लकड़ी का गंदा चकला-बेलन भी चमक उठेगा जानें इन्हें साफ करने का सही तरीका, रोटी बनाने के बाद न करें ये गलती

Chakla Belan cleaning tips: रोटी बनाने के बाद चकला-बेलन को बिना साफ किए रखना एक आम गलती है, जो धीरे-धीरे गंदगी और बैक्टीरिया को बढ़ावा दे सकती है। अगर आप चाहते हैं कि आपका लकड़ी का चकला-बेलन लंबे समय तक साफ और चमकदार बना रहे, तो कुछ आसान घरेलू उपाय और सही देखभाल के तरीके अपनाना जरूरी है

अपडेटेड Jun 06, 2026 पर 12:04 PM
सफाई के बाद चकला-बेलन को कुछ समय धूप में रखना भी फायदेमंद होता है।

रसोई की साफ-सफाई का सीधा संबंध परिवार की सेहत से जुड़ा होता है। हम अक्सर गैस, बर्तन और किचन प्लेटफॉर्म को तो अक्सर साफ कर लेते हैं, लेकिन कुछ ऐसी चीजें भी होती हैं जिन पर हमारा ध्यान कम जाता है। चकला-बेलन भी उन्हीं में से एक है, जिसका इस्तेमाल लगभग रोजाना किया जाता है। लगातार उपयोग के कारण इन पर आटा, तेल और नमी जमा होने लगती है, जिससे गंदगी और कीटाणुओं के पनपने का खतरा बढ़ सकता है। कई बार यह गंदगी आसानी से दिखाई भी नहीं देती, लेकिन धीरे-धीरे लकड़ी की सतह को नुकसान पहुंचा सकती है।

अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू उपायों और सही देखभाल की मदद से चकला-बेलन को लंबे समय तक साफ, चमकदार और सुरक्षित रखा जा सकता है। इसलिए इसकी सफाई को नजरअंदाज करना बिल्कुल भी सही नहीं है।

गुनगुने पानी और साबुन से करें रोजाना सफाई


चकला-बेलन को साफ रखने का सबसे आसान तरीका है गुनगुने पानी और हल्के साबुन का इस्तेमाल। सबसे पहले सूखा आटा झाड़ दें, फिर मुलायम स्पंज या कपड़े से हल्के हाथों से साफ करें। सफाई के बाद तुरंत सूखे कपड़े से पोंछ लें। ध्यान रखें कि लकड़ी के बेलन को लंबे समय तक पानी में न भिगोएं, वरना वह खराब हो सकता है।

नींबू और नमक से दूर करें दाग और बदबू

अगर चकले या बेलन से अजीब गंध आने लगी है या उस पर जिद्दी दाग जम गए हैं, तो नींबू और नमक का नुस्खा काफी असरदार साबित हो सकता है। थोड़ा नमक छिड़ककर आधे कटे नींबू से कुछ मिनट रगड़ें और फिर हल्के गर्म पानी से साफ कर लें। इससे दाग और बदबू दोनों दूर हो जाते हैं।

बेकिंग सोडा करेगा डीप क्लीनिंग

कई बार साधारण सफाई से गंदगी नहीं निकलती। ऐसे में बेकिंग सोडा का पेस्ट मददगार साबित हो सकता है। बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट तैयार करें और दाग वाली जगह पर लगाकर हल्के हाथ से रगड़ें। कुछ ही देर में जमी हुई गंदगी साफ होने लगेगी।

सिरके से करें बैक्टीरिया का सफाया

लंबे समय तक इस्तेमाल होने वाले चकला-बेलन पर बैक्टीरिया भी जमा हो सकते हैं। इन्हें हटाने के लिए सफेद सिरका बेहतरीन विकल्प है। बराबर मात्रा में पानी और सिरका मिलाकर कपड़े की मदद से सतह को साफ करें। इससे सफाई के साथ-साथ कीटाणुओं से भी छुटकारा मिल सकता है।

धूप दिखाना न भूलें

सफाई के बाद चकला-बेलन को कुछ समय धूप में रखना भी फायदेमंद होता है। इससे नमी खत्म होती है और फफूंद या बैक्टीरिया पनपने की संभावना कम हो जाती है।

रोटी बनाने के बाद ये गलतियां बिल्कुल न करें

सिंक में छोड़ने की आदत बदलें

रोटी बनाने के बाद चकला-बेलन को सिंक में गंदे बर्तनों के साथ छोड़ना सही नहीं है। इससे उन पर नमी और गंदगी ज्यादा जमा हो सकती है।

गीला रखकर स्टोर न करें

सफाई के बाद यदि चकला-बेलन को बिना सुखाए रैक या डिब्बे में रख दिया जाए, तो लकड़ी में फफूंद लग सकती है। इसलिए हमेशा अच्छी तरह सुखाकर ही रखें।

अनाज के डिब्बों पर रखने से बचें

चकला-बेलन को आटे या अन्य अनाज के डिब्बों के ऊपर रखने से बचना चाहिए। इससे साफ-सफाई प्रभावित हो सकती है और अनाज में भी गंदगी पहुंच सकती है।

उल्टा या खड़ा करके न रखें

कई लोग बेलन को खड़ा करके या चकले को उल्टा रख देते हैं। इससे न सिर्फ इनके खराब होने का खतरा रहता है, बल्कि कई लोग इसे वास्तु के अनुसार भी उचित नहीं मानते।

Chicken Vs Fish: चिकन या फिश..., कौन आपको देता है सबसे ज्यादा देता है प्रोटीन?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।