खूबसूरत अभिनेत्री तामन्ना भाटिया ने हाल ही में एक ऐसा स्किनकेयर सीक्रेट शेयर किया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। तामन्ना ने अपने एक इंटरव्यू में बताया कि वे सुबह ब्रश करने से पहले अपने चेहरे पर सुबह का थूक लगाती हैं ताकि पिंपल्स न हों। यह सुनकर कई लोग हैरान भी हुए और कुछ ने इसे असरदार भी कहा तो कुछ ने इसे जोखिम भरा बताया।
तामन्ना ने यह राज लल्लनटॉप के साथ बातचीत में खुलासा किया। जब उनसे पूछा गया कि वे पिंपल्स को कैसे कंट्रोल करती हैं तो उनका जवाब था, “थूक, सुबह के थूक, ब्रश करने से पहले।” उन्होंने हंसते हुए यह बात कही लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि उनका यह तरीका काम करता है। उन्होंने कहा कि सुबह के थूक में एंटी-बैक्टीरियल तत्व होते हैं जो चेहरे की स्किन को पिंपल्स से बचाते हैं।
सोशल मीडिया पर तामन्ना के इस टिप ने काफी चर्चा बटोरी। कई यूजर्स ने इससे सहमति जताई और बताया कि वे भी यह तरीका अपनाते हैं। कुछ लोगों ने पुराने घरेलू नुस्खों की तरह इसे आंखों के संक्रमण में भी कारगर माना। वहीं, कई लोग इस ‘थूक’ थैरपी को असुरक्षित बताते हुए वैज्ञानिक दृष्टिकोण से इसकी पुष्टि नहीं करते।
एक्सपर्ट्स के अनुसार, हां, लार में कुछ एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, लेकिन वे इतनी ताकतवर नहीं होते कि पिंपल्स के बैक्टीरिया को पूरी तरह खत्म कर सकें। पिंपल्स के पीछे केवल बैक्टीरिया नहीं होते, बल्कि बंद पोर्स, तैलीय त्वचा और सूजन जैसे कई कारण होते हैं जिन्हें लार ठीक नहीं कर पाती। इसलिए विशेषज्ञ इस पर पूरी तरह भरोसा करने की सलाह नहीं देते।
फिर भी, तामन्ना का यह सीक्रेट एक चर्चा का विषय बन गया है और लोगों के बीच अलग-अलग राय बनी है। तामन्ना ने यह भी बताया कि वे 24-25 की उम्र से ही अपनी त्वचा की खास देखभाल करती आई हैं और उम्र बढ़ने के असर को कम करने के लिए एंटी-एजिंग क्रीम का इस्तेमाल करना जरूरी मानती हैं। तामन्ना की यह अनोखी स्किनकेयर टिप सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रही है। चाहें यह तरीका कारगर हो या न हो, लेकिन इसने उनके फैन्स के बीच काफी उत्सुकता और बहस पैदा की है।