फ्रिज में रखते ही गल जाता है धनिया? बस अपनाएं यह एक पेपर टॉवल हैक तो हफ्तों तक रहेगा ताजा

भारतीय रसोई में हरा धनिया जल्दी खराब होने वाली हरी पत्तियों में से एक है। सही तरीके से स्टोर न करने पर यह एक-दो दिन में मुरझाकर पीला पड़ने लगता है। लेकिन, धनिये को अच्छी तरह धोकर सुखाने और सही तरीके से रखने से शेल्फ लाइफ को काफी बढ़ाया जा सकता है

अपडेटेड Aug 14, 2026 पर 8:16 PM
स्टोर करने से पहले धनिये की जड़ों को काटकर अलग कर दें (Photo: Canva)

भारतीय रसोई में हरा धनिया सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले हर्ब्ल में से एक है। चटनी और करी से लेकर गार्निशिंग और सलाद तक हर चीज में धनिये का स्वाद डाला जाता है। इतना इस्तेमाल होने के बावजूद धनिया के साथ एक दिक्कत ये है कि ये बहुत जल्दी खराब हो जाता है। गलत तरीके से स्टोर करने पर बाजार से लाने के एक ही दिन के भीतर धनिया मुरझा जाता है और पीला पड़ने लगता है। धनिये की पत्तियों में नमी ज्यादा होती है। ये हवा और गर्मी के संपर्क में आने के बाद इसे तेजी से खराब कर देती है। लेकिन इसे धोने, सुखाने और स्टोर करने के तरीके में थोड़े से बदलाव करके आप धनिये की शेल्फ लाइफ को काफी बढ़ा सकते हैं।

स्टोर करने से पहले धोना और सुखाना है बेहद जरूरी

ज्याजा नमी धनिया के जल्दी खराब होने की सबसे बड़ी वजह है, इसलिए धनिये को फ्रिज में स्टोर करने से पहले कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। स्टोर करने से पहले धनिये की जड़ों को काटकर अलग कर दें। मिट्टी या गंदगी हटाने के लिए पत्तियों को ठंडे पानी से अच्छी तरह धो लें। धोने के बाद धनिये का सारा पानी सुखाना बेहद जरूरी है। एक्स्ट्रा पानी को झटक दें और बची हुई नमी को सुखाने के लिए धनिये को कुछ मिनटों के लिए साफ किचन टॉवल या पेपर टॉवल पर फैला दें। गीले धनिये को सीधे स्टोर करने से वह तेजी से सड़ने लगता है, क्योंकि फंसी हुई नमी फफूंद पैदा करती है।


फ्रिज में स्टोर करने का सबसे बेस्ट 'पेपर टॉवल हैक

एक बार जब धनिया पूरी तरह से सूख जाए, तो इसे लंबे समय तक ताजा रखने के लिए पेपर टॉवल का इस्तेमाल करें। सूखे हुए धनिये को हल्के हाथों से पेपर टॉवल में लपेटें। इसके बाद इसे किसी एयरटाइट डिब्बे या जिप-लॉक बैग के अंदर रखकर फ्रिज में रख दें। पेपर टॉवल समय के साथ बनने वाली किसी भी नमी को सोख लेता है। इस तरीके से धनिया आमतौर पर दो सप्ताह तक एकदम ताजा रहता है। धनिये के डिब्बे को फ्रिज के वेजिटेबल क्रिस्पर ड्रॉवर में रखना चाहिए। यहां नमी थोड़ी कम होती है।

पानी का इस्तेमाल करके स्टोर करने का तरीका

धनिये को ताजा रखने का एक दूसरा असरदार तरीका इसे फूलों के गुलदस्तेकी तरह रखना है। धनिये के तनों को थोड़े से पानी से भरे जार या ग्लास में रखें। पत्तियों के ऊपर एक ढीला प्लास्टिक बैग ढंक दें और जार को फ्रिज में रख दें। बैक्टीरिया डेवलप होने से को रोकने के लिए हर दो से तीन दिनों में जार का पानी बदलते रहें। यह तरीका धनिये के उन गुच्छों के लिए बहुत अच्छा काम करता है जिनके लंबे तने होते हैं।

लंबे समय तक इस्तेमाल के लिए ऐसे करें फ्रीज

अगर आप धनिये को बहुत लंबे समय तक के लिए स्टोर करना चाहते हैं, तो इसे फ्रीज भी किया जा सकता है। धनिये को बारीक काटकर थोड़े से पानी या तेल के साथ आइस क्यूब ट्रे में जमा दें। एक बार जब क्यूब्स जम जाएं, तो उन्हें किसी फ्रीजर-सेफ बैग या कंटेनर में डाल दें। यह तरीका खाना पकाने के दौरान काफी काम आता है, क्योंकि इसमें फ्रेश गार्निशिंग की जरूरत नहीं होती। हालांकि जमाया हुआ धनिया देखने में भले ठीक न लगे लेकिन लेकिन करी, दाल और ग्रेवी में इस्तेमाल के लिए इसका स्वाद बरकरार रहता है।

धनिया स्टोर करते समय न करें ये आम गलतियां

धनिये को सुखाए बिना सीलबंद डिब्बे में रखना सबसे आम गलती है, क्योंकि अंदर बंद नमी सड़न को तेज करती है। धनिये को लंबे समय तक कमरे के तापमान पर छोड़ना खासकर गर्मियों के महीनों में इसकी शेल्फ लाइफ को काफी कम कर देता है। धनिये को सेब और केले जैसे फलों के पास रखने से बचना चाहिए। ये फल एथिलीन गैस छोड़ते हैं, जो हरी पत्तेदार चीजों को जल्दी गला या सुखा देती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।