घर बैठे करें सोने की शुद्धता की जांच, खरीदने से पहले करें ये 5 टेस्ट, वरना होगा लाखों का नुकसान!

सोना खरीदते समय थोड़ी सी सावधानी आपको बड़ी ठगी से बचा सकती है। गहना असली है या नहीं, इसकी पहचान के लिए कुछ आसान बातों पर ध्यान देना जरूरी है। वहीं, खरीदारी से पहले हॉलमार्क और HUID जैसी जरूरी इनफार्मेशन चेक करके भी काफी हद तक भरोसा बढ़ाया जा सकता है।

अपडेटेड Sep 16, 2026 पर 1:20 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

सोना खरीदना हमारी खुशियों और परंपराओं से जुड़ा एक खास अहसास है। लेकिन मार्केट में सिर्फ चमक देखकर सोने की शुद्धता का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। आपकी जरा सी लापरवाही आपको नकली या कम शुद्ध सोना खरीदने के जाल में फंसा सकती है। ऐसे में खरीदारी के दौरान थोड़ी सी सावधानी रखना बेहद जरूरी है।

कुछ आसान तरीकों से आप सोने की टेस्टिंग का शुरुआती अंदाजा लगा सकते हैं और ठगी के खतरे को कम कर सकते हैं। सोना खरीदने से पहले किन बातों पर ध्यान देना चाहिए, इसकी जानकारी आपके काफी काम आ सकती है।

असली सोने की पहचान के आसान तरीके

1. BIS हॉलमार्क और HUID चेक करें


सोना खरीदते समय सबसे पहले गहने पर BIS हॉलमार्क, शुद्धता का निशान और 6 अंकों का HUID नंबर जरूर देखें। जैसे 22 कैरेट सोने पर 916 लिखा होता है। HUID नंबर को BIS Care App पर डालकर गहने की इनफार्मेशन भी चेक की जा सकती है।

2. मेग्नेट से करें टेस्टिंग

असली सोना मेग्नेट की तरफ नहीं खिंचता, क्योंकि सोना मेग्नेटिक मेटल नहीं है। घर पर टेस्टिंग के लिए गहने के पास मेग्नेट ले जाकर देख सकते हैं। यदि ज्वेलरी मेग्नेट से चिपकता या खिंचता है, तो उसमें दूसरी धातु की मिलावट हो सकती है।

3. सिरेमिक प्लेट से चेकिंग

इस टेस्ट के लिए बिना चमक वाली सिरेमिक प्लेट लें और गहने को उस पर बहुत हल्के हाथ से रगड़ें। पीले या सुनहरे रंग की लकीर दिखाई देती है, तो सोना असली होने की संभावना हो सकती है। वहीं काली या भूरी लकीर मिलने पर गहने की प्योरिटी को लेकर सावधान रहना चाहिए। ध्यान रखें कि इससे गहने पर खरोंच आ सकती है।

4. पानी से करें टेस्ट

सोना दूसरी कई धातुओं की तुलना में भारी होता है। इसलिए गहने को पानी से भरे बर्तन में डालने पर वह नीचे बैठ जाता है। अगर गहना पानी पर तैरता है या आसानी से ऊपर रहता है, तो नकली हो सकता है।

सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

पक्का बिल जरूर लें

सोना हमेशा भरोसेमंद और रजिस्टर्ड ज्वेलर से ही खरीदें। खरीदारी के बाद पक्का बिल जरूर लें, जिसमें सोने की प्योरिटी, वजन और कीमत साफ तौर पर लिखी हो। इससे आगे चलकर किसी तरह की परेशानी होने पर आपके पास गोल्ड खरीदने का प्रूफ भी रहेगा।

बहुत सस्ते ऑफर से सावधान रहें

यदि कोई दुकानदार मार्केट रेट से काफी कम कीमत में सोना देने का दावा कर रहा है, तो तुरंत भरोसा न करें। बहुत कम कीमत वाला ऑफर कई बार नकली सोने या कम प्योरिटी वाले गहने हो सकते है। खरीदारी से पहले कीमत और प्योरिटी की जानकारी जरूर चेक करें।

जल्दबाजी में फैसला न लें

ठगी करने वाले लोग कई बार जल्दी फैसला लेने के लिए प्रेशर बना सकते हैं या लिमिटेड टाइम का ऑफर बताकर आपको तुरंत खरीदारी के लिए कह सकते हैं। ऐसे में बिना पूरी जानकारी लिए पैसा न दें। खासकर बिना पते या सही जानकारी वाली ऑनलाइन दुकान से सोना खरीदने में सावधानी रखें।

यदि आपको इसके बाद भी गहने की प्योरिटी को लेकर जरा भी शक हो, तो सिर्फ घर में किये गए तरीको से फैसला न लें। ऐसे में आप ज्वेलर शॉप पर या टेस्टिंग सेंटर पर जाकर टेस्टिंग करवाएं। इससे सोने की प्योरिटी की सही जानकारी मिल सकती है और ठगी से बचने में भी मदद मिलती है। इसलिए सोना खरीदते समय थोड़ी सावधानी और सही वेरिफिकेशन आपको बाद की परेशानी से बचा सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।