वैश्विक परिस्थितियों के चलते LPG सप्लाई पर असर साफ दिखाई देने लगा है, जिसका सीधा असर आम लोगों की रसोई तक पहुंच रहा है। इसी बीच सरकार ने संकेत दिए हैं कि जिन इलाकों में PNG यानी पाइप्ड नेचुरल गैस की सुविधा उपलब्ध है, वहां आने वाले समय में LPG कनेक्शन को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जा सकता है। इसका मतलब ये है कि अब शहरों और शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को धीरे-धीरे PNG की ओर शिफ्ट होना पड़ सकता है। PNG को सुरक्षित, सस्ता और सुविधाजनक विकल्प माना जाता है, इसलिए सरकार भी इसे बढ़ावा दे रही है।
ऐसे में अगर आप अभी भी LPG का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आपके लिए ये जानना बेहद जरूरी हो जाता है कि आपके एरिया में PNG की सुविधा उपलब्ध है या नहीं, ताकि समय रहते सही फैसला लिया जा सके।
मोबाइल से ही करें आसान चेक
अब आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आप अपने फोन या कंप्यूटर से ही ये पता लगा सकते हैं कि आपके एरिया में PNG पाइपलाइन मौजूद है या नहीं। इसके लिए अलग-अलग गैस कंपनियों की वेबसाइट और ऐप्स की मदद ली जा सकती है।
अगर आप दिल्ली या NCR में रहते हैं, तो IGL के जरिए PNG सप्लाई होती है। इसके लिए आपको IGL की वेबसाइट पर जाकर “Apply New Connection” ऑप्शन में अपने इलाके की जानकारी भरनी होगी। अगर आपकी कॉलोनी लिस्ट में दिखती है, तो आप सीधे कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा ऐप या हेल्पलाइन नंबर से भी जानकारी ली जा सकती है।
मुंबई और आसपास के इलाकों में MGL PNG की सप्लाई करता है। इसकी वेबसाइट पर जाकर कस्टमर सेक्शन में अपना PIN कोड डालकर आप आसानी से चेक कर सकते हैं कि आपके एरिया में ये सुविधा उपलब्ध है या नहीं। उपलब्ध होने पर तुरंत आवेदन भी किया जा सकता है।
GAIL Gas: कई शहरों में नेटवर्क
GAIL Gas देश के कई बड़े शहरों और राज्यों में PNG सेवा देता है। इसकी वेबसाइट पर जाकर आप अपने शहर और इलाके का चयन कर सकते हैं। अगर आपके एरिया में सुविधा मौजूद है, तो आपका आवेदन स्वीकार कर लिया जाएगा और कुछ ही दिनों में कनेक्शन इंस्टॉल हो सकता है।
Adani Gas: गुरुग्राम-फरीदाबाद के लिए
दिल्ली से सटे गुरुग्राम और फरीदाबाद में Adani Gas PNG सप्लाई करता है। वेबसाइट पर जाकर “New Connection” सेक्शन में अपनी डिटेल भरकर आप चेक कर सकते हैं। अगर PNG उपलब्ध है तो रिक्वेस्ट स्वीकार होगी, नहीं तो “Not Available” का मैसेज दिखेगा।
अगर आपके इलाके में PNG उपलब्ध है, तो जल्द ही LPG से शिफ्ट होना आपके लिए जरूरी हो सकता है। ऐसे में बेहतर है कि आप पहले ही उपलब्धता चेक कर लें और नए कनेक्शन के लिए आवेदन कर दें, ताकि आगे किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।