मानसून में सांपों का ठिकाना बन सकती हैं ये 6 जगहें, सांपों की एंट्री रोकने का हैं ये फार्मूला!

सांप कभी भी इंसानों को ढूंढते हुए घर में नहीं आते, बल्कि वे खाने, पानी या छिपने की जगह के लिए आसपास पहुंचते हैं। घर में या आसपास कई चीजें छोटे जीवों को अट्रैक्ट कर सकती हैं, जिससे सांपों के आने की संभावना बढ़ सकती है। इसके अलावा घर की अंधेरी जगहें सांपों को छिपने की जगह दे सकती हैं। इसलिए कुछ टिप्स और ट्रिक्स की मदद से आप सांपों को दूर रख सकते है।

अपडेटेड Aug 31, 2026 पर 12:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

बारिश के मौसम में घर के आसपास सांप दिखाई देने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में ज्यादातर लोगों को लगता है कि सांप सिर्फ खेत, जंगल, झाड़ियों या जमीन के आसपास ही मिलेंगे, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। कई बार सांप घरों, गोदामों और यहां तक कि ऊंची इमारतों के फ्लैट तक भी पहुंच जाते हैं। इसके पीछे सिर्फ बारिश या छिपने की जगह नहीं, बल्कि घर के आसपास मौजूद कुछ चीजें भी हो सकती है।

सांपों की सूंघने की क्षमता काफी तेज होती है और वे गंध के सहारे आसपास के माहौल का अंदाजा लगा सकते हैं। यदि घर में चूहों की मौजूदगी, खाने की गंध, कचरा, नमी या ऐसी जगहें हैं जहां उनका शिकार आसानी से मिल सकता है, तो सांप उस तरफ आ सकते हैं। इसलिए मानसून में घर की सफाई के साथ-साथ ऐसी चीजों पर भी ध्यान देना जरूरी है, जो सांपों को घर के आसपास आने का कारण बन सकती हैं।

sanke 2

 चूहों की मौजूदगी बन सकती है खतरा


सांप हमेशा चूहों, छिपकलियों और दूसरे छोटे जीवों का शिकार करते हैं। यदि आपके घर के स्टोर रूम, किचन, बालकनी या आसपास चूहे ज्यादा है, तो सांप भी उस जगह भोजन की तलाश में आ सकते हैं। इसलिए खाने की चीजें खुली न छोड़ें, कचरा समय पर बाहर करें और घर में चूहों के छिपने की जगहों को बंद रखें।

 

घोंसलों पर भी मंडरा सकता है खतरा

बालकनी, छत या एसी की आउटर यूनिट के आसपास कबूतर और दूसरे पक्षी घोंसला बना लेते हैं। इन जगहों पर अंडे या छोटे पक्षी मौजूद हों तो वे कुछ सांपों के लिए खाना बन सकते हैं। इसलिए बालकनी और ऐसी जगहों की रेगुलर सफाई करें और पक्षियों के घोंसले बनने से रोकने के लिए सुरक्षित तरीके अपनाएं।

 

 नमी वाले कोनों पर रखें खास नजर

मानसून में घर के बाथरूम, ड्रेन, पाइप, स्टोर रूम और अंधेरे कोनों में नमी बढ़ जाती है। ऐसी जगहें सांपों के छिपने के लिए अच्छी हो सकती हैं। इसलिए घर में पानी जमा न होने दें और लगातार गीली रहने वाली जगहों की परेशानी दूर करें। ड्रेन और पाइप के आसपास सफाई रखें और जहां जरूरी हो, वहां जाली लगाकर सिक्योर करें।

 

पालतू जानवरों का खाना न छोड़ें खुला

घर में कुत्ता, बिल्ली या पक्षी पालते हैं तो उनके खाने के बाद बचा हुआ भोजन खुले में न छोड़ें। खाने की गंध छोटे जीवों और चूहों को अट्रैक्ट कर सकती है, और जहां शिकार आसानी से मिलता है, वहां सांप भी पहुंच सकते हैं। इसलिए पालतू जानवरों के खाने की जगह को रोज साफ करें, बचे हुए खाने को ढककर रखें और कूड़ेदान को भी खुला न छोड़ें।

 

कबाड़ और पत्तियों में मिल सकता है ठिकाना

बालकनी, स्टोर रूम, छत या घर के बाहर पुराने गत्ते, लकड़ी, ईंट, कबाड़, सूखी पत्तियां और बेकार सामान लंबे समय तक जमा न होने दें। ऐसे सामान के नीचे या बीच में सांप आसानी से छिप सकते हैं और वहां चूहे या दूसरे छोटे जीव भी अपना ठिकाना बना सकते हैं। इसलिए समय-समय पर इन जगहों की सफाई करें और बेकार सामान को हटाकर जगह को खुला रखें। गमलों के आसपास भी सूखी पत्तियों और घास का ढेर जमा न होने दें।

 

घर के रास्तों को ऐसे करें सुरक्षित

मानसून में बाथरूम, बालकनी और दूसरे ड्रेन के मुहाने पर मजबूत और बारीक जाली लगाना सही जो सकता है। साथ ही दरवाजों के नीचे की खाली जगह, दीवारों की दरारें और पाइप के आसपास के खुले हिस्सों को भी अच्छी तरह बंद रखें। सांपों को दूर रखने के लिए कपूर, सिरका या फिनाइल जैसी तेज गंध वाली चीजों पर डिपेंड रहने के बजाय घर की सफाई पर ज्यादा ध्यान दें।

 

मानसून में सांपों से बचाव के लिए सिर्फ दरवाजे बंद रखना काफी नहीं है। घर के आसपास सफाई रखें, कचरा जमा न होने दें, चूहों की मौजूदगी पर नजर रखें और झाड़ियों या कबाड़ को समय-समय पर हटाते रहें। यदि घर में सांप दिखाई दे, तो उसे खुद पकड़ने या भगाने की कोशिश न करें और उससे दूरी बनाकर लोकल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम या एक्सपर्ट की मदद लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।