62 की उम्र में भी गजब की फिटनेस! न जिम, न भारी वर्कआउट, फिर भी सबको चौंका रही है इस शख्स की लाइफस्टाइल

फिट रहने के लिए जिम, महंगे सप्लीमेंट और सख्त डाइट ही जरूरी नहीं है। चेन्नई के 62 वर्षीय एक शख्स ने अपनी आसान दिनचर्या, साधारण खानपान और नियमित गतिविधियों से साबित किया है कि छोटी-छोटी अच्छी आदतें भी उम्र बढ़ने के बाद शरीर को फिट और एक्टिव बनाए रख सकती हैं

अपडेटेड Jun 29, 2026 पर 3:17 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
साधारण लाइफस्टाइल से बना सुपर फिट! 62 वर्षीय शख्स की कहानी इंटरनेट पर वायरल

फिट रहने के लिए जिम में घंटों पसीना बहाना या महंगे सप्लीमेंट लेना ही जरूरी हो, ऐसा नहीं है। कई बार छोटी-छोटी रोजमर्रा की आदतें भी उम्र बढ़ने के बावजूद शरीर को चुस्त और स्वस्थ बनाए रख सकती हैं। इसका उदाहरण चेन्नई के 62 वर्षीय एक शख्स हैं, जिन्होंने अपनी सादगी भरी लाइफस्टाइल और आसान फिटनेस रूटीन से लोगों का ध्यान खींचा है। उनकी फिट बॉडी देखकर कई लोग हैरान रह जाते हैं, लेकिन उनकी दिनचर्या किसी प्रोफेशनल एथलीट जैसी नहीं है। न वह भारी वर्कआउट करते हैं और न ही किसी फैंसी डाइट को फॉलो करते हैं।

उनका मानना है कि नियमित व्यायाम, घर का साधारण खाना और अनुशासित दिनचर्या ही लंबे समय तक स्वस्थ रहने का सबसे आसान तरीका है। उनकी यही सोच अब सोशल मीडिया पर लोगों को फिटनेस का नया नजरिया दे रही है।

न वेट ट्रेनिंग, न घंटों जिम... फिर भी कमाल की फिटनेस


जब उनसे उनकी फिटनेस का राज पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वह जिम जाकर भारी वजन नहीं उठाते। उनकी सुबह हल्की स्ट्रेचिंग से शुरू होती है, जबकि शाम को वह बैडमिंटन खेलते हैं। उनका कहना है कि शरीर को रोज एक्टिव रखना सबसे जरूरी है। दिलचस्प बात यह रही कि जब उनकी फिट बॉडी की तारीफ की गई तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्हें खुद नहीं पता था कि लोग उन्हें इतना फिट मानते हैं।

घर का खाना ही है सबसे बड़ा 'सुपरफूड'

उनकी डाइट बेहद साधारण है। सुबह नाश्ते में 3 इडली, अंडे का सफेद हिस्सा और सलाद खाते हैं। बीच में भूना चना लेते हैं। दोपहर में चपाती, दही-चावल और सब्जियां खाते हैं। रात के खाने में चपाती, सब्जियां, चना और काली दाल शामिल होती है। खास बात यह है कि उन्होंने चावल और रोटी जैसे कार्बोहाइड्रेट को अपनी डाइट से बाहर नहीं किया है।

कम नींद, लेकिन पक्की दिनचर्या

वह रोज करीब 6 घंटे की नींद लेते हैं। हालांकि आमतौर पर 7 से 9 घंटे की नींद की सलाह दी जाती है, लेकिन उनका कहना है कि नियमित दिनचर्या और एक्टिव लाइफस्टाइल उन्हें पूरे दिन ऊर्जावान बनाए रखती है।

फिट रहने का आसान मंत्र

उनका मानना है कि रोज थोड़ा पसीना बहाना जरूरी है। इसके लिए दौड़ना, तेज चलना, बैडमिंटन या कोई भी पसंदीदा खेल खेला जा सकता है। साथ ही उन्होंने जंक फूड से दूरी बनाने और घर का ताजा खाना खाने की सलाह दी। उनके अनुसार अच्छी दिनचर्या, संतुलित भोजन और नियमित गतिविधियां कई बीमारियों से बचाने में मदद कर सकती हैं।

डिस्क्लेमर : यह जानकारी एक व्यक्ति के अनुभव पर आधारित है। स्वास्थ्य, व्यायाम या आहार से जुड़ा कोई भी बड़ा बदलाव करने से पहले डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह लेना उचित है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।