आज की भागदौड़ भरी लाइफस्टाइल में एयर कंडीशनर (AC) हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। गर्मी से राहत पाने के लिए हम घंटों AC वाले कमरों में समय बिताते हैं, चाहे ऑफिस हो, घर हो या गाड़ी। लेकिन आराम के इस आधुनिक तरीके के साथ हमारी लाइफस्टाइल धीरे-धीरे बदल रही है। हम कम बाहर निकलते हैं, धूप से दूरी बढ़ती जा रही है और शारीरिक गतिविधियां भी कम हो गई हैं। इसका असर हमारे शरीर पर धीरे-धीरे दिखने लगता है कभी थकान, कभी स्किन ड्राईनेस तो कभी आलस जैसा महसूस होता है।
आज की डिजिटल और इंडोर लाइफस्टाइल में लोग स्क्रीन के सामने ज्यादा समय बिताते हैं और प्राकृतिक हवा व धूप से दूर होते जा रहे हैं। इसलिए जरूरी है कि AC के आराम के साथ-साथ हम अपनी लाइफस्टाइल में बैलेंस बनाए रखें, ताकि शरीर स्वस्थ रहे और हम एक्टिव भी बने रहें।
AC वाले कमरे में ज्यादा समय बिताने से आंखों की नमी कम हो सकती है। इससे आंखों में जलन, खुजली और थकान महसूस हो सकती है, खासकर अगर आप लगातार स्क्रीन पर काम करते हैं।
त्वचा हो सकती है रूखी और बेजान
एयर कंडीशनर हवा की नमी कम कर देता है, जिससे स्किन ड्राई होने लगती है। लंबे समय तक ऐसा रहने पर त्वचा खुरदरी हो सकती है और एलर्जी या एक्जिमा जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
शरीर में विटामिन D की कमी
अगर आप पूरा दिन घर के अंदर रहते हैं तो धूप कम मिलने से शरीर में विटामिन D की कमी हो सकती है। इससे हड्डियां, इम्युनिटी और मसल्स कमजोर हो सकते हैं।
लगातार बैठना कर सकता है नुकसान
सिर्फ AC ही नहीं, लंबे समय तक एक जगह बैठे रहना भी नुकसानदायक है। इससे शरीर की गतिविधि कम होती है और वजन बढ़ने, सुस्ती और मेटाबॉलिज्म धीमा होने का खतरा रहता है।
बंद कमरों में ताजा हवा का फ्लो कम होने से शरीर और दिमाग दोनों पर असर पड़ता है। इससे आलस, थकान और मानसिक तनाव बढ़ सकता है।
संतुलन रखना है सबसे जरूरी
AC पूरी तरह नुकसानदायक नहीं है, लेकिन सिर्फ इसके भरोसे रहना ठीक नहीं। थोड़ी-थोड़ी देर बाहर जाना, धूप लेना, पानी पीना और मूवमेंट करना सेहत के लिए जरूरी है।