावा है कि सिया अपने प्रेमी केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। इसी वजह से उसने चेतन के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
क्या है पुलिस की हत्या की थ्योरी?
पुणे ग्रामीण पुलिस के मुताबिक यह हत्या अचानक नहीं बल्कि पहले से बनाई गई योजना का हिस्सा थी। जांच में सामने आया है कि सिया ने कथित तौर पर पहले केतन का पासपोर्ट छिपा दिया था, जिससे दोनों की बाली यात्रा रद्द हो गई। इसके बाद उसने कई बार केतन को लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए चलने के लिए राजी किया।
पुलिस का दावा है कि चेतन चौधरी घटना वाले दिन गुपचुप तरीके से दोनों का पीछा कर रहा था। पहचान छिपाने के लिए उसने गर्म मौसम के बावजूद 'हुडी' पहन रखी थी। 18 जून को कथित तौर पर सिया और चेतन ने मिलकर केतन को खाई में धक्का दे दिया। दोनों ने पूरी घटना को ट्रेकिंग दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।
पहले भी हुए थे हत्या के प्रयास?
जांच अधिकारियों और केतन के पिता का आरोप है कि 18 जून की घटना से पहले भी केतन की हत्या की तीन कोशिशें की गई थीं। पुलिस के अनुसार एक बार केतन को कथित रूप से धक्का दिया गया था, लेकिन वह झाड़ी पकड़कर बच गया। उस दौरान सिया ने कथित तौर पर 'सांप-सांप' चिल्लाकर लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश की थी। एक अन्य प्रयास भी कथित रूप से नाकाम रहा था, जिसके बाद आखिरकार लोहागढ़ ट्रेक के दौरान घटना को अंजाम दिया गया।
हत्या, साजिश और सबूत मिटाने के आरोप
पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश और सबूत नष्ट करने सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल, मामले की आगे जांच जारी है।
जांच जारी, आरोप अभी साबित होना बाकी
हालांकि पुलिस ने अपनी जांच के आधार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लेकिन अदालत में आरोप साबित होना अभी बाकी है। फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी आरोपी हैं। मामले की अंतिम सच्चाई न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
केतन हत्याकांड का राज कैसे खुला?
पुणे के पास स्थित लोहागढ़ किले पर घूमने गए कारोबारी केतन अग्रवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की गुत्थी उस सीसीटीवी फुटेज की मदद से सुलझी जिसमें 'हुडी' पहने एक शख्स केतन और उनकी मंगेतर सिया गोयल का पीछा करता नजर आया। पुलिस के अनुसार, फुटेज में दिख रहे इस शख्स की पहचान बाद में चेतन चौधरी के रूप में हुई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, करीब 33 डिग्री सेल्सियस तापमान के बावजूद एक व्यक्ति का 'हुडी' पहनकर घूमना उन्हें असामान्य लगा। उसकी संदिग्ध गतिविधियों और हाव-भाव ने भी जांचकर्ताओं का ध्यान खींचा। उन्होंने बताया कि यही वजह रही कि पुलिस ने केतन की मौत की गहराई से पड़ताल शुरू की। इस मौत का कारण शुरुआत में हादसा माना जा रहा था।
पुलिस ने मंगलवार को दावा किया कि 26 वर्षीय केतन की मौत दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि 18 जून को ट्रेकिंग के दौरान सिया (20) और उसके प्रेमी चेतन (22) ने केतन को खाई में कथित तौर पर धक्का देकर मार डाला।
सिया की हो चुकी थी सगाई
केतन अग्रवाल की इसी वर्ष सिया से सगाई हुई थी और 18 जून को वह लोहागढ़ किले में एक चट्टान से गिर गए थे। उस समय दुर्घटनावश हुई मौत मानकर मामला दर्ज किया गया था। सिया ने भी केतन के परिजनों को बताया था कि ट्रेकिंग के दौरान उनका पैर फिसल गया था, जिससे वह खाई में जा गिरे।
फुटेज को बारीकी से खंगालने पर पुलिस की नजर एक ऐसे शख्स पर पड़ी, जो केतन और सिया से कुछ मीटर पीछे चल रहा था। एक अधिकारी ने बताया कि बाद में पुलिस ने 18 जून को उस समय के तापमान का पता लगाया जो करीब 33 डिग्री सेल्सियस था और यह बात खटकी कि इतनी गर्मी में कोई व्यक्ति आखिर 'हुडी' पहनकर क्यों घूम रहा था।
अधिकारी ने बताया कि सिया 14 जून को भी केतन को लोहागढ़ किला ले गई थी। आरोप है कि उस दिन उसने केतन को चट्टान से नीचे धक्का देने की कोशिश भी की लेकिन केतन ने समय रहते एक झाड़ी पकड़ ली और खुद को बचा लिया। उन्होंने बताया कि जब केतन ने सिया से पूछा कि उसने उसे धक्का क्यों दिया गया, तो सिया ने वहां सांप होने की बात कही और ऐसा जताने की कोशिश की कि वह उसे बचाने का प्रयास कर रही थी।
इन घटनाओं के सामने आने के बाद जांचकर्ताओं का शक और गहरा गया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और डिजिटल संचार से जुड़े साक्ष्यों का विश्लेषण किया। अधिकारी के अनुसार, सिया के कॉल रिकॉर्ड की जांच से पता चला कि वह एक व्यक्ति से लगातार संपर्क में थी, जिसकी पहचान बाद में उसके प्रेमी चेतन चौधरी के रूप में हुई।
गोयल और चेतन चौधरी को सात दिन की पुलिस कस्टडी
केतन अग्रवाल की मौत के मामले में गिरफ्तार आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को कोर्ट ने सात दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। वहीं, इस केस को लेकर बचाव पक्ष और पीड़ित परिवार के दावे एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। जहां बचाव पक्ष इसे एक दुर्घटना बता रहा है। दूसरी तरफ, पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह एक सुनियोजित हत्या और पहले से रची गई साजिश थी।