Get App

UP TET 2025 Postponed: परीक्षा स्थगित होने से 15 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों का भविष्य अधर में, नई तारीख जल्द घोषित होने की उम्मीद

UP TET 2025 Postponed: उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती परीक्षा स्थगित कर दी गई है। परीक्षा के लिए 15 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। बोर्ड के इस फैसले से स्पष्ट हो गया है कि राज्य में 29 और 30 जनवरी को आयोजित होने वाली परीक्षा अब नहीं होगी।

MoneyControl Newsअपडेटेड Dec 24, 2025 पर 4:24 PM
UP TET 2025 Postponed: परीक्षा स्थगित होने से 15 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों का भविष्य अधर में, नई तारीख जल्द घोषित होने की उम्मीद
यह परीक्षा साल 2026 में 29 और 30 जनवरी को राज्य के विभन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जानी थी।

UP TET 2025 Postponed: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) की हाल ही में हुई बैठक में उत्तर प्रदेश शिक्षक अर्हता परीक्षा (UP TET) को टालने का फैसला लिया गया है। यह परीक्षा साल 2026 में 29 और 30 जनवरी को राज्य के विभन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जानी थी। इसके लिए प्रदेश भर से 15 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। परीक्षा स्थगित करने का फैसला आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष पूर्व आईपीएस डॉ. प्रशांत की अध्यक्षता में हुई पहली बैठक में लिया गया। बैठक में परीक्षाओं को साफ-सुथरे और पारदर्शी तरीके से कराने पर चर्चा हुई।

बता दें, राज्य में यूपी टीईटी परीक्षा लगभग चार साल के बाद आयोजित होने जा रही थी। इससे पहले यह परीक्षा 23 जनवरी 2022 को आयोजित की गई थी। इसके बाद से लाखों उम्मीदवार इस परीक्षा के आयोजन का इंतजार कर रहे थे। लेकिन डॉ. प्रशांत की अध्यक्षता में हुई बैठक में इसे स्थगित करने का फैसला लिया गया। इससे 15 लाख से ज्यादा आवेदकों को तगड़ा झटका लगा है। बैठक में यूपी टीजीटी, पीजीटी और टीईटी समेत सभी लंबित परीक्षाएं कराने के लिए अन्य आयोग और संस्थाओं के परीक्षा कैलेंडर का अध्ययन करके सारणी तैयार करने का फैसला लिया गया है। हालांकि आयोग ने अभी परीक्षा को टालने या कराने पर कोई जानकारी नहीं दी है। आयोग के अधिकारियों ने बताया कि परीक्षाएं प्रशासनिक और तकनीकी कारणों से स्थगित हुई हैं। लेकिन अभी तक कोई नई तारीखें घोषित नहीं की गई हैं। यूपी टीईटी 2025 का नया शेड्यूल जल्द ही ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।

मौजूदा कार्यक्रम की समीक्षा कर रहा आयोग

बोर्ड ने कहा कि वह राज्य में परीक्षाओं को आसान और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए मौजूदा परीक्षा कार्यक्रम की समीक्षा कर रहा है। नया परीक्षा कैलेंडर जारी होने के बाद, यूपी टीईटी और अन्य परीक्षाओं की नई तारीखें आधिकारिक तौर पर घोषित की जाएंगी।

15 लाख से ज्यादा उम्मीदवार हुए प्रभावित

यूपी टीईटी परीक्षा स्थगित होने से बड़ी संख्या में उम्मीदवार प्रभावित हुए हैं। इस परीक्षा के लिए 15 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। यह परीक्षा चार साल के गैप के बाद हो रही थी, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक उम्मीदवारों में काफी उम्मीदें थीं। अब उन्हें नए परीक्षा कार्यक्रम के लिए और इंतजार करना होगा।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें