गणेश चतुर्थी पर शुगर फ्री मोदक बनाने का ये है प्रो टिप्स, आलिया-दीपिका की ट्रेनर ने बताया इसका पूरा तरीका

मोदक त्योहार पर पसंद की जाने वाली खास मिठाई है, लेकिन ज्यादा चीनी के कारण कई लोग इसे खाने से बचते हैं। लेकिन आलिया भट्ट और दीपिका पादुकोण की ट्रेनर ने मोदक की एक आसान और पौष्टिक रेसिपी शेयर की है। इस रेसिपी में हेल्दी इंग्रीडिएंट का इस्तेमाल करके मोदक को थोड़ा परफेक्ट ऑप्शन बनाया गया है। इससे आप टेस्ट के साथ अपनी डाइट का भी ध्यान रख सकते हैं।

अपडेटेड Sep 09, 2026 पर 1:24 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

गणेश चतुर्थी 2026 में 14 सितंबर, सोमवार को मनाई जाएगी। इस दिन घर-घर बप्पा की स्थापना की जाएगी और गणेशोत्सव की शुरुआत होगी। यह उत्सव 10 दिनों तक चलता है और 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन गणपति विसर्जन के साथ पूरा होता है। पारंपरिक रूप से उकडीचे मोदक, नारियल-गुड़ वाले मोदक, तले हुए मोदक, चॉकलेट मोदक और ड्राई फ्रूट मोदक जैसे कई तरह के मोदक बनाए जाते हैं। इसके अलावा कई घरों में बप्पा को लड्डू, पेड़ा, बर्फी और दूसरे फल-मिठाइयों का भी भोग लगाया जाता है।

गणेश जी को मोदक बहुत प्रिय माने जाते हैं, इसलिए पूजा में मोदक का भोग खास महत्व रखता है। लेकिन यदि आप मिठाई खाते समय ज्यादा चीनी से बचना चाहते हैं, तो इस बार मोदक का थोड़ा अलग वर्जन बना सकते हैं। फिटनेस ट्रेनर यास्मीन कराचीवाला ने बिना रिफाइंड शुगर वाला मोदक बनाने का आसान तरीका बताया है। ऐसे में जो लोग त्योहार के दौरान अपनी डाइट का भी ध्यान रखना चाहते हैं, उनके लिए यह एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है। इससे बिना ज्यादा चीनी वाली मिठाई के भी गणेश चतुर्थी की खुशी और स्वाद का मजा लिया जा सकता है।

हेल्दी मोदक बनाने की रेसिपी

1. नट्स को हल्का भूनें


सबसे पहले काजू, बादाम, अखरोट और पिस्ता लें। इन्हें एक पैन में बिना ज्यादा तेल के कुछ मिनट तक हल्का भून लें। इससे नट्स का स्वाद और खुशबू अच्छी हो जाएगी। इसके बाद नट्स की मात्रा के हिसाब से करीब 5 से 8 खजूर अलग रख लें।

2. अंजीर को नरम करें

सूखे अंजीर को छोटे टुकड़ों या छल्लों में काटकर करीब 5 मिनट के लिए पानी में भिगो दें। जब अंजीर थोड़े नरम हो जाएं, तो उनका पानी निकाल दें। अब इन्हें खजूर और भुने हुए नट्स के साथ मिला लें।

3. तैयार करें मोदक का मिक्सर

अब खजूर, अंजीर और सभी नट्स को मिक्सर में डालकर पीस लें। इन्हें तब तक पीसें जब तक एक नरम और अच्छी तरह बंधने वाला मिक्सचर तैयार न हो जाए। खजूर और अंजीर इसमें नेचुरल स्वीटनेस देते हैं, इसलिए अलग से रिफाइंड शुगर डालने की जरूरत नहीं पड़ती।

4. दें त्योहार वाला टच

मोदक के सांचे को हल्का सा घी लगाकर तैयार कर लें, ताकि मिक्सचर आसानी से बाहर निकल सके। चाहें तो सांचे के अंदर थोड़े तिल और गुलाब की पंखुड़ियां डाल सकते हैं। इससे मोदक देखने में और भी सुंदर और फेस्टिव लगेगा।

5. सांचे में भरकर सेट करें

अब तैयार मिक्सचर को मोदक के मोल्ड में अच्छी तरह भरें और हाथ से दबाकर शेप दें। इसके बाद मोदक को करीब 10 से 15 मिनट के लिए फ्रीजर में रख दें। अच्छी तरह सेट होने पर मोल्ड को खोलकर मोदक सावधानी से निकालें और फिर इन्हें सर्व करें।

हेल्दी मोदक बनाने की इस रेसिपी के लिए आपको किचन में घंटों बिताने या बहुत सारी चीजों की जरूरत नहीं है। गणेश चतुर्थी पर मिठाई का आनंद लेना चाहते हैं और साथ ही अपनी डाइट का भी ध्यान रखना चाहते हैं, इस रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं। इस तरह त्योहार की खुशी और मोदक का स्वाद दोनों बरकरार रहेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।