चिलचिलाती धूप और बढ़ते टेंप्रेचर के बीच घर सिर्फ रहने की जगह नहीं बल्कि सुकून का एक कोना होना चाहिए। अक्सर लोग गर्मियों में घर को ठंडा रखने के लिए केवल एयर कंडीशनर पर निर्भर रहते हैं, लेकिन इंटीरियर डिजाइनिंग की दुनिया अब इससे कहीं आगे निकल चुकी है। आज के दौर में लग्जरी का मतलब सिर्फ महंगा सामान नहीं, बल्कि एक ऐसा स्पेस है जो आंखों को ठंडक दे और मन को शांत रखे। इंटीरियर डिजाइनर अर्थ कुमार ने हमारी सहयोगी वेबसाइट मनी कंट्रोल इंग्लिश के साथ गर्मियों के लिए घर को सजाने और उसे विजुअल कूलिंग (आंखों को ठंडक देने वाला) बनाने के बेहद आसान और लग्जरी टिप्स साझा किए हैं।
गर्मियों में भारी-भरकम इंटीरियर अब बीते जमाने की बात हो गई है। अर्थ कुमार के अनुसार, आजकल लोग लाउड लग्जरी के बजाय ऐसी जगहों को पसंद कर रहे हैं जो भावनात्मक रूप से हल्की और शारीरिक रूप से ठंडी महसूस हों। घर को समर-रेडी बनाने के लिए आप इन 3 मुख्य पहलुओं पर ध्यान दे सकते हैं:
विजुअल कूलिंग के लिए चुनें सॉफ्ट कलर पैलेट
अर्थ कुमार बताते हैं कि रंगों और सामग्रियों का चुनाव घर के भीतर इमोशनल एयर-कंडीशनिंग की तरह काम करता है। डार्क और हेवी कलर्स की जगह सॉफ्ट ऑफ-वाइट, म्यूटेड ग्रे, हल्का हरा (Pale Green), नेचुरल स्टोन और लाइट वुड (हल्की लकड़ी) का इस्तेमाल करें। ये रंग कमरे को अधिक खुला, हवादार और शांतिपूर्ण दिखाते हैं। डिजाइन सिर्फ दिखावे के लिए नहीं बल्कि इस बारे में होना चाहिए कि कमरे में घुसते ही आपको कैसा महसूस होता है।
डिक्लटरिंग (फालतू सामान हटाना) ही असली लग्जरी है
गर्मियों में भीड़भाड़ वाले कमरे ज्यादा गर्म महसूस होते हैं। अर्थ कुमार के मुताबिक लग्जरी का मतलब कभी-कभी सिर्फ खाली स्पेस (Space) होता है। कमरे से गैरजरूरी सजावटी सामान हटाएं और क्लीनर लाइन्स वाले फर्नीचर चुनें। फर्नीचर को इस तरह व्यवस्थित करें कि एयरफ्लो बेहतर हो सके। जब कमरे में जगह खाली होती है, तो वह प्राकृतिक रूप से सांस ले पाता है और कम गर्म लगता है। गैर-जरूरी चीजों को हटाना घर के अहसास को पूरी तरह बदल सकता है।
पूरे कमरे को महंगे सामान से भरने के बजाय किसी एक खास चीज पर ध्यान केंद्रित करें। इसे इम्पैक्ट थ्रू रिस्ट्रेंट (संयम के जरिए प्रभाव) कहा जाता है। दस सजावटी चीजों के बजाय एक स्कल्पचरल चेयर, हाथ से बनी लाइट इंस्टॉलेशन या कोई कलात्मक सेंटरपीस चुनें। एक अर्थपूर्ण पीस पूरे कमरे का ध्यान खींचता है और बिना भीड़भाड़ पैदा किए घर को लग्जरी लुक देता है।
इन बातों का भी रखें खास ध्यान
गर्मियों में हीट-रेसिस्टेंट फैब्रिक और ब्रीदेबल पर्दे या कवर इस्तेमाल करें। ताजे फूल, इनडोर प्लांट्स, प्राकृतिक बनावट और हल्की खुशबू घर के वातावरण को सुखद बनाती है। आधुनिक भारतीय घरों में डिजाइन का जजमेंट केवल दिखने से नहीं, बल्कि उसकी कार्यक्षमता से होता है। अगर आपका घर मौसम के अनुरूप काम करता है, तो वही असली लग्जरी है।