Tips and Tricks: कैंची, चाकू और चाबियों पर जमी जंग हटेगी चुटकियों में, ऐसे करें सफाई

Tips and Tricks: बरसात में नमी बढ़ते ही घर के कई सामान किचन के चाकू, सिलाई की कैंची, नल या चाबियां जंग खा जाते हैं। इन्हें बदलना मुश्किल और खर्चीला होता है। सोशल मीडिया पर कुछ आसान ट्रिक्स वायरल हैं, जिनसे ये चीजें मिनटों में साफ हो सकती हैं। खास बात ये कि इनमें इस्तेमाल होने वाला सामान हर घर में मौजूद रहता है

अपडेटेड Aug 27, 2025 पर 11:12 AM
Story continues below Advertisement
Tips and Tricks: अगर चाबी जंग खा रही है, तो उसे भी आसानी से ठीक किया जा सकता है।

बरसात के मौसम में नमी बढ़ते ही घर के कई सामान पर जंग जमना आम बात है। चाहे किचन के चाकू हों, सिलाई की कैंची, बाथरूम के नल या फिर रोज़मर्रा की चाबियां जंग लगने से इनका इस्तेमाल मुश्किल हो जाता है और इन्हें बदलना हमेशा आसान नहीं होता। ऐसे समय में लोग अक्सर महंगे केमिकल्स या नए प्रॉडक्ट खरीदने की सोचते हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर हाल ही में कुछ घरेलू और बेहद आसान ट्रिक्स वायरल हो रही हैं। इन तरीकों की खासियत यह है कि इनमें इस्तेमाल होने वाली चीज़ें लगभग हर घर में मौजूद रहती हैं और इन्हें अपनाने में न तो ज्यादा खर्च आता है और न ही ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।

इन उपायों से न केवल जंग हट सकती है बल्कि पुराने सामान की चमक और धार भी वापस लाई जा सकती है। अगर आप भी मानसून में जंग की समस्या से परेशान हैं, तो ये टिप्स आपके काम आ सकते हैं।

कपड़ों के बटन से हटाएं जंग का दाग


कपड़ों पर खासकर बटन के पास जंग का निशान दिखना आम बात है। इसके लिए हाइड्रोजन पेरोक्साइड और सिरका बराबर मात्रा में मिलाकर घोल तैयार करें। इस मिश्रण को दाग वाले हिस्से पर लगाकर धीरे-धीरे रगड़ें। थोड़ी ही देर में निशान साफ हो जाएगा और कपड़ा पहले जैसा दिखने लगेगा।

चाकू की चमक वापस लाएं

अगर आपके चाकू पर जंग दिखाई दे रही है, तो घबराने की जरूरत नहीं। हल्का नमक छिड़ककर उसे पूरे ब्लेड पर फैला दें, फिर टिश्यू पेपर रखकर उस पर विनेगर डालें। करीब 10 मिनट तक इसे ऐसे ही छोड़ दें और बाद में कपड़े से पोंछ लें। ये तरीका चाकू को बिना घिसाई के फिर से चमका देता है।

जंग लगी कैंची भी होगी नई जैसी

कैंची पर जंग जम जाए तो उसकी धार भी खराब हो जाती है। इसे ठीक करने के लिए एक बर्तन में टूथपेस्ट, कोल्ड ड्रिंक, थोड़ा सा बेकिंग सोडा और विनेगर मिलाएं। कैंची को इस घोल में डालकर हल्का गुनगुना पानी डालें और 10 मिनट तक छोड़ दें। बाहर निकालने के बाद पोंछते ही न केवल जंग हट जाएगी बल्कि कैंची की धार भी तेज हो जाएगी।

चाबी को भी मिलेगी नई चमक

अगर चाबी जंग खा रही है, तो उसे भी आसानी से ठीक किया जा सकता है। एक बाउल में कोल्ड ड्रिंक और सिरका मिलाएं और चाबी को इसमें 10 मिनट तक डुबो दें। तय समय बाद चाबी को निकालकर धोएं और कपड़े से पोंछ लें। चाबी बिलकुल नई जैसी दिखाई देगी।

नल के दाग भी हटेंगे

बाथरूम या किचन के नल पर जंग के निशान साफ करने के लिए टूथपेस्ट, डिशवॉश लिक्विड और विनेगर को मिलाकर हल्का घोल तैयार करें। इसे स्प्रे बोतल में भरकर नल पर छिड़कें और थोड़ी देर बाद पोंछ दें। ये उपाय जंग के निशानों को तुरंत साफ कर देता है और नल नए जैसे चमकने लगते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।