रोजाना चाय बनाना हमारी दिनचर्या का अहम हिस्सा है, लेकिन इसी आदत के साथ एक छोटी-सी परेशानी भी जुड़ी होती है—चाय की छलनी पर दाग लगना। शुरुआत में ये दाग मामूली लगते हैं, लेकिन समय के साथ चाय की परत मोटी होकर छलनी पर जमने लगती है। इससे उसके बारीक छेद धीरे-धीरे बंद होने लगते हैं और चाय ठीक से छानना मुश्किल हो जाता है। अक्सर लोग इसे सामान्य समस्या मानकर नजरअंदाज कर देते हैं या बार-बार धोने के बाद भी जब छलनी साफ नहीं होती, तो नई छलनी खरीदने का फैसला कर लेते हैं।
जबकि सच्चाई ये है कि इस झंझट से छुटकारा पाना उतना मुश्किल नहीं है, जितना लगता है। थोड़ी-सी जानकारी और सही तरीका अपनाकर पुरानी और गंदी दिखने वाली छलनी को फिर से साफ और इस्तेमाल लायक बनाया जा सकता है, वो भी बिना ज्यादा मेहनत और खर्च के।
साबुन भी हो जाए फेल तो क्या करें?
कई बार इतनी जिद्दी मैल जम जाती है कि साबुन और स्क्रबर भी बेअसर साबित होते हैं। खासतौर पर स्टील और प्लास्टिक की छलनी में चाय की परत अंदर तक बैठ जाती है। ऐसे में सही घरेलू उपाय अपनाकर आप मिनटों में छलनी को दोबारा चमका सकते हैं।
चाय की छलनी साफ करने के लिए बेकिंग सोडा और सिरका बेहद असरदार उपाय है। एक बर्तन में पानी उबालें और उसमें सिरका, बेकिंग सोडा और थोड़ा सा डिश वॉशिंग लिक्विड मिलाएं। अब इस उबलते पानी में गंदी छलनी डालकर कुछ मिनट छोड़ दें। इससे जमी मैल अपने आप ढीली पड़ने लगती है।
टूथब्रश से करें हल्की सफाई
कुछ देर बाद छलनी को निकालकर पुराने टूथब्रश से धीरे-धीरे रगड़ें। आप देखेंगे कि पुरानी चाय की परत आसानी से निकल रही है और बंद छेद भी खुलने लगे हैं।
स्टील छलनी के लिए गरम करने का तरीका
अगर छलनी स्टील की है, तो उसे हल्की आंच पर कुछ देर गरम करें। ठंडा होने के बाद स्क्रबर से साफ करें। इस तरीके से जमी गंदगी निकल जाती है और छलनी फिर से नई जैसी दिखने लगती है।