Mirror Cleaning Tips: शीशे पर जमी जिद्दी गंदगी होगी गायब, अपनाएं ये आसान घरेलू नुस्खे

Mirror Cleaning Tips: गर्मियों या बारिश के मौसम में वॉर्डरोब और वॉशरूम के शीशों पर धूल, पानी के दाग और धुंधलेपन की परत जमना आम बात है। ये गंदगी न सिर्फ शीशे की चमक खत्म कर देती है, बल्कि पूरे घर के लुक को भी फीका कर देती है। ऐसे में कुछ आसान घरेलू उपाय इन्हें फिर से चमका सकते हैं

अपडेटेड Aug 12, 2025 पर 11:39 AM
Mirror Cleaning Tips: नींबू सिर्फ स्वाद और स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, सफाई में भी बेहद कारगर है।

घर की सजावट में शीशे और कांच की चीजों की अहम भूमिका होती है। साफ और चमकदार शीशा न सिर्फ जगह को रोशन बनाता है बल्कि घर की सुंदरता भी बढ़ाता है। लेकिन समय के साथ इन पर धूल, उंगलियों के निशान, पानी के दाग और धब्बे जम जाते हैं, जिससे इनकी चमक कम हो जाती है। ऐसे में लोग अक्सर मार्केट से महंगे क्लीनर खरीदते हैं, लेकिन ये हर बार कारगर साबित नहीं होते। खासकर वॉशरूम, ड्रेसिंग मिरर और किचन के शीशे पर जमी गंदगी हटाना कभी-कभी मुश्किल हो जाता है।

अच्छी बात ये है कि घर में मौजूद कुछ आसान और देसी चीजों का इस्तेमाल करके आप बिना ज्यादा मेहनत और खर्च किए शीशों को चमका सकते हैं। मोजे, नींबू, व्हाइट विनेगर, अखबार और टेलकम पाउडर जैसी रोजमर्रा की चीजें इस काम में मददगार साबित हो सकती हैं और शीशे को लंबे समय तक नया जैसा बनाए रख सकती हैं।

मोजे से सफाई करें


पुराने मोजे सिर्फ अलमारी में जगह घेरने के लिए नहीं होते, बल्कि ये बेहतरीन क्लीनिंग टूल भी साबित हो सकते हैं। कॉटन के कपड़े की जगह अगर आप मोजे का इस्तेमाल करें तो सफाई ज्यादा आसान हो जाती है। बस मोजे को पानी में भिगोकर हल्के हाथों से शीशे को पोंछ लें। ये नमी और धूल दोनों को जल्दी हटा देता है और सफाई में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती।

व्हाइट विनेगर का जादू

अगर शीशे पर जिद्दी दाग या पानी के धब्बे हैं, तो व्हाइट विनेगर आपका सबसे सस्ता और असरदार साथी है। एक बर्तन में गुनगुने पानी में 1–2 चम्मच व्हाइट विनेगर मिलाएं और इसे स्प्रे बॉटल में भर लें। इस मिश्रण को शीशे पर छिड़कें और फिर सूखे कपड़े या मोजे से पोंछ दें। कुछ ही पलों में दाग गायब हो जाएंगे और शीशा साफ हो जाएगा।

कागज का कमाल

अखबार या मोटा कागज न सिर्फ धूल हटाता है, बल्कि शीशे की नमी भी सोख लेता है। कागज से पोंछने पर शीशे पर रेशे (फाइबर) नहीं छूटते, जिससे यह लंबे समय तक साफ और चमकदार बना रहता है। ये तरीका खासतौर पर वॉशरूम और किचन के शीशों के लिए बढ़िया है।

नींबू का प्राकृतिक असर

नींबू सिर्फ स्वाद और स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, सफाई में भी बेहद कारगर है। इसमें मौजूद प्राकृतिक एसिड हर तरह के दाग और धब्बों को जल्दी साफ कर देता है। नींबू के रस में थोड़ा पानी मिलाकर मोजे या कपड़े को भिगोएं और शीशे को पोंछ लें। कुछ ही मिनटों में आईना चमक उठेगा और उसमें ताजगी भरी खुशबू भी आ जाएगी।

टेलकम पाउडर की ट्रिक

टेलकम पाउडर सिर्फ फ्रेशनैस के लिए नहीं, बल्कि सफाई के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। शीशे पर हल्का-सा पाउडर छिड़कें और कुछ देर बाद मोजे से पोंछ दें। यह न सिर्फ धब्बे हटाता है, बल्कि शीशे पर एक हल्की परत भी छोड़ता है जिससे वह ज्यादा समय तक साफ रहता है।

Gardening Tips: बारिश के मौसम में पौधों को स्वस्थ और हरा-भरा रखने के लिए करें ये उपाय, पौधे हो जाएंगे फिर से खिले-खिले

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।