World Water Day 2026: RO का ‘वेस्ट’ पानी नहीं है बेकार, इन तरीकों से बचाएं हजारों लीटर पानी

World Water Day 2026: 22 मार्च को विश्व जल दिवस के अवसर पर यह समझना जरूरी है कि RO प्यूरीफायर से निकलने वाला पानी पूरी तरह बेकार नहीं होता। इसे सही तरीके से इस्तेमाल कर बर्बादी रोकी जा सकती है। आइए जानते हैं कुछ आसान उपाय, जिनसे इस पानी को दोबारा उपयोग में लाकर बचत की जा सकती है

अपडेटेड Mar 22, 2026 पर 10:56 AM
Story continues below Advertisement
घर के पायदान और सफाई वाले कपड़ों को धोने में भी RO का पानी बहुत उपयोगी है।

22 मार्च को मनाया जाने वाला विश्व जल दिवस हमें ये याद दिलाता है कि पानी केवल एक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन की सबसे जरूरी जरूरत है। हम सभी “जल ही जीवन है” कहते तो हैं, लेकिन अपनी रोजमर्रा की आदतों में इसकी अहमियत को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। घरों में कई बार बिना सोचे-समझे पानी बहा दिया जाता है, जिसका हमें अंदाजा भी नहीं होता। खासतौर पर RO वॉटर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करते समय बड़ी मात्रा में पानी बेकार समझकर नाली में छोड़ दिया जाता है।

यह धीरे-धीरे एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। अगर समय रहते हम अपनी छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करें और पानी की बचत पर ध्यान दें, तो आने वाले समय में पानी की कमी से काफी हद तक बचा जा सकता है।

RO का पानी सच में कितना ‘वेस्ट’ है?


बहुत कम लोग जानते हैं कि RO मशीन एक लीटर साफ पानी देने के लिए करीब तीन लीटर पानी बाहर निकाल देती है। यह पानी पीने लायक नहीं होता, लेकिन पूरी तरह बेकार भी नहीं है। अगर थोड़ी समझदारी दिखाई जाए, तो इसे कई घरेलू कामों में आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।

फर्श की सफाई में करें इस्तेमाल

RO से निकलने वाले पानी को एक बाल्टी में जमा करें और उसमें फ्लोर क्लीनर मिलाकर घर में पोंछा लगाएं। इससे घर भी साफ रहेगा और साफ पानी की बचत भी होगी।

टॉयलेट और बाथरूम की सफाई में कारगर

इस पानी में TDS ज्यादा होता है, इसलिए यह हल्का खारा होता है। हालांकि पीने के लिए यह सही नहीं है, लेकिन टॉयलेट और बाथरूम साफ करने के लिए एकदम उपयोगी है। इसे फ्लश या टाइल्स साफ करने में इस्तेमाल किया जा सकता है।

गाड़ी धोने में बचाएं पानी

कार, बाइक या साइकिल धोने में काफी पानी खर्च होता है। ऐसे में RO के वेस्ट पानी का उपयोग करके आप वाहन को साफ कर सकते हैं और पानी की बचत भी कर सकते हैं।

बर्तनों की शुरुआती सफाई के लिए बेहतर

रसोई के बर्तनों पर जमी चिकनाई और गंदगी हटाने के लिए इस पानी का इस्तेमाल करें। पहले RO के पानी से बर्तन साफ करें, फिर अंत में एक बार साफ पानी से धो लें।

पायदान और डस्टर धोने में आएगा काम

घर के पायदान और सफाई वाले कपड़ों को धोने में भी RO का पानी बहुत उपयोगी है। इसमें डिटर्जेंट मिलाकर कपड़ों को भिगो दें, जिससे गंदगी आसानी से निकल जाएगी।

छोटी कोशिश, बड़ा बदलाव

पानी की बचत आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। इस विश्व जल दिवस पर अगर हम RO के पानी को बर्बाद करने के बजाय उसका सही इस्तेमाल करना शुरू कर दें, तो यह पर्यावरण के लिए एक बड़ा सकारात्मक कदम हो सकता है।

उम्र से पहले ढीली हो रही स्किन? जानें टाइटनिंग के असरदार घरेलू तरीके

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।