आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखना एक मुश्किल काम बन गया है। ऐसे में कई लोग हेल्दी चीजों की ओर रुख कर रहे हैं। आपके किचन में ही कई ऐसी चीजें है, जो हेल्दी के साथ आपके स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद भी है। हम सबके घर में प्याज इस्तेमाल होता है। प्याज एक ऐसी ही चीज है जो न सिर्फ खाने में स्वाद बढ़ाता है, बल्कि शरीर की सेहत सुधारने में भी मददगार साबित होता है। इसमें मौजूद खास पोषक तत्व, जैसे प्लांट कंपाउंड्स, विटामिन्स और मिनरल्स पाए जाते है, जिसकी वजह से इसको अपने डाइट में शामिल करना आपके लिए हेल्दी ऑप्शन है।
प्याज के साथ-साथ प्याज का पानी भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। ये इम्यून सिस्टम को मजबूत करने, हाई ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने और बैक्टीरियल इन्फेक्शन से बचाव में कारगर होता है। अगर आप डैंड्रफ, स्किन इंफेक्शन या कमजोर इम्यूनिटी से परेशान हैं, तो प्याज के पानी को अपनी डाइट में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।
प्याज में मौजूद क्वेरसेटिन एक प्रभावी एंटीऑक्सीडेंट होता है, जो शरीर की कोशिकाओं को बाहरी नुकसान से सुरक्षित रखने में मदद करता है। जिन लोगों को त्वचा पर बार-बार खुजली, फंगल इन्फेक्शन या सिर में डैंड्रफ की समस्या होती है, उनके लिए प्याज एक कारगर घरेलू उपाय हो सकता है, जो स्किन और स्कैल्प की सेहत सुधारने में सहायक साबित होता है।
पेट से जुड़ी समस्याएं जैसे बार-बार दस्त, डायरिया, उल्टी या पेट दर्द कई बार इंफेक्शन के कारण हो सकती हैं। ऐसे में प्याज से बना पानी पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है, क्योंकि यह पाचन एंजाइमों के स्राव को बढ़ावा देता है। इसके नियमित सेवन से न केवल गैस और अपच जैसी समस्याओं में राहत मिलती है, बल्कि पेट को संक्रमण से बचाने में भी सहायता मिलती है।
महिलाओं में यूरिन में इंफेक्शन की समस्या आम हो गई है। इससे राहत पाने के लिए घरेलू उपायों में प्याज से बनी ड्रिंक काफी असरदार मानी जाती है। यह न केवल संक्रमण से लड़ने में मदद करती है, बल्कि हार्ट के स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होती है। प्याज में मौजूद ऑर्गेनोसल्फर यौगिक, हल्दी के साथ मिलकर, हाई ब्लड प्रेशर और बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में भी सहायक हो सकते हैं।
हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक, प्याज और हल्दी से बनी एक खास ड्रिंक इम्यून सिस्टम को मजबूत करने और बार-बार होने वाले इंफेक्शन्स से बचाने में असरदार हो सकती है। इसके लिए एक गिलास हल्के गर्म पानी में प्याज के कुछ स्लाइस और थोड़ी सी हल्दी मिलाकर कुछ घंटों तक छोड़ देना चाहिए। फिर इसे पी लेने से शरीर को प्राकृतिक एंटीबैक्टीरियल सुरक्षा मिलती है, जिससे बार-बार होने वाली बीमारियों से बचाव संभव है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।