बालकनी में अपने हाथों से उगाई गई चीजों से पिज्जा बनाना एक अलग ही तरह की खुशी देता है। पिज्जा के लिए ताजी तुलसी, लाल-लाल टमाटर या हरी मिर्च घर की बालकनी से ही मिल जाए, तो खाने का मजा और बढ़ जाता है। इसके लिए बड़े गार्डन या बहुत ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होती। थोड़ी-सी जगह में कुछ गमले रखकर भी इसकी शुरुआत की जा सकती है।
गमलों में सही पौधे लगाकर और उनकी धूप, पानी व मिट्टी का ध्यान रखकर छोटी बालकनी में भी अच्छी हरियाली तैयार की जा सकती है। शुरुआत में पौधों की देखभाल थोड़ी मेहनत वाली लग सकती है, लेकिन धीरे-धीरे यह आसान हो जाती है। इससे बालकनी खूबसूरत दिखने के साथ पिज्जा और दूसरी डिशेज के लिए कुछ ताजी चीजें भी घर पर ही मिल सकती हैं।
1. शिमला मिर्च और हरी मिर्च
पिज्जा में शिमला मिर्च और हरी मिर्च का टेस्ट बहुत ही अच्छा लगता है और तीखेपन के लिए जरुरी है। इन दोनों पौधों को धूप वाली जगह पसंद होती है, इसलिए इन्हें ऐसी जगह रखें जहां दिन में करीब 6 से 8 घंटे अच्छी धूप मिल सके। एक पौधे के लिए 10-12 इंच का गमला ले सकते हैं। मिट्टी भुरभुरी रखें और उसमें जरूरत के हिसाब से कंपोस्ट मिलाएं, ताकि पौधे को अच्छी खुराक मिलती रहे। पानी देते समय इस बात का ध्यान रखें कि मिट्टी में पानी जमा न हो।
लहसुन और प्याज ऐसी चीजें हैं, जिन्हें घर के गमलों में उगाना आसान हो सकता है। लहसुन लगाने के लिए कली लें और उसे नुकीले हिस्से को ऊपर रखते हुए मिट्टी में करीब 2-3 इंच गहरा दबा दें। प्याज को छोटे पौधे या प्याज के सेट से भी उगाया जा सकता है। दोनों के लिए थोड़ा गहरा गमला और ऐसी मिट्टी रखें जिसमें पानी आसानी से निकल जाए। इन्हें अच्छी रोशनी वाली जगह पर रखें और मिट्टी को हल्का नम बनाए रखें। ज्यादा पानी देने से बचें।
पिज्जा गार्डन में टमाटर होना बहुत ही जरुरी है। बालकनी में टमाटर उगाने के लिए सबसे पहले ऐसी जगह चुनें जहां पौधे को दिनभर में करीब 6 से 8 घंटे धूप मिल सके। इनके लिए बड़ा गमला लेना अच्छा रहेगा, जिसमें पौधे की जड़ें आसानी से फैल सकें और एक्स्ट्रा पानी बाहर निकलता रहे। टमाटर के पौधे में फूल और फल आने शुरू हों, तो समय-समय पर कंपोस्ट दे सकते हैं। पौधा बड़ा होने पर उसे सहारा देने से उसकी टहनियां टूटे नहीं।
4. पालक
पालक पिज्जा की एक हेल्दी और स्वादिष्ट टॉपिंग हो सकती है। आप इसे गमले में आसानी से उगाया जा सकता है। इसके लिए बहुत बड़े गमले की जरूरत नहीं होती। गमले में अच्छी मिट्टी और कंपोस्ट डालें और उसे ऐसी जगह रखें, जहां पौधे को रोशनी मिल सके। मिट्टी सूखी लगे तो हल्का पानी दें, लेकिन गमले में पानी जमा न होने दें। पालक की पत्तियां तैयार होने पर जरूरत के हिसाब से ताजी पत्तियां तोड़कर पिज्जा में इस्तेमाल कर सकते हैं।
मशरूम पिज्जा की पसंदीदा टॉपिंग में से एक है और इसका स्वाद पिज्जा को काफी अच्छा बना देता है। बालकनी में मशरूम उगाने के लिए तैयार मशरूम ग्रोइंग किट लेना ज्यादा आसान तरीका है। किट को धूप से दूर, साफ और नमी वाली जगह पर रखें और देखभाल करें। कुछ समय बाद तैयार मशरूम को तोड़कर ताजा इस्तेमाल किया जा सकता है।
इस तरह आप थोड़े पौधों से शुरुआत करके गमलों से ही अपना छोटा-सा पिज्जा गार्डन तैयार कर सकते हैं। पौधों की देखभाल करते-करते जब आपको उनकी जरूरत समझ आने लगे, तो और भी सब्जियां लगा सकते हैं। थोड़ी सी मेहनत से बालकनी खूबसूरत भी दिखेगी और ताजी सब्जी भी मिलती रहेगी।