गर्मी के मौसम में सब्जियों को सुरक्षित और ताजा बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए FSSAI ने लोगों को जागरूक किया है कि तेज तापमान और अधिक नमी के कारण हरी सब्जियां बहुत जल्दी खराब होने लगती हैं। इस मौसम में न सिर्फ सब्जियां मुरझा जाती हैं, बल्कि उनमें बैक्टीरिया और फंगस भी तेजी से पनपने लगते हैं, जिससे उनका स्वाद, पोषण और गुणवत्ता प्रभावित हो जाती है। कई बार लोग बाजार से ताजी दिखने वाली सब्जियां लाते हैं, लेकिन गलत तरीके से स्टोर करने की वजह से वे घर में ही जल्दी खराब हो जाती हैं।
ऐसे में स्टोरेज का सही तरीका अपनाना बेहद जरूरी हो जाता है ताकि सब्जियां ज्यादा समय तक ताजा, सुरक्षित और उपयोग योग्य बनी रहें। FSSAI की ये सलाह लोगों को बेहतर खानपान और खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक अहम कदम है, जिससे खाने की बर्बादी भी कम की जा सकती है।
धोने के बाद सब्जियां जरूर सुखाएं
अक्सर लोग सब्जियां धोकर सीधे फ्रिज में रख देते हैं, जो सही नहीं है। सब्जियों पर बची हुई पानी की बूंदें उन्हें जल्दी सड़ा सकती हैं। हल्का सुखाकर रखने से वे ज्यादा समय तक ताजा रहती हैं।
पेपर टॉवल से मिलेगी ज्यादा ताजगी
हरी पत्तेदार सब्जियों को पेपर टॉवल में लपेटने की सलाह दी गई है। इससे अतिरिक्त नमी सोख ली जाती है और सब्जियां गीली या खराब नहीं होतीं। यह एक आसान और असरदार तरीका है।
बंद प्लास्टिक बैग से बचें
सब्जियों को पूरी तरह बंद प्लास्टिक बैग में रखने से अंदर नमी जमा हो जाती है, जिससे वे जल्दी खराब हो सकती हैं। इसके बजाय छेद वाले या जालीदार बैग का इस्तेमाल करना बेहतर होता है, ताकि हवा आती-जाती रहे।
फ्रिज में की जाने वाली गलतियां
लोग अक्सर सब्जियों को बिना सोच-विचार के एक साथ भर देते हैं या खराब सब्जियों को नहीं हटाते। इससे बाकी सब्जियां भी जल्दी खराब हो जाती हैं। इसलिए फ्रिज में सफाई और सही व्यवस्था रखना जरूरी है।
अगर थोड़ी सी सावधानी रखी जाए जैसे सब्जियों को सूखा रखना, सही पैकिंग करना और समय पर इस्तेमाल करना तो, वो लंबे समय तक ताजी रह सकती हैं। इससे खाना भी सुरक्षित और हेल्दी बना रहता है।