अक्सर हम प्याज के छिलकों को बेकार समझकर कचरे में फेंक देते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही भूरे रंग के सूखे छिलके आपके घर के कई कामों में मददगार हो सकते हैं? ये सिर्फ रसोई का कचरा नहीं बल्कि कई कामों में आने वाला संसाधन है, जिसका इस्तेमाल आप बालों की देखभाल से लेकर पौधों की खाद और घर की सफाई तक में कर सकते हैं। इन छिलकों में ऐसे पोषक तत्व और प्राकृतिक गुण होते हैं, जो बालों को मज़बूती देते हैं, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाते हैं और यहां तक कि नेचुरल रंग भी प्रदान करते हैं।
पुराने समय में लोग इनका प्रयोग घरेलू उपायों के रूप में करते थे, लेकिन अब ये परंपराएं फिर से लौट रही हैं। तो अगली बार जब आप प्याज काटें, तो छिलकों को संभाल कर रखिए, क्योंकि ये आपके घर में कई तरीकों से काम आ सकते हैं – वो भी बिना किसी खर्च के।
अगर आप गार्डनिंग के शौकीन हैं, तो प्याज के छिलके आपके बहुत काम आ सकते हैं। इनमें नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटैशियम जैसे जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं जो मिट्टी को उर्वर बनाते हैं और पौधों की बेहतर ग्रोथ में मदद करते हैं। बस आपको छिलकों को सुखाकर या पानी में उबालकर खाद के रूप में उपयोग करना है। इससे मिट्टी की गुणवत्ता भी सुधरती है।
बाल झड़ना आजकल एक आम समस्या है, लेकिन प्याज के छिलकों से इस परेशानी को भी काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसके लिए प्याज के छिलकों को पानी में उबालें और जब पानी ठंडा हो जाए तो इसे टोनर की तरह सिर की जड़ों में लगाएं। इससे बाल मज़बूत बन सकते हैं और स्कैल्प को पोषण भी मिलता है।
क्या आप जानते हैं कि प्याज के छिलकों में नेचुरल क्लीनिंग एजेंट होते हैं? जी हां, आप इन छिलकों को उबालकर जो पानी तैयार करेंगे, उसका इस्तेमाल बाथरूम, सिंक, या किचन जैसी जगहों की सफाई में कर सकते हैं। ये पानी बैक्टीरिया को खत्म करने और बदबू को दूर करने में मदद करता है।
अगर आप नेचुरल चीजों के शौकीन हैं तो प्याज के छिलकों से बना रंग आपको जरूर पसंद आएगा। इन छिलकों को पानी में उबालकर जो रंग निकलता है, वो कपड़ों या घर की किसी चीज को रंगने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। खास बात ये है कि ये रंग पूरी तरह से कैमिकल फ्री होता है और पर्यावरण के लिए सुरक्षित भी।