दिवाली का त्योहार नजदीक है और घर की सफाई हर किसी के लिए बड़ी चुनौती बन जाती है। खासकर छत पर लगे पंखों की सफाई कई लोगों के लिए सिरदर्द बन जाती है। लंबे समय तक धूल और गंदगी जमा होने से पंखा न केवल दिखने में बुरा लगता है, बल्कि घर की हवा की क्वालिटी पर भी असर डालता है। कई बार पंखे की ब्लेड तक पहुंचने के लिए सीढ़ी या स्टूल का सहारा लेना पड़ता है, जो समय और मेहनत दोनों में भारी पड़ता है। लेकिन यूट्यूबर शोभा बैंसला ने इस परेशानी का एक बेहद आसान और किफायती समाधान सुझाया है।
उनका तरीका इतना सरल है कि आप बिना किसी ऊंचाई पर चढ़े और सिर्फ कुछ घर पर उपलब्ध चीजों की मदद से पंखे को मिनटों में नए जैसे चमका सकते हैं। ये तरीका न केवल समय बचाता है, बल्कि सफाई को मजेदार और सुरक्षित भी बनाता है।
साफ-सफाई शुरू करने से पहले पंखे पर जमी मोटी धूल और जाले को हटाना जरूरी है। इसके लिए एक लंबी डंडी वाली झाड़ू का इस्तेमाल करें। ये पंखे तक आसानी से पहुंच जाती है और धूल को ढीला कर देती है। ऐसा करने से अगली सफाई बेहद आसान हो जाती है।
सफाई को आसान बनाने के लिए घर पर ही क्लीनर तैयार किया जा सकता है। इसके लिए गर्म पानी में एक पैकेट एंटैसिड पाउडर (जैसे ईनो) मिलाएं और एक रुपये वाले शैंपू का पाउच डालकर घोल बनाएं। एंटैसिड में मौजूद साइट्रिक एसिड और सोडियम बाइकार्बोनेट शैंपू के साथ मिलकर चिपचिपी और तेल जैसी गंदगी को ढीला कर देता है। इस घोल को स्प्रे बोतल में भर लें।
एक स्क्रबर और प्लास्टिक की बोतल का ढक्कन लेकर इसे हैंडल पर फिक्स करें। कटे हुए ढक्कन में दो छेद करें और तार की मदद से स्क्रबर से जोड़ दें। बोतल का हिस्सा ऊपर की ओर रखना चाहिए। ये टूल पंखे के हर हिस्से तक आसानी से पहुंचता है, और सीढ़ी या स्टूल की जरूरत पूरी तरह खत्म हो जाती है।
पहले पंखे की ब्लेड पर तैयार घोल स्प्रे करें और कुछ मिनटों के लिए छोड़ दें। इसके बाद स्क्रबर वाले टूल से ब्लेड को धीरे-धीरे घिसें। लंबे हैंडल की मदद से पंखे के बीच वाले हिस्से तक जमीन पर खड़े होकर सफाई की जा सकती है।
साफ करने के बाद पंखे को बेदाग और चमकदार बनाने के लिए एक सूखा और साफ कपड़ा स्क्रबर में फंसा कर ब्लेड पोंछें। इससे पंखा नया जैसा दिखने लगेगा और दिवाली की सफाई पूरी तरह प्रभावी और आसान हो जाएगी।