नींबू हर घर की रसोई में आसानी से मिल जाता है और अक्सर सब्जी के साथ भी खरीद लिया जाता है। विटामिन C से भरपूर यह खट्टा फल न सिर्फ नींबू पानी और शिकंजी में इस्तेमाल होता है, बल्कि सलाद और स्किन केयर में भी इसका खूब उपयोग किया जाता है। यह इम्यूनिटी बढ़ाने के साथ शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाता है। इसमें मौजूद साइट्रिक एसिड इसे और भी खास बनाता है। लेकिन हैरानी की बात ये है कि जिस नींबू के छिलके को हम बेकार समझकर फेंक देते हैं, वही कई कमाल के काम आ सकता है।
छोटे-छोटे लेमन हैक्स जो बदल देंगे आपका तरीका
मास्टर शेफ पंकज भदौरिया ने नींबू से जुड़े कुछ आसान और स्मार्ट हैक्स शेयर किए हैं, जो इसे और भी उपयोगी बना देते हैं।
सही नींबू चुनना है सबसे जरूरी
अगर आप ज्यादा रस चाहते हैं तो मोटे छिलके वाले नहीं, बल्कि पतले छिलके वाले नींबू खरीदें। इनमें रस ज्यादा निकलता है और काम आसान हो जाता है।
पानी में स्टोर करें और ताजगी बढ़ाएं
नींबू को फ्रिज में सूखने से बचाने के लिए उन्हें पानी से भरे बर्तन में रख दें। इससे वे लंबे समय तक ताजे और रसदार बने रहते हैं, खासकर गर्मियों में यह ट्रिक बहुत काम आती है।
माइक्रोवेव से बढ़ाएं रस की मात्रा
नींबू को 10–15 सेकंड के लिए माइक्रोवेव में रखने से उसका रस आसानी से और ज्यादा निकलता है। यह एक आसान और तेज तरीका है।
बिना माइक्रोवेव के भी है जुगाड़
अगर माइक्रोवेव नहीं है, तो नींबू को हाथ या किसी सतह पर रोल करें। इससे अंदर का रस ढीला हो जाता है और ज्यादा मात्रा में निकलता है।
छिलका मत फेंको, क्लीनर बनाओ
नींबू के छिलके फेंकने के बजाय उन्हें सिरका और पानी में उबालकर स्प्रे बना लें। यह घरेलू क्लीनर बनकर किचन, टीवी, फ्रिज और फर्श की सफाई में बेहद काम आता है।
नींबू के हेल्थ फायदे भी कमाल के
नींबू इम्यूनिटी बढ़ाता है, पाचन सुधारता है और त्वचा को निखार देता है। यह हार्ट, किडनी और लिवर को हेल्दी रखने में मदद करता है। वजन घटाने से लेकर डैंड्रफ कम करने तक, नींबू हर जगह अपना असर दिखाता है।