शादी के लिए करनी है खरीदारी तो दिल्ली के इन 2 बाजारों में मिलते हैं सस्ते बर्तन, मॉर्डन किचन सेट के लिए इस बाजार में जाएं

घर में बेटी की शादी की तैयारियां सिर्फ कपड़े और गहनों तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि किचन के बर्तनों की खरीदारी भी उतनी ही अहम होती है। अगर आप शादी के लिए सस्ते, मजबूत और मॉडर्न बर्तनों की तलाश में हैं तो दिल्ली के कुछ खास बाजार आपकी जरूरत पूरी कर सकते हैं, जहां हर बजट और पसंद के अनुसार शानदार विकल्प मिल जाते हैं

अपडेटेड Jun 15, 2026 पर 11:34 AM
भारतीय शादियों में बर्तनों का धार्मिक और पारंपरिक महत्व भी होता है।

घर में जब बेटी की शादी की बात हो तो तैयारियों का दौर महीनों पहले से शुरू हो जाता है। अमूमन लोग कपड़ों और गहनों की शॉपिंग पर तो काफी ध्यान देते हैं लेकिन विदाई के समय दिए जाने वाले बर्तनों की लिस्ट भी कुछ कम लंबी नहीं होती। नए घर में बेटी की गृहस्थी की शुरुआत को आसान बनाने के लिए आज भी हमारे समाज में किचन सेट, डिनर सेट, कुकर, भगोने, थाली सेट और रोजमर्रा के बर्तन देने की परंपरा है। अगर आप भी इस बड़ी खरीदारी के लिए बिल्कुल सही, मजबूत और किफायती बर्तनों की तलाश में हैं तो दिल्ली की तीन अलग-अलग मार्केट्स आपकी हर जरूरत को पूरा कर सकती हैं।

यहां थोक और रिटेल दोनों ही तरह से सामान खरीदने की सुविधा मिलती है। हमारे सहयोगी लोकल 18 में शिवांगी तिवारी की रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक आइए जानते हैं कि बर्तनों की अलग-अलग वैरायटी के लिए आपको दिल्ली के किन कोनों का रुख करना चाहिए।

डिप्टीगंज (सदर बाजार): जहां थोक के भाव में सज जाएगी पूरी रसोई


अगर आपकी लिस्ट बहुत लंबी है और आप सीधे बर्तनों के सबसे बड़े गढ़ से खरीदारी करना चाहते हैं तो सदर बाजार के नजदीक डिप्टीगंज मार्केट सबसे सटीक जगह है। यह पूरा बाजार बर्तनों के होलसेल व्यापार के लिए देश भर में अपनी पहचान रखता है। यहां बजट फ्रेंडली स्टील के बर्तन, कुकर, भगोने, थाली और तरह-तरह के गिफ्ट आइटम्स का अंबार लगा हुआ है। डिप्टीगंज की सबसे बड़ी यूनीकनेस यह है कि यहां एक ही कैटिगरी का सामान कई दुकानों पर बिकता है। इसका फायदा उठाकर आप आसानी से रेट्स को क्रॉस-चेक कर सकते हैं और जमकर मोलभाव भी कर सकते हैं।

चावड़ी बाजार: पारंपरिक और शुभ बर्तनों की तलाश होगी यहीं पूरी

भारतीय शादियों में बर्तनों का धार्मिक और पारंपरिक महत्व भी होता है। अगर आपका परिवार विदाई में तांबे या पीतल के बर्तन देना पसंद करता है तो पुरानी दिल्ली का चावड़ी बाजार आपकी पहली पसंद होना चाहिए। इस मार्केट में ट्रेडिशनल लुक और पारंपरिक नक्काशी वाले कॉपर (तांबा) और ब्रास (पीतल) के बर्तनों की बेहद समृद्ध रेंज मौजूद है। इन बर्तनों को न सिर्फ हमारी संस्कृति में बेहद शुभ माना जाता है बल्कि इनकी लाइफ इतनी लंबी होती है कि ये पीढ़ियों तक चलते हैं।

करोल बाग: जहां मिलेगा नई पीढ़ी की पसंद का मॉडर्न किचन सेट

अगर आप पुरानी परंपराओं से थोड़ा हटकर अपनी बेटी के लिए आधुनिक, ट्रेंडी और स्लीक डिजाइन वाले बर्तनों का सेट तैयार करना चाहते हैं तो आपको करोल बाग मार्केट की दुकानों पर जाना चाहिए। यह मार्केट खास तौर पर अपने मॉडर्न किचन आइटम्स, आकर्षक डिजाइन वाले डिनर सेट, कांच के स्टाइलिश ग्लास सेट और नॉन-स्टिक किचन अप्लाइमेंट्स के लिए जानी जाती है। डिप्टीगंज या चावड़ी बाजार के मुकाबले करोल बाग में कीमतों का ग्राफ थोड़ा ऊपर रह सकता है, लेकिन यहां मिलने वाली प्रीमियम क्वालिटी और शानदार इंटरनेशनल डिजाइन्स उस कीमत को पूरी तरह सही ठहराते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।