'यह मेरे प्रोफेशनल करियर का सबसे बुरा दिन, महसूस हो रहा दुख बयां करने के लिए नहीं हैं शब्द', Air India प्लेन क्रैश पर टाटा संस चेयरमैन एन चंद्रशेखरन

Air India Plane Crash: एन चंद्रशेखरन ने कहा कि बचने वालों की सटीक संख्या के बारे में मेरे पास अभी कोई जानकारी नहीं है। हम सरकार और हॉस्पिटल अथॉरिटीज के साथ लगातार संपर्क में हैं और कोई गलत जानकारी शेयर नहीं करना चाहते हैं। जैसे-जैसे जानकारी सामने आएगी, उसे शेयर किया जाएगा

अपडेटेड Jun 12, 2025 पर 11:43 PM
Story continues below Advertisement
चंद्रशेखरन ने कहा कि यह एक बेहद ही भयानक हादसा है।

Ahmedabad Plane Crash: 12 जून को अहमदाबाद एयरपोर्ट के नजदीक हुए एयर इंडिया प्लेन क्रैश से टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा है कि आज यानि 12 जून का दिन, उनके प्रोफेशनल करियर का सबसे बुरा दिन है। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और जो घायल हुए हैं। CNBC-TV18 की शिरीन भान के साथ एक बातचीत में चंद्रशेखरन ने कहा कि यह बेहद ही भयानक हादसा है। मेरे पास इस समय हम जो दुख महसूस कर रहे हैं, उसे बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं।

चंद्रशेखरन ने घटना पर बेहद दुख जताया है और कहा है कि टाटा ग्रुप दुख की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों और समुदायों के साथ खड़ा है। टाटा ग्रुप ने एयर इंडिया प्लेन क्रैश में मरने वाले हर व्यक्ति के परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है। साथ ही कहा है कि हादसे में घायल हुए लोगों के इलाज का खर्च भी ग्रुप उठाएगा। इसके अलावा बी जे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल के निर्माण में मदद भी करेगा। टाटा ग्रुप हर तरह का सपोर्ट सिस्टम सेटअप कर रहा है, जिसमें ग्राउंड सपोर्ट और इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी शामिल हैं।

गुरुवार को दोपहर 1.38 बजे अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही पलों बाद एयरपोर्ट के पास मेघाणी नगर इलाके में क्रैश हो गई। इसमें चालक दल के 10 सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे। हादसे में 241 लोगों के मरने की खबर है। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी एयर इंडिया प्लेन क्रैश में मौत हो गई है। हादसे के बाद अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स के ऑपरेशंस अगले आदेश तक रोक दिए गए हैं। दुर्घटनाग्रस्त एयरक्राफ्ट बोइंग 787-8 था और फ्लाइट के पैसेंजर्स में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल थे।


बोइंग के सीईओ से की बात

एन चंद्रशेखरन ने बातचीत में कहा कि उन्होंने बोइंग के सीईओ से बात की है, एक टीम भारत आ रही है। जीई एयरोस्पेस भी जांच में मदद के लिए एक टीम भेज रही है। टाटा ग्रुप, अथॉरिटीज के साथ लगातार संपर्क में है और सहयोग कर रहा है ताकि जांच में मदद हो सके और हादसे की वजह का पता लगाया जा सके। जैसे-जैसे जानकारी सामने आएगी, उसे शेयर किया जाएगा।

गलत जानकारी नहीं करना चाहते शेयर 

एयर इंडिया प्लेन क्रैश में बचने वाले लोगों के बारे में पूछे जाने पर चंद्रशेखरन ने कहा कि बचने वालों की सटीक संख्या के बारे में मेरे पास अभी कोई जानकारी नहीं है। ऐसा पता चला है कि एक व्यक्ति बचा है लेकिन उसके बारे में अभी हमारे पास कनफर्मेशन नहीं है। हम पुख्ता जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। हम सरकार और हॉस्पिटल अथॉरिटीज के साथ लगातार संपर्क में हैं और कोई गलत जानकारी शेयर नहीं करना चाहते हैं। बता दें कि बोइंग के 787 ड्रीमलाइनर के साथ यह इस तरह का पहला बड़ा हादसा हुआ है।

प्लेन बीजे मेडिकल कॉलेज एवं सदर अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों के हॉस्टल, और आवासीय क्वार्टरों के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। प्लेन का एक हिस्सा पांच मंजिला इमारत से बाहर निकला हुआ था। इमारत से टकराने पर धमाके जैसी आवाज आई और प्लेन व इमारत में आग लग गई। अस्पताल-कॉलेज परिसर में खड़ी कई कारें एवं अन्य व्हीकल भी आग की चपेट में आ गए।

Ahmedabad Plane Crash: क्रैश होते आग का गोला बना एयर इंडिया का विमान, लंदन जाते वक्त प्लेन में था इतना ज्यादा फ्यूल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।