आज के समय में फैशन सिर्फ महंगे कपड़े पहनने तक सीमित नहीं है, बल्कि सही स्टाइलिंग और छोटे-छोटे हैक्स से भी आप अपने लुक को परफेक्ट बना सकते हैं। कई बार पसंदीदा जींस खरीदने के बाद उसकी फिटिंग थोड़ी ढीली निकल आती है, जिससे पूरा आउटफिट फीका लगने लगता है। ऐसे में बेल्ट लगाना सबसे आसान तरीका लगता है, लेकिन हर बार बेल्ट पहनना न तो आरामदायक होता है और न ही हर ड्रेस के साथ अच्छा दिखता है।
खासकर क्रॉप टॉप या टक-इन शर्ट के साथ बेल्ट कई बार स्टाइल खराब कर देती है। अच्छी बात यह है कि अब बिना बेल्ट के भी जींस को टाइट करने के कई आसान और छुपे हुए तरीके मौजूद हैं, जो आपके लुक को स्टाइलिश बना सकते हैं।
बटन और इलास्टिक से पाएं परफेक्ट फिट
अगर आपकी जींस कमर से ढीली है, तो बटन-इलास्टिक हैक बेहद कारगर साबित हो सकता है। इसके लिए जींस के अंदर की तरफ एक छोटा बटन लगाएं और दूसरी तरफ इलास्टिक जोड़कर उसे बटन में फंसा दें। इससे जींस की कमर तुरंत फिट हो जाएगी और बाहर से कोई बदलाव नजर भी नहीं आएगा। यह तरीका खासतौर पर हाई-वेस्ट जींस के लिए काफी उपयोगी है।
सेफ्टी पिन से मिनटों में मिलेगा फिट लुक
जब आपके पास समय कम हो और तुरंत तैयार होना हो, तब सेफ्टी पिन हैक बहुत काम आता है। जींस के पीछे की तरफ ढीले हिस्से को हल्का मोड़कर अंदर से सेफ्टी पिन लगा दें। इससे जींस फिट नजर आएगी और आपको सिलाई की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। ध्यान रखें कि मजबूत और अच्छी क्वालिटी की पिन का इस्तेमाल करें।
बैक नॉट हैक से पाएं ट्रेंडी और स्मार्ट स्टाइल
अगर आप फिटिंग के साथ-साथ ट्रेंडी लुक भी चाहती हैं, तो बैक नॉट हैक ट्राई करें। जींस के पीछे बेल्ट लूप्स के बीच कपड़े को मोड़कर छोटी सी गांठ बना लें और ऊपर से टॉप पहन लें। यह गांठ छुप जाएगी और जींस की फिटिंग शानदार नजर आएगी।
टक-इन ट्रिक से मिलेगा क्लीन और प्रोफेशनल लुक
जींस को हल्का टाइट करने के लिए पीछे की तरफ कपड़े को अंदर मोड़कर सिलाई कर सकते हैं या फैब्रिक टेप का इस्तेमाल कर सकते हैं। ये तरीका लंबे समय तक फिटिंग बनाए रखता है और ऑफिस या रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए एक साफ और प्रोफेशनल लुक देता है।
रबर बैंड हैक से तुरंत करें फिटिंग एडजस्ट
अगर जींस थोड़ी ही ढीली है, तो रबर बैंड का इस्तेमाल करें। जींस के बटन में रबर बैंड लगाकर उसे बटनहोल में फंसा दें। इससे कमर तुरंत टाइट हो जाएगी। यह आसान और बिना सिलाई वाला तरीका लड़के और लड़कियां दोनों इस्तेमाल कर सकते हैं।