गर्मियों का मौसम आते ही हर घर में फ्रिज की अहमियत और भी बढ़ जाती है। तेज़ गर्मी और लू से बचने के लिए लोग खाने-पीने की हर चीज को ठंडा और सुरक्षित रखने की कोशिश करते हैं, और इसके लिए सबसे आसान तरीका होता है — फ्रिज। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर चीज को फ्रिज में रखना सही नहीं होता? अक्सर लोग बिना सोच-विचार किए फल, सब्जियां, आटा और अन्य चीजें फ्रिज में रख देते हैं, जिससे वे खराब हो सकती हैं या उनमें मौजूद पोषक तत्व खत्म हो सकते हैं।
कुछ चीजों की संरचना ठंडे तापमान में बदल जाती है, जिससे उनका स्वाद, गुण और स्वास्थ्य पर पड़ने वाला असर भी प्रभावित होता है। इसलिए ये जानना जरूरी है कि किन चीजों को फ्रिज में रखने से परहेज करना चाहिए। आइए जानते हैं ऐसी 5 चीजों के बारे में जो फ्रिज में रखने लायक नहीं होतीं।
रात में आटा गूंथकर फ्रिज में रखना आम आदत है, लेकिन ये आदत सेहत को नुकसान पहुंचा सकती है। आटे को लंबे समय तक फ्रिज में रखने से उसमें मौजूद पोषक तत्व खत्म हो जाते हैं, जिससे उससे बनी रोटी फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकती है। इससे पेट दर्द, गैस या अपच की समस्या हो सकती है।
आलू को फ्रिज में रखना भी एक आम गलती है। ठंडे तापमान में आलू में मौजूद स्टार्च शक्कर में बदलने लगता है और स्वाद व पोषण दोनों पर असर पड़ता है। इसके अलावा आलू जल्दी सड़ने भी लगता है। बेहतर है कि आप आलू को सामान्य तापमान पर ही स्टोर करें।
प्याज और लहसुन को फ्रिज में रखने से वे नमी के कारण अंकुरित होने लगते हैं और जल्द खराब हो जाते हैं। साथ ही इनकी तेज गंध फ्रिज में रखी दूसरी चीजों पर भी असर डालती है, जिससे उनका स्वाद और खुशबू भी बिगड़ सकती है।
स्ट्रॉबेरी को फ्रिज में रखने से उसकी मिठास कम हो जाती है और वो जल्दी खराब हो सकती है। इस फल को ताजगी के साथ खाने के लिए बेहतर है कि इसे कमरे के तापमान पर ही रखें और जल्दी सेवन करें।
अक्सर लोग नींबू, मौसमी और संतरे को फ्रिज में स्टोर कर लेते हैं। लेकिन ऐसा करने से इन फलों का स्वाद फीका पड़ जाता है और इनमें मौजूद विटामिन-C भी कम हो सकता है। इसलिए इन फलों को फ्रिज में रखने के बजाय ठंडी और सूखी जगह पर स्टोर करें।