Hair Care: बालों की खूबसूरती का असली राज है आपकी डाइट, सही आहार से पाएं घने और मजबूत बाल

Hair Care: हमारे बाल का सबस अहम हिस्सा होता है प्रोटीन । अगर आपकी डाइट में भरपूर प्रोटीन नहीं है, तो बाल कमजोर, बेजान और जल्दी टूटने वाले हो जाते हैं। आप अपनी डाईट से अपने बालों की हेल्थ का ध्यान रख सकते हैं। प्रोटीन के लिए आप अंडा, दूध, दही, चिकन, मछली जैसे बादाम या मूंगफली जरूर खाएं।

अपडेटेड Aug 12, 2025 पर 2:51 PM

बालों की असली खूबसूरती सिर्फ महंगे शैंपू या ट्रीटमेंट्स से नहीं बल्कि हमारे रोजमर्रा के खाने-पीने से तय होती है। हमारे बाल मुख्य रूप से 'केराटिन' नामक प्रोटीन से बने होते हैं, और अगर हमारी डाइट में पर्याप्त प्रोटीन नहीं है तो बालों में मजबूती, चमक और तेजी से बढ़ने की क्षमता कम हो सकती है। अंडा, दूध, दही, दालें, मछली और मेवे जैसे बादाम या मूंगफली प्रोटीन के बेहतरीन स्रोत हैं। इसके साथ ही विटामिन A भी बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि यह स्कैल्प में प्राकृतिक तेल यानी सीबम का उत्पादन करता है, जो बालों को नमी देता है। गाजर, शकरकंद, पालक और पत्तेदार सब्जियां विटामिन A की कमी को पूरा करने में सहायक होती हैं।

आयरन भी बालों के स्वास्थ्य में अहम भूमिका निभाता है क्योंकि यह बालों की जड़ों तक ऑक्सीजन पहुंचाने में मदद करता है। इसकी कमी, खासकर महिलाओं में बाल झड़ने का एक बड़ा कारण है। हरी पत्तेदार सब्जियां, चुकंदर, दालें, अनाज और सोयाबीन आयरन के अच्छे स्रोत हैं। वहीं, विटामिन C शरीर में आयरन के अवशोषण को बेहतर बनाता है और बालों की कोशिकाओं को नुकसान से बचाता है। संतरा, आंवला, कीवी, पपीता और नींबू इसके प्रमुख स्रोत हैं।

जिंक भी बालों के विकास के लिए जरूरी है जिसकी कमी से बाल कमजोर होकर झड़ने लगते हैं। साबुत अनाज, अंडा, दालें और कद्दू के बीज से आप जिंक की मात्रा पूरी कर सकते हैं। इसके अलावा ओमेगा-3 फैटी एसिड, जो अलसी, अखरोट, चिया सीड्स और मछली में पाए जाते हैं, बालों को चमक, कोमलता और मजबूती देने में मदद करते हैं। विटामिन B और बायोटिन भी बालों की जड़ों तक पोषण और ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाते हैं, जिससे बाल स्वस्थ बढ़ते हैं।


सिर्फ पोषक तत्व ही नहीं बल्कि पर्याप्त पानी पीना भी उतना ही जरूरी है, क्योंकि शरीर में पानी की कमी से बाल सूखे और बेजान दिख सकते हैं। दूसरी ओर जंक फूड, अधिक चीनी और प्रोसेस्ड खाने से शरीर में सूजन और हार्मोनल असंतुलन हो सकता है, जो बालों के लिए हानिकारक है। इसलिए अगर आप वास्तव में अपने बालों की सेहत और खूबसूरती बरकरार रखना चाहते हैं, तो किचन से शुरुआत करें। सही और संतुलित आहार से ही बालों में स्थायी मजबूती और सुंदरता आ सकती है, क्योंकि असली हेयर केयर ट्रीटमेंट में नहीं बल्कि आपकी थाली में छुपा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।