पहली बार होटल में रुकना बहुत रोमांचक लगता है, लेकिन थोड़ी घबराहट भी होती है। नई जगह, नया माहौल और अलग नियम होने की वजह से कई बार हम जोश में कुछ छोटी-छोटी गलतियां कर देते हैं। ये गलतियां बाद में पैसे का नुकसान भी करा सकती हैं और पूरी ट्रिप का मजा भी खराब कर सकती हैं। कई बार सही जानकारी न होने या जल्दीबाजी में लिए गए फैसले परेशानी बढ़ा देते हैं। इसलिए होटल में रुकने से पहले थोड़ी तैयारी करना बहुत जरूरी है। अगर आप पहले से सावधानी रखेंगे तो आपका स्टे आरामदायक और बिना टेंशन के होगा। सही प्लानिंग से आपकी यात्रा और भी आसान और यादगार बन सकती है।
चेक-इन की जल्दबाजी और जरूरी दस्तावेज भूल जाना
होटल पहुंचते ही सबसे पहला स्टेप होता है चेक-इन। लेकिन अक्सर लोग जल्दबाजी में अपनी आईडी प्रूफ जैसे आधार कार्ड, पासपोर्ट या बुकिंग कन्फर्मेशन साथ रखना भूल जाते हैं। इससे रिसेप्शन पर लंबा इंतजार करना पड़ सकता है और कभी-कभी कमरे मिलने में भी दिक्कत आती है। बेहतर है कि सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स पहले से ही फोन या एक फाइल में तैयार रखें।
मिनी-बार और हिडन चार्जेस का गलत अंदाजा
कमरे में रखी ठंडी ड्रिंक्स, स्नैक्स और चॉकलेट देखकर अक्सर लोग उन्हें फ्री समझ लेते हैं, जबकि ये ज्यादातर मामलों में चार्जेबल होते हैं। सिर्फ पानी की बोतल या बेसिक सुविधाएं ही मुफ्त होती हैं। इसलिए किसी भी चीज को इस्तेमाल करने से पहले रेट लिस्ट जरूर देख लें, नहीं तो बिल बढ़ते देर नहीं लगती।
चेक-आउट टाइम को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है
हर होटल का एक तय चेक-आउट समय होता है, जिसे नजरअंदाज करना महंगा साबित हो सकता है। कई लोग सोचते हैं कि थोड़ी देर रुकना कोई बड़ी बात नहीं है, लेकिन इसके लिए एक्स्ट्रा चार्ज देना पड़ सकता है। अगर आपकी ट्रेन या फ्लाइट लेट है, तो लगेज रिसेप्शन पर जमा करके शहर घूमना बेहतर विकल्प है।
होटल चुनते समय रिव्यू और लोकेशन को नजरअंदाज न करें
सिर्फ सस्ते दाम या खूबसूरत फोटो देखकर होटल बुक करना अक्सर धोखा दे सकता है। असलियत में होटल की हालत अलग हो सकती है या लोकेशन इतनी दूर हो सकती है कि ट्रैवल में ही समय और पैसा दोनों बर्बाद हो जाएं। इसलिए बुकिंग से पहले गूगल रिव्यू और मैप लोकेशन जरूर चेक करें।
होटल स्टाफ और सुरक्षा को हल्के में लेना सबसे बड़ी गलती
होटल में रुकते समय सुरक्षा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। कई लोग कमरे का दरवाजा ठीक से लॉक नहीं करते या की-कार्ड इधर-उधर रख देते हैं। साथ ही, स्टाफ के साथ अच्छा व्यवहार करना भी जरूरी है, ताकि आपकी सर्विस बेहतर रहे। कीमती सामान को हमेशा सेफ लॉकर में रखें और कमरे से बाहर जाते समय लॉक की जांच जरूर करें।