फ्लैट्स में रहने वाले लोग अपनी बालकनी को अक्सर पौधों, लाइट्स और सजावट से खूबसूरत बनाते हैं, ताकि घर का एक छोटा-सा खुला कोना सुकून देने वाला बन सके। लेकिन कई बार यही सुंदर बालकनी कबूतरों का ठिकाना बन जाती है और समस्या पैदा कर देती है। खासकर दिल्ली जैसे बड़े शहरों में यह परेशानी बहुत आम हो गई है। कबूतर धीरे-धीरे बालकनी में घोंसला बना लेते हैं और वहीं अंडे देने लगते हैं। इसके बाद वहां बीट, गंदगी और तेज बदबू फैलने लगती है, जिससे बालकनी का इस्तेमाल करना मुश्किल हो जाता है।
गर्मियों के मौसम में ये समस्या और भी बढ़ जाती है, क्योंकि गर्मी और गंदगी मिलकर माहौल को और खराब कर देते हैं। कई लोग इससे परेशान होकर बालकनी बंद कर देते हैं या उसका उपयोग कम कर देते हैं। ऐसे में लोग बिना नुकसान पहुंचाए कबूतरों को भगाने के आसान और घरेलू उपाय ढूंढते रहते हैं।
पुरानी सीडी से भगाएं कबूतर
कबूतर चमकदार और हिलने वाली चीजों से डरते हैं। ऐसे में पुरानी सीडी एक आसान उपाय है। इन्हें धागे से बालकनी की रेलिंग पर लटका दें। हवा चलने पर ये हिलेंगी और सूरज की रोशनी में चमकेंगी, जिससे कबूतर डरकर वहां नहीं आएंगे।
किचन के मसालों का करें इस्तेमाल
कबूतरों को तेज गंध बिल्कुल पसंद नहीं होती। आप काली मिर्च, लाल मिर्च या दालचीनी पाउडर को बालकनी के कोनों में छिड़क सकते हैं। चाहें तो पानी में सिरका मिलाकर स्प्रे भी कर सकते हैं। इसकी तीखी गंध से कबूतर तुरंत दूर भाग जाते हैं।
एल्युमिनियम फॉयल भी है असरदार उपाय
एल्युमिनियम फॉयल की चमक भी कबूतरों को डराती है। इसे बालकनी की रेलिंग या खिड़की के किनारों पर लगा दें। जब रोशनी इसमें पड़ती है तो चमक पैदा होती है, जिससे कबूतर वहां बैठने से बचते हैं।
आसान घरेलू उपायों से मिलेगी राहत
इन छोटे-छोटे घरेलू उपायों की मदद से आप बिना किसी नुकसान के कबूतरों को अपनी बालकनी से दूर रख सकते हैं और साफ-सुथरी जगह का आनंद ले सकते हैं।