मार्च का महीना मौसम में बदलाव का संकेत देता है, जहां सर्दी धीरे-धीरे विदा लेती है और गर्मी दस्तक देने लगती है। इस दौरान दिन में गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहती है। कई बार इस समय अचानक बारिश भी हो जाती है, जो शरीर को पूरी तरह कन्फ्यूज कर देती है। इसी असंतुलन के कारण सर्दी-जुकाम जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ने लगती हैं।
मौसम में यह बदलाव अपने साथ कई बीमारियां भी लेकर आता है, इसलिए इस दौरान सेहत का खास ध्यान रखना बेहद जरूरी हो जाता है। आइए जानते हैं कि बदलते मौसम में खुद को स्वस्थ रखने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
लापरवाही बनी सबसे बड़ी वजह
मौसम बदलते ही लोग अक्सर लापरवाह हो जाते हैं और यही गलती भारी पड़ती है। शरीर एक मौसम के अनुसार खुद को ढाल लेता है, लेकिन अचानक बदलाव को अपनाने में समय लगता है। ऐसे में बिना सोचे-समझे पंखा चलाकर सोना या बिना कवर के सोना आपको बीमार कर सकता है। बेहतर है कि रात में हल्की चादर या कंबल जरूर ओढ़ें।
इस मौसम में सबसे ज्यादा नुकसान ठंडी चीजें पहुंचाती हैं। फ्रिज का ठंडा पानी, आइसक्रीम या ठंडी ड्रिंक्स से परहेज करना जरूरी है। इसके बजाय गुनगुना पानी पीना बेहतर विकल्प है। साथ ही शहद, इलायची और नींबू का मिश्रण गुनगुने पानी के साथ लेना इम्यूनिटी बढ़ाने में मददगार साबित हो सकता है।
कपड़ों में न करें जल्दबाजी
दिन में हल्की गर्मी महसूस होते ही लोग गर्म कपड़े पैक कर देते हैं, लेकिन ये जल्दबाजी सही नहीं है। सुबह और रात के समय अब भी ठंड बनी रहती है। ऐसे में हल्के गर्म कपड़े पहनना जरूरी है, ताकि शरीर का तापमान संतुलित बना रहे और सर्दी-जुकाम से बचाव हो सके।
अगर हल्का जुकाम या नाक बंद होने के लक्षण दिखें, तो तुरंत सतर्क हो जाएं। समय रहते ध्यान रखने से आप डॉक्टर और दवाओं से दूरी बना सकते हैं। इस मौसम में छोटी-छोटी सावधानियां ही आपको स्वस्थ रखने का सबसे आसान और असरदार तरीका हैं।