घर में छोटे-मोटे मरम्मत या क्राफ्ट का काम करते समय सुपर ग्लू या फेवीक्विक का इस्तेमाल आम बात है, लेकिन जरा सी लापरवाही बड़ी परेशानी खड़ी कर सकती है। कई बार यह चिपकने वाला गोंद अचानक उंगलियों पर गिर जाता है और पल भर में त्वचा को आपस में जोड़ देता है, जिससे हाथ चिपक जाते हैं। ऐसी स्थिति में लोग घबराहट में तुरंत उंगलियों को जोर से खींचने लगते हैं, लेकिन यह तरीका और भी नुकसानदायक साबित हो सकता है क्योंकि इससे स्किन छिलने, जलन या चोट लगने का खतरा बढ़ जाता है।
इसलिए इस स्थिति में समझदारी से काम लेना बेहद जरूरी होता है। सही तरीका अपनाकर इस चिपचिपी समस्या से आसानी से छुटकारा पाया जा सकता है और बिना किसी चोट के उंगलियों को सुरक्षित अलग किया जा सकता है।
घबराहट में की गई ये गलती पड़ सकती है भारी
फेवीक्विक दरअसल साइनोएक्रिलेट नाम का केमिकल होता है, जो हवा के संपर्क में आते ही तुरंत सख्त हो जाता है। ऐसे में उंगलियों को जबरदस्ती अलग करने की कोशिश करने से त्वचा की ऊपरी परत तक निकल सकती है। इसलिए धैर्य रखना सबसे जरूरी है।
सोशल मीडिया पर Deepak Kumar Bhagat दिपक कुमार भगत का एक आसान और घरेलू तरीका तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें सिर्फ रसोई में मौजूद नमक की मदद से फेवीक्विक को हटाने का दावा किया गया है। ये तरीका सस्ता भी है और काफी हद तक असरदार भी माना जा रहा है।
स्टेप-बाय-स्टेप आसान तरीका
सबसे पहले शांत रहना जरूरी है और उंगलियों को जोर से अलग करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
इसके बाद चिपके हिस्से पर नमक डालकर हल्के हाथों से रगड़ना होता है। नमक धीरे-धीरे ग्लू की पकड़ को कमजोर करता है और परत टूटने लगती है।
अगर गोंद ज्यादा सख्त हो तो नमक में हल्का गुनगुना पानी मिलाकर 1-2 मिनट तक धीरे-धीरे रगड़ने से असर और तेज हो जाता है। उंगलियां अलग होने के बाद साबुन और गुनगुने पानी से हाथ धो लेना चाहिए।
और भी घरेलू उपाय जो आ सकते हैं काम
नेल पॉलिश रिमूवर (एसीटोन) भी फेवीक्विक को घोलने में मदद करता है। नींबू का रस भी इसकी पकड़ को ढीला कर सकता है। वहीं गर्म पानी में लिक्विड साबुन डालकर उंगलियों को कुछ देर भिगोने से भी राहत मिल सकती है।
अगर फेवीक्विक आंखों, होंठों या किसी संवेदनशील हिस्से पर लग जाए तो घरेलू उपाय करने के बजाय तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। ऐसे मामलों में लापरवाही खतरनाक हो सकती है।
छोटा सा जुगाड़, बड़ा आराम
थोड़ी सी समझदारी और रसोई में मौजूद साधारण नमक का ये जुगाड़ ऐसे मुश्किल हालात में बड़ी राहत दे सकता है। अगली बार अगर फेवीक्विक चिपक जाए, तो घबराने की बजाय ये आसान तरीका जरूर आजमाया जा सकता है।