फिट रहने के लिए रोजाना 10,000 कदम चलने की सलाह अक्सर दी जाती है, लेकिन हर दिन बाहर निकलकर लंबी वॉक करना हर किसी के लिए आसान नहीं होता। कभी काम की व्यस्तता, कभी खराब मौसम तो कभी आलस इस लक्ष्य के बीच आ जाता है। ऐसे में अच्छी बात ये है कि आपको फिट रहने के लिए हमेशा पार्क या सड़क का सहारा लेने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान और मजेदार गतिविधियों की मदद से घर के अंदर भी अच्छी-खासी शारीरिक गतिविधि की जा सकती है। फिटनेस कोच रीट कौर ने ऐसा ही एक आसान वर्कआउट रूटीन अपने इंसटाग्राम अका साझा किया है, जिसकी मदद से कम समय में ज्यादा कदम पूरे किए जा सकते हैं।
खास बात ये है कि इसमें किसी महंगे उपकरण या बड़े स्थान की जरूरत नहीं पड़ती। ये तरीका उन लोगों के लिए भी उपयोगी हो सकता है जो घर से काम करते हैं या बाहर वॉक के लिए समय नहीं निकाल पाते।
हाई नी मार्चिंग और जॉगिंग
वर्कआउट की शुरुआत हल्के वार्म-अप से होती है। इसमें जगह पर खड़े होकर घुटनों को ऊपर उठाते हुए तेज मार्च या हल्की जॉगिंग की जाती है। इससे दिल की धड़कन बढ़ती है और शरीर एक्टिव हो जाता है। हाथों को भी साथ-साथ हिलाना जरूरी होता है ताकि पूरे शरीर की मूवमेंट बनी रहे।
स्टेप-अप एक्सरसाइज (5 मिनट)
इस एक्सरसाइज में किसी मजबूत स्टूल या सीढ़ी का इस्तेमाल किया जाता है। एक-एक पैर से चढ़ना और उतरना पैरों और जांघों को मजबूत बनाता है। यह बैलेंस सुधारने में भी मदद करता है और शरीर को एक्टिव रखता है।
डांस या जुम्बा स्टाइल मूवमेंट (10 मिनट)
यह सबसे मजेदार हिस्सा होता है। तेज म्यूजिक पर डांस करने से न सिर्फ कैलोरी बर्न होती है बल्कि मूड भी अच्छा हो जाता है। इसमें साइड स्टेप, हिप मूवमेंट और फ्री स्टाइल डांस शामिल किया जाता है।
वॉक और लंज कॉम्बो (5 मिनट)
इसमें कमरे में आगे-पीछे चलते हुए लंजेस किए जाते हैं। यह एक्सरसाइज पैरों की ताकत, बैलेंस और स्टैमिना बढ़ाने में मदद करती है। धीरे-धीरे और कंट्रोल में मूव करना जरूरी होता है।
साइड स्टेप और स्केटर जंप (5 मिनट)
इस एक्सरसाइज में दाएं-बाएं साइड स्टेप और हल्की जंपिंग शामिल होती है। यह शरीर के साइड मसल्स को मजबूत बनाती है और फुर्ती बढ़ाती है।
स्टेयर क्लाइम्बिंग या हाई मार्चिंग (10 मिनट)
अगर घर में सीढ़ियां हैं तो ऊपर-नीचे चढ़ना-उतरना किया जाता है। नहीं तो जगह पर ही तेज मार्चिंग की जाती है। ये सबसे ज्यादा कैलोरी बर्न करने वाले स्टेप्स में से एक है।
कूल डाउन और स्ट्रेचिंग (5 मिनट)
वर्कआउट के अंत में शरीर को रिलैक्स करना जरूरी होता है। हल्की वॉक, गहरी सांसें और स्ट्रेचिंग से मसल्स रिलैक्स होती हैं और थकान कम होती है।