Snake: बरसात में इन 5 आदतों से घर में घुस आते हैं सांप, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती?
Snake news: मानसून में सांपों की गतिविधि अचानक बढ़ जाती है। बारिश के मौसम में अक्सर देखा गया है कि ये रेंगते हुए जीव घरों में घुस आते हैं। कई बार इसका कारण हमारे ही घर में रखी चीजें होती हैं, जो अनजाने में उन्हें आकर्षित करती हैं। जानिए कौन-सी चीजें घर को बना सकती हैं खतरे का केंद्र
MoneyControl News
अपडेटेड Jul 20, 2025 पर 1:31 PM
Snake news: सांप छुपने के लिए अंधेरी, नम और शांत जगहें पसंद करते हैं।
बरसात का मौसम जितना सुकूनदायक होता है, उतना ही खतरनाक भी। बारिश की बूंदें और हरियाली जहां सुकून देती हैं, वहीं ये मौसम कुछ अनचाहे मेहमान भी लेकर आता है जैसे कि सांप। जी हां, मॉनसून में सांपों की हलचल अचानक तेज हो जाती है और कई बार ये रेंगते मेहमान घरों तक आ पहुंचते हैं। सबसे हैरानी की बात ये है कि आप चाहे घर की खिड़कियां-दरवाजे बंद रखें या सावधानी बरतें, फिर भी सांप अक्सर अंदर घुस ही जाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ये आपके घर की ओर क्यों आकर्षित होते हैं?
दरअसल, आपके ही किचन में रखी कुछ चीजें ऐसे संकेत देती हैं, जो सांपों को न्योता देती हैं। अगर आपको नहीं पता कि कौन-सी चीजें इन रेंगने वाले जीवों को घर की ओर खींचती हैं, तो सावधान हो जाइए। इस लेख में जानिए कौन-सी घरेलू आदतें या सामान बन सकते हैं खतरा।
खुले में रखा अनाज
कभी-कभी हम दाल, चावल, गेहूं जैसे अनाज को बिना ढक कर या अधूरी सीलिंग के साथ रख देते हैं। इससे चूहे और कीड़े-मकोड़े आकर्षित होते हैं। और जैसा कि बताया, चूहों की मौजूदगी सांपों को भी खींच लाती है।
सावधानी: अनाज हमेशा एयरटाइट कंटेनरों में ही रखें।
खुला पड़ा डस्टबिन
अगर आपके किचन में डस्टबिन खुला पड़ा रहता है, जिसमें खाने की बची हुई चीजें या गीला कचरा है, तो ये चूहों को आकर्षित करता है। और चूहे जहां होंगे, वहां सांप भी पहुंचेंगे—क्योंकि चूहा सांप का पसंदीदा भोजन है।
सावधानी: डस्टबिन को हमेशा बंद रखें और नियमित रूप से खाली करें।
टपकती पाइपलाइन या गीला किचन
नमी, पानी की टपक और लीकेज भी सांपों को आकर्षित करती है। उन्हें पीने के लिए पानी चाहिए होता है और अगर उन्हें नमी वाला स्थान मिल जाए, तो वो उसे छुपने की जगह बना लेते हैं।
सावधानी: किचन में कहीं भी लीकेज हो तो फौरन रिपेयर करवाएं। सिंक के नीचे पानी जमा न होने दें।
मीट, मछली और अंडों की गंध
इन चीजों की तेज गंध मेंढकों, चूहों और अन्य छोटे जीवों को लुभाती है, जो फिर सांपों के लिए 'भोजन' का काम करते हैं। यानी आप अनजाने में उन्हें न्यौता दे रहे होते हैं।
सावधानी: बचा हुआ मांस या हड्डियां खुले में न रखें। तुरंत निस्तारण करें या सील्ड डस्टबिन में डालें।
अंधेरे और गंदगी भरे कोने
सांप छुपने के लिए अंधेरी, नम और शांत जगहें पसंद करते हैं। किचन के कोनों में अगर गंदगी या अव्यवस्था है, तो ये उनके लिए आदर्श जगह हो सकती है।
सावधानी: नियमित सफाई करें, खासकर किचन के पीछे या अलमारियों के नीचे।
कैसे रोकें सांपों की एंट्री?
प्याज और लहसुन की गंध सांपों को पसंद नहीं, इन्हें खिड़कियों के पास रखें।
नीम की पत्तियां और फिटकरी भी उपयोगी हैं, ये सांपों को दूर रखती हैं।
घर के पास सर्पगंधा या तंबाकू का पौधा लगाएं, यह सांपों को पास नहीं आने देता।
दरवाजों और खिड़कियों की सीलिंग चेक करें, कोई गैप न हो।