टेरेस गार्डन आईडिया: छत पर हरियाली और सेहत का पाएं डबल डोज! लगाएं ये 7 महकते पौधे

बारिश के मौसम में डेंगू और मच्छरों का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए घर और टेरेस के आसपास पानी जमा न होने देना सबसे जरूरी है। गमलों की प्लेट, बाल्टियों, पुराने डिब्बों और बंद नालियों की रेगुलर सफाई करें। तेज खुशबू वाले कुछ पौधे टेरेस को खूबसूरत और खुशबूदार बनाने के साथ मच्छरों को कम अट्रैक्ट करते हैं।

अपडेटेड Sep 03, 2026 पर 3:24 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

टेरेस पर पौधे लगाने से सिर्फ घर की खूबसूरती ही नहीं बढ़ती, बल्कि सुबह-शाम वहां बैठने का एहसास भी और बेहतर हो जाता है। इन पौधों में ऐसी किस्में शामिल हों, जिनसे ताजी और तेज खुशबू आती है, तो आपका छोटा सा टेरेस गार्डन और भी खास बन सकता है। यदि आप टेरेस को ग्रीन और फ्रेश लुक देना चाहते हैं, इन पौधों को अपने टेरेस पर लगा सकते हैं।

mosque

1. रोजमेरी: खुशबू के साथ किचन में भी काम आए

रोजमेरी देखने में सुंदर और खुशबूदार पौधा है। छोटे पौधे की कीमत करीब 100 से 300 रुपये हो सकती है। इसे 10 से 12 इंच के गमले में लगाएं, जिसमें पानी निकलने की अच्छी व्यवस्था हो। इसे भरपूर धूप दें और पानी तभी डालें जब मिट्टी की ऊपरी लेयर सूख जाए। इसकी खुशबूदार पत्तियों का इस्तेमाल खाना बनाने में भी किया जा सकता है।


2. लेमनग्रास: नींबू जैसी ताजी खुशबू

लेमनग्रास टेरेस गार्डन के लिए एक अच्छा पौधा है। इसकी पत्तियों से नींबू जैसी ताजी खुशबू आती है और इसका इस्तेमाल चाय बनाने में भी किया जा सकता है। छोटे पौधे की कीमत करीब 50 से 100 रुपये हो सकती है। इसे 10 से 12 इंच के गमले में लगाएं और रोज अच्छी धूप दें। मिट्टी में नमी रखें, लेकिन गमले में पानी जमा न होने दें।

3. गार्लिक क्रीपर: खुशबूदार फूलों वाली बेल

गार्लिक क्रीपर एक खूबसूरत बेल है, जिसकी पत्तियों को मसलने पर लहसुन जैसी खुशबू आती है। छोटे पौधे की कीमत करीब 100 से 300 रुपये हो सकती है। इसे 12 से 14 इंच के गमले में लगाएं और बढ़ने के लिए जाली या रेलिंग का सहारा दें। इसे अच्छी धूप पसंद है, लेकिन थोड़ी छाया भी सहन कर सकता है।

4. कैटनीप: खुशबूदार पत्तियों वाला पौधा

कैटनीप की पत्तियों से खास तरह की खुशबू आती है और इसे गार्डन में लगाया जाता है। इसे 8 से 12 इंच के गमले में उगाया जा सकता है। पौधे को अच्छी धूप दें और मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखें। इसकी देखभाल भी ज्यादा मुश्किल नहीं होती।

 

5. सिट्रोनेला घास: तेज खुशबू वाला पौधा

सिट्रोनेला घास की पत्तियों से तेज और ताजगी भरी खुशबू आती है, इसलिए इसे टेरेस गार्डन में लगाया जा सकता है। इसे 10 से 12 इंच के गमले में लगाएं और ऐसी जगह रखें जहां अच्छी धूप मिले। मिट्टी में नमी रखें, लेकिन पानी जमा न होने दें।

6. लैवेंडर: खूबसूरत फूल और शानदार खुशबू

लैवेंडर अपने बैंगनी फूलों और खास खुशबू के लिए जाना जाता है। छोटे पौधे की कीमत करीब 100 से 300 रुपये या इससे ज्यादा हो सकती है। इसे 10 से 12 इंच के ऐसे गमले में लगाएं, जिसमें पानी आसानी से निकल सके। इसे अच्छी धूप दें और जरूरत से ज्यादा पानी न डालें।

7. गेंदा: रंग-बिरंगे फूलों से सजाएं टेरेस

टेरेस को खूबसूरत और रंगीन बनाने के लिए गेंदा अच्छा ऑप्शन है। इसकी अलग-अलग किस्मों के पौधे करीब 20 से 80 रुपये में मिल सकते हैं। इसे 8 से 12 इंच के गमले में लगाएं और कम से कम 5 से 6 घंटे धूप दें। मिट्टी में पानी जमा न होने दें। गेंदे की खास खुशबू के कारण इसे बगीचे में कुछ कीड़ों को दूर रखने के लिए भी लगाया जाता है।

इन सात पौधों की मदद से आप अपनी छत को हरा-भरा, खूबसूरत और खुशबूदार बना सकते हैं। कुछ पौधे अपनी तेज खुशबू के कारण मच्छरों और दूसरे कीड़ों को कम अट्रैक्ट करते हैं। सिर्फ पौधे लगाना ही काफी नहीं है। छत पर कहीं भी पानी जमा न होने दें और गमलों की रेगुलर सफाई करते रहें, ताकि मच्छरों को पनपने की जगह न मिले।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।