हर घरेलू नुस्खा नहीं करता जुकाम का इलाज, जानें किससे मिलता है जल्दी आराम!

सर्दी-जुकाम में कई घरेलू नुस्खों से थोड़ी देर के लिए आराम जरूर मिलता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि बीमारी जल्दी ठीक हो रही है। आमतौर पर सर्दी-जुकाम एक हफ्ते से 10 दिनों में अपने आप ठीक हो जाता है। इसलिए ऐसे उपाय करने चाहिए जो बीमारी के टाइम को कम कर सकें और उन तरीकों को जानें जो सिर्फ लक्षणों से राहत देते हैं।

अपडेटेड Sep 01, 2026 पर 4:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

सर्दी-जुकाम होने पर हम तुरंत राहत पाने के लिए तरह-तरह के घरेलू नुस्खे, चाय, काढ़े और दूसरी चीजें आजमाने लगते हैं। इनमें से कई चीजों से गले की खराश, नाक बंद होने या खांसी में थोड़ी देर के लिए आराम भी मिल जाता है। लेकिन यहां आराम महसूस होना और बीमारी ठीक होना, दोनों अलग बातें हैं। आम सर्दी-जुकाम एक हफ्ते से 10 दिनों के अंदर अपने आप ठीक हो जाता है। ऐसे में हमें लगता है कि हमने जो उपाय किया उसका असर है, जबकि हो सकता है कि शरीर वैसे ही धीरे-धीरे ठीक हो रहा हो। इसी वजह से सर्दी-जुकाम के घरेलू उपायों को समझते समय यह देखना जरूरी है कि कौन-सा तरीका सच में बीमारी को कम करता है और कौन-सा आराम देता है। दोनों तरह के उपाय अपनी जगह काम के हैं, बस उनसे मिलने वाले फायदे को सही तरीके से समझना जरूरी है।

cold

1. सर्दी-जुकाम का पैटर्न समझें


सर्दी-जुकाम वायरस की वजह से होता है और इसके लक्षण कुछ दिनों तक बने रह सकते हैं। नाक बंद होना, गले में खराश, नाक बहना, खांसी और थकान जैसी परेशानियां शरीर के इम्यून सिस्टम के वायरस से लड़ने की वजह से भी होती हैं। दूसरे या तीसरे दिन लक्षण ज्यादा परेशान कर सकते हैं और धीरे-धीरे 7 से 10 दिनों में आराम मिलने लगता है। लेकिन हल्की खांसी या नाक बंद रहने की समस्या कुछ समय और रह सकती है। इसलिए हर घरेलू नुस्खे से सर्दी तुरंत ठीक होने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।

2. खांसी में शहद से पाएं राहत

खांसी और गले की खराश में शहद काफी आराम दे सकता है। इसे हल्के गर्म पानी या नींबू वाले गर्म पानी के साथ लिया जा सकता है। गर्म चाय, सूप और दूसरे तरल पदार्थ भी गले को आराम देने और शरीर में पानी की कमी पूरी करने में मदद कर सकते हैं। अदरक की चाय भी गर्माहट और आराम दे सकती है, लेकिन इसे सर्दी-जुकाम का पक्का इलाज नहीं माना जाता।

3. हाइड्रेशन और नींद

सर्दी-जुकाम में शरीर को आराम देना बहुत जरूरी है। पर्याप्त पानी, हॉट ड्रिंक और सूप जैसी चीजें लेते रहें, ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे और गले व नाक में जमा बलगम कुछ पतला रह सके। अच्छी नींद भी शरीर को बीमारी से लड़ने में मदद करती है। बीमारी के दौरान बहुत ज्यादा मेहनत या एक्सरसाइज करने के बजाय शरीर को आराम देने पर ध्यान दें।

4. सर्दी में गरारे और नेजल स्प्रे से राहत 

गले में खराश होने पर हल्के गर्म खारे पानी से गरारे करने से कुछ राहत मिल सकती है। नाक बंद होने पर सेलाइन नेजल स्प्रे या सिक्योर तरीके से किया गया सलाइन रिंस भी मदद कर सकता है। यदि नाक की सफाई के लिए पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो सीधे नल का पानी न लें। डिस्टिल्ड या स्टरलाइज्ड पानी इस्तेमाल करें, या पानी को उबालकर ठंडा करने के बाद इस्तेमाल करें।

 5. शरीर को दें पूरा आराम

सर्दी-जुकाम होने पर शरीर को बीमारी से लड़ने के लिए ज्यादा आराम की जरूरत होती है। इसलिए इस दौरान भरपूर नींद लें और बहुत ज्यादा काम या थकाने वाली एक्सरसाइज करने से बचें। दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें और गर्म पानी, सूप या हर्बल चाय जैसे तरल पदार्थ लेते रहें। इससे शरीर हाइड्रेटेड रहेगा और गले की खराश व नाक की जकड़न में भी कुछ राहत मिल सकती है। भूख कम लगे, तो हल्का और आसानी से पचने वाला खाना खाएं।

6. डॉक्टर को कब दिखाएं

विटामिन C, अदरक या दूसरे घरेलू नुस्खे सर्दी को तुरंत खत्म नहीं कर सकते है। इसी तरह हरे या पीले बलगम का मतलब हमेशा बैक्टीरियल इंफेक्शन नहीं होता, इसलिए सिर्फ इसके रंग के आधार पर एंटीबायोटिक नहीं लेनी चाहिए। तेज बुखार कई दिनों तक रहे, सांस लेने में परेशानी हो, सीने में दर्द हो, लक्षण 10 दिन से ज्यादा रहें या पहले ठीक होने के बाद अचानक बिगड़ने लगें, तो डॉक्टर से सलाह लेना सही है।

सर्दी-जुकाम में हर घरेलू नुस्खे को इलाज समझना सही नहीं है। कुछ उपाय करके आप अच्छा फील कर सकते हैं, जबकि बीमारी को ठीक होने में आमतौर पर अपना समय लगता है। इसलिए आराम, पानी और सही देखभाल पर ध्यान दें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।