आज की तेज रफ्तार जिंदगी और बढ़ती डिजिटल निर्भरता ने हमारी आंखों पर गहरा असर डाला है। मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर स्क्रीन के लंबे समय तक लगातार इस्तेमाल से आंखों में थकान, जलन, ड्राईनेस और धुंधलापन जैसी परेशानियां आम हो गई हैं। अगर इन लक्षणों को नजरअंदाज किया जाए तो धीरे-धीरे नजर कमजोर होने लगती है। लेकिन कुछ आसान और प्रभावी आदतें अपनाकर अपनी आंखों को स्वस्थ और तेज रखा जा सकता है।
सबसे पहले, विशेषज्ञों द्वारा सुझाया गया है कि काम के दौरान हर 20 मिनट बाद अपनी नजर को स्क्रीन से हटा कर 20 फीट दूर किसी वस्तु को कम से कम 20 सेकंड तक देखें। यह 20-20-20 रूल आंखों की मांसपेशियों को आराम देता है और थकान को कम करता है। कई बार हम लगातार स्क्रीन देखते हुए पलकें झपकाना भूल जाते हैं, जिससे आंखें शुष्क हो जाती हैं। इसलिए, बार-बार पलकें झपकाने की आदत डालें ताकि आंखें नम और स्वस्थ बनी रहें।
स्क्रीन की ऊंचाई और दूरी भी महत्वपूर्ण है। स्क्रीन को हमेशा आंखों से एक हाथ की दूरी पर और थोड़ी नीचे रखें, ताकि स्क्रीन की तेज रोशनी का सीधे आंखों पर असर कम हो और आंखों में दर्द या जलन न हो। इसके अलावा, सही और संतुलित आहार भी आंखों की रक्षा करता है। पालक, कॉर्न, पपीता जैसे खाद्य पदार्थों में पाए जाने वाले ल्यूटिन और जीएक्सैंथिन जैसे तत्व आंखों को हानिकारक नीली रोशनी से बचाते हैं और नजर को मजबूत बनाए रखते हैं।
अच्छी नींद भी स्वस्थ आंखों के लिए जरूरी है। रोजाना सात से आठ घंटे की नींद लेने से आंखों को पूरा आराम मिलता है और उनसे जुड़ी समस्याएं जैसे थकान या दर्द कम होते हैं। स्क्रीन टाइम कम करना भी बहुत जरूरी है क्योंकि इससे आंखों पर तनाव कम होता है और नजर की कमजोरी को रोका जा सकता है।
इन छोटी-छोटी आदतों से न केवल आंखों की रोशनी बनी रहती है बल्कि आंखों पर पड़ने वाले तनाव और थकान से भी राहत मिलती है। साथ ही ये आदतें आंखों की विभिन्न बीमारियों जैसे सूखेपन, जलन और धुंधलेपन से बचाने में भी मदद करती हैं।
इसके साथ ही ध्यान रहे कि अगर आंखों में कोई भी असामान्य परेशानी महसूस हो तो तुरंत विशेषज्ञ से परामर्श लें। अपनी आंखों की देखभाल करना जरूरी है क्योंकि ये हमारे जीवन की सबसे महत्वपूर्ण इंद्रियों में से एक हैं।