जिंदगी बदलने का दम रखती हैं ये 5 किताबें! पढ़ लिया तो बदल जायेगा जिंदगी देखने का नजरिया

हर रीडर की पसंद अलग होती है, इसलिए जरूरी नहीं कि एक ही किताब सभी को पसंद आए। फिर भी कुछ नॉवेल ऐसे हैं जिन्हें दुनियाभर के रीडर बार-बार पढ़ते हैं। ऐसी किताबें कभी भावुक करती हैं, कभी रोमांच से भर देती हैं। कुछ कहानियां मुश्किल हालात में उम्मीद देती हैं, तो कुछ जिंदगी और इंसानी रिश्तों की गहराई को समझाती हैं। आप अपनी reading list में ऐसी किताबें जोड़ना चाहते हैं जो पढ़ने के बाद लंबे समय तक याद रहें, तो इन दस नॉवेल्स को जरूर शामिल कर सकते हैं।

अपडेटेड Aug 20, 2026 पर 3:19 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

दुनिया में पढ़ने के लिए हजारों किताबें हैं, लेकिन कुछ किताबें ऐसी होती हैं जो दिल और दिमाग पर गहरा असर छोड़ती हैं। इनकी कहानी पढ़ने के बाद हम दुनिया और जिंदगी को थोड़ा अलग नजरिए से देखने लगते हैं। कई बार इनके कैरेक्टर हमें इतने पसंद आते हैं कि किताब खत्म होने के बाद भी वे याद रहते हैं।

हर किसी के लिए एक जैसी किताबों की लिस्ट बनाना मुश्किल है, क्योंकि हर इंसान की पसंद अलग होती है। किसी को एडवेंचर पसंद आता है, तो किसी को भावुक या सोचने वाली कहानी। फिर भी कुछ किताबें ऐसी होती हैं जिन्हें लोग पीढ़ियों से एक-दूसरे को पढ़ने की सलाह देते हैं। इन कहानियों में सिर्फ मनोरंजन नहीं होता, बल्कि प्यार, रिश्ते, जिम्मेदारी, पहचान, अतीत और जिंदगी जैसे बड़े सवाल भी छिपे होते हैं। जरूरी नहीं कि हर किताब आपको पसंद आए, लेकिन अच्छी किताब अक्सर पढ़ने के बाद भी लंबे समय तक आपके दिमाग में बनी रहती है।

book1


 1. जॉन स्टीनबेक की ‘ईस्ट ऑफ ईडन’

यह कहानी कैलिफोर्निया की सालिनास घाटी में रहने वाले दो परिवारों की कई जनरेशन के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें परिवार, प्यार, जलन, गलत फैसले और अच्छाई-बुराई के बीच की लड़ाई को दिखाया गया है। इसके किरदार अपनी गलतियों से जूझते हैं और यह समझने की कोशिश करते हैं कि क्या इंसान अपने फ्यूचर को खुद बदल सकता है। यह किताब हमें अपनी जिंदगी और फैसलों के बारे में सोचने पर मजबूर करती है।

2. अलेक्जेंडर डुमास की ‘द काउंट ऑफ मोंटे क्रिस्टो’

यह एडमंड डेंटेस की कहानी है, जिसे धोखे से जेल भेज दिया जाता है और वह कई साल वहां बिताता है। बाहर आने के बाद वह अपनी पहचान बदलकर उन लोगों से बदला लेने की योजना बनाता है, जिन्होंने उसकी जिंदगी बर्बाद की थी। कहानी में रोमांच, रहस्य, दौलत और साजिश के कई मोड़ आते हैं। यह सिर्फ बदले की कहानी नहीं है, बल्कि बताती है कि बदला इंसान की जिंदगी को किस तरह बदल सकता है।

3. लैरी मैकमर्ट्री की ‘लोनसम डव’

कहानी दो पुराने टेक्सास रेंजर्स की है, जो टेक्सास से मोंटाना तक मवेशियों को ले जाने के सफर पर निकलते हैं। इस यात्रा में उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है और उनकी दोस्ती, प्यार, डर और अकेलापन सामने आता है। किताब लंबी है, लेकिन इसके किरदार कहानी को दिलचस्प बनाए रखते हैं। यह दोस्ती, जिंदगी और बदलते समय की खूबसूरत कहानी है।

4. मार्कस ज़ुसाक की ‘द बुक थीफ’

यह कहानी दूसरे विश्व युद्ध के समय की है और इसे ‘मौत’ के नजरिए से बताया गया है। लीजेल नाम की लड़की को किताबों से बहुत लगाव है और मुश्किल समय में किताबें उसे हिम्मत देती हैं। कहानी दिखाती है कि शब्द और कहानियां इंसान को मुश्किल समय में सहारा दे सकती हैं।यह किताब शब्दों की ताकत और इंसानियत की अहमियत समझाती है।

5. खालिद होसेनी की ‘अ थाउजेंड स्प्लेंडिड सन्स’

इस किताब में मरियम और लैला नाम की दो अफगान महिलाओं की कहानी है। युद्ध और मुश्किल हालात उनकी जिंदगी को बदल देते हैं और दोनों एक-दूसरे का सहारा बनती हैं। कहानी में परिवार, दोस्ती, प्यार और हिम्मत को बहुत भावुक तरीके से दिखाया गया है। यह किताब बताती है कि कठिन समय में रिश्ते और हिम्मत इंसान को मजबूत बना सकते हैं।

6. कॉर्मैक मैकार्थी की ‘द रोड’

यह एक ऐसी दुनिया की कहानी है जहां बड़ी तबाही के बाद सब कुछ बर्बाद हो चुका है। एक पिता और उसका बेटा इस मुश्किल दुनिया में खाना और सुरक्षित जगह तलाशते हुए आगे बढ़ते हैं। पिता अपने बेटे को हर हाल में अच्छा इंसान बने रहने की सीख देता है। यह प्यार, उम्मीद और इंसानियत की बहुत गहरी कहानी है।

7. एलिस वॉकर की ‘द कलर पर्पल’

यह सेली नाम की एक महिला की कहानी है, जो जिंदगी में बहुत मुश्किलों और भेदभाव का सामना करती है। धीरे-धीरे वह अपनी पहचान समझती है और अपने लिए आवाज उठाना सीखती है। यह किताब आत्मविश्वास, आजादी और अपनी पहचान बनाने की कहानी है।

8. रिचर्ड एडम्स की ‘वॉटरशिप डाउन’

इस कहानी के मेन कैरेक्टर खरगोश हैं, जो अपना घर छोड़कर सुरक्षित जगह की तलाश में निकलते हैं। रास्ते में उन्हें कई खतरे और मुश्किलें मिलती हैं। कहानी में दोस्ती, आजादी, हिम्मत और नेतृत्व जैसे विषयों को आसान तरीके से दिखाया गया है। यह किताब दिखाती है कि जानवरों की कहानी के जरिए भी जिंदगी और समाज के बारे में बहुत कुछ बताया जा सकता है।

9. टिम ओ'ब्रायन की ‘द थिंग्स दे कैरिड’

यह किताब वियतनाम युद्ध में शामिल सैनिकों की कहानियों पर आधारित है। इसमें युद्ध के साथ-साथ सैनिकों के डर, यादों, दुख और अपराध-बोध को भी दिखाया गया है। यह किताब युद्ध के असर और इंसान के मन पर पड़ने वाले उसके गहरे प्रभाव को समझने में मदद करती है।

10. काज़ुओ इशिगुरो की ‘नेवर लेट मी गो’

यह कैथी और उसके दोस्तों की कहानी है, जो एक बोर्डिंग स्कूल में साथ बड़े होते हैं। शुरुआत में उनकी जिंदगी सामान्य लगती है, लेकिन धीरे-धीरे कहानी का असली रहस्य सामने आता है। इसमें दोस्ती, प्यार, जिंदगी और इंसान होने के मतलब जैसे सवाल उठाए गए हैं। यह किताब खत्म होने के बाद भी आपको जिंदगी और रिश्तों के बारे में सोचने पर मजबूर करती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।